Loading

22 February 2017

समाचार : -

  • राष्‍ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने न्‍यायिक व्‍यवस्‍था में सुधार की आवश्‍यकता पर जोर दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा-सक्षम प्रशासन न्‍यायपालिका के बोझ को घटा सकता है।
  • उत्‍तर प्रदेश विधानसभा के चौथे चरण में 53 सीटों के लिए कल मतदान होगा। स्‍वतंत्र और निष्‍पक्ष मतदान के सभी इंतजाम पूरे। 
  • निर्वाचन आयोग ने कहा- आर्थिक नाकेबंदी का मणिपुर में  चुनाव प्रक्रिया पर असर नहीं।
  • सरकार ने कहा - एक हजार रूपये के नये नोट जारी करने की कोई योजना नहीं।
  • केन्‍द्रीय मंत्रिमण्‍डल ने देश में दीर्घावधि ऊर्जा सुरक्षा के लिए   सोलर परियोजना और सोलर पार्कों की क्षमता बढ़ाने को मंजूरी दी।
  • भारत ने चीन से फिर कहा - जैश-ए-मोहम्‍मद  सरगना मसूद अजहर को तत्‍काल प्रतिबंधित आतंकवादी घोषित किया जाए।
  • भारत तथा ऑस्‍ट्रेलिया के बीच चार टैस्‍ट मैचों की श्रृंखला का पहला मैच कल से पुणे में।    

  • ---------
राष्‍ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने न्‍यायपालिका को और ज्‍यादा कारगर बनाने के लिए सुधारों का समर्थन किया है। राष्‍ट्रपति भवन में आज शाम एक पुस्‍तक विमोचन के अवसर पर श्री मुखर्जी ने कहा कि प्रत्‍येक व्‍यवस्‍था में समय के साथ सुधारों की आवश्‍यकता होती है। उन्‍होंने इस बात का भी उल्‍लेख किया कि बिना पर्याप्‍त संसाधनों के सफलतापूर्वक न्‍यायिक सुधारों को नहीं लाया जा सकता। श्री मुखर्जी ने देश की विभिन्‍न न्‍यायालयों में न्‍यायाधीशों के खाली पड़े पदों को लेकर चिंता व्‍यक्‍त की और कहा कि इस मुद्दे को हल करने के लिए एक व्‍यवस्‍था बननी चाहिए। देश में प्रतिभाशाली लोगों की कोई कमी नहीं है। इस असवर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सक्षम प्रशासन के माध्‍यम से मुकदमों की संख्‍या कम की जा सकती है और इससे न्‍यायपालिका पर आ रहे मुकदमों के अनावश्‍यक बोझ कम होगा। उन्‍होंने दुनिया के मिज़ाज को देखते हुए व्‍यवस्‍था में परिवर्तन लाने की आवश्‍यकता पर बल दिया।
एफीसेंस गवर्ननेंस जूडीसिरी का बोझ बहुत कम कर सकता है। एण्‍ड वेन आई से एफीसेंस गवर्ननेंस तो मैं कानून की ड्राफ्टिंग से लेकर के  इम्‍पलिमेंटिंग ऑर्थोरिटी तक की सारी लिंक देखता हूं। 
प्रधान न्‍यायाधीश जे एस खेहर ने अपने संबोधन में कहा कि न्‍याय प्रेरणात्‍मक है,जबकि न्‍यायिक सुधार सिर्फ आकांक्षा है। न्‍यायमूर्ति खेहर ने आशवस्‍त किया कि शीर्ष न्‍यायालय लंबित पड़े मुकदमों के जल्‍द निपटारे के लिए हर संभव प्रयास करेगा। उन्‍होंने कहा कि न्‍यायधीशों की तैनाती का मामला अगले दो हफ्तों में हल हो जाने की आशा है। विधि मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि कानून का मामला उन लोगों पर छोड़ देना चाहिए,जिन्‍हें कानून बनाने के लिए चुना गया है।
---------
उत्‍तर प्रदेश में चौथे चरण के मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। इस चरण में 12 जिलों की 53 सीटों के लिए कल वोट डाले जाएंगे। जिन जिलों में चुनाव होने हैं वे हैं- इलाहाबाद, चित्रकूट, बांदा, फतेहपुर, हमीरपुर, जालौन, झासी, कोशांबी, ललितपुर, महोबा, प्रतापगढ़ और रायबरेली। इस चरण में एक करोड़ 84 लाख से भी ज्‍यादा मतदाता 50 महिला उम्‍मीदवारों सहित छह सौ 80 उम्‍मीदवारों के राजनीतिक भविष्‍य का फैसला करेंगे। सुचारू मतदान के लिए 19 हजार चार सौ 87 केंद्र बनाए गए हैं। पोलिंग पार्टियां अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना हो गई है। कल सुबह सात बजे से वोट डाले जाएंगे। स्‍वतंत्र, निष्‍पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा के व्‍यापक इंतजाम किए गए हैं। अंतर्राज्‍यीय और अंतरजनपदीय सीमाओं को सील कर दिया गया है। आने-जाने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की विशेष रूप से तैनाती की गई है। बहुजन समाज पार्टी जहां सभी 53 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, भारतीय जनता पार्टी ने 48 सीटों पर अपने उम्‍मीदवार उतारे हैं। छह सीटों पर उसकी सहयोगी पार्टी अपना दल चुनाव लड़ रहा है। समाजवादी पार्टी 30 सीटों पर अपनी किस्‍मत आजमा रही है, जबकि उसकी सहयोगी कांग्रेस को 25 सीटों पर चुनाव लड़ने का मौका मिला है। झांसी में भी कल होने वाले मतदान को लेकर सभी तैयारियां पूरी है। हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि मध्‍यप्रदेश से लगने वाली सीमाओं को सील कर दिया गया है और कड़ी चौकसी बरती जा रही है।
झांसी जिले की गरोठा, बगीना, झांसीनगर और मऊरानीपुर विधानसभा सीटों पर कुल 1542 मतदान केन्‍द्र बनाए गए हैं। हर विधानसभा क्षेत्र में दस-दस आदर्श मतदान केन्‍द्र बनाए गए हैं। मतदान केन्‍द्रों पर दिव्‍यांगों के लिए खास इंतजाम किए गए हैं। 56 गांव संवेदनशील चिन्हित किए गए हैं जहां अत्‍याधिक सतर्कता बरती जा रही है। सुरक्षा बलों ने मतदाताओं के विश्‍वास जगाने के लिए फ्लैग मार्च निकाले हैं। वहीं चुनाव आयोग के उडन दस्‍ते इस बात पर निगाहा रखे हुए हैं कि कोई  मतदाता को गलत तरीकों का इस्‍तेमाल कर प्रभावित न कर सके। शारिक नूर आकाशवाणी समाचार झांसी।
लखनऊ से हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि सभी प्रमुख राजनीतिक दलों ने विधानसभा चुनाव के शेष बचे तीन चरणों के लिए अपने-अपने प्रचार अभियान में एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया है।
भारतीय जनता पार्टी के अध्‍यक्ष अमित शाह ने आज सुल्‍तानपुर, आजमगढ़ और गोरखपुर में रैलियों को संबोधित किया और समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी पर तीखे हमले किए। उन्‍होंने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर भ्रष्‍टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाया और अपनी सरकार के भ्रष्‍ट मंत्रियों को चुनाव में उम्‍मीदवार बनाने पर उनकी तीखी आलोचना की। बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने फैजाबाद की अपनी रैली में भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी पर लोगों को कोरे आश्‍वासनों के नाम पर गुमराह करने का आरोप लगाया। समाजवादी प्रमुख अखिलेश यादव ने भी आज बहराइच, सावती और गोंडा जिलों में कई रैलियों को संबोधित किया। उन्‍होंने अपनी सरकार की कथित उपलब्धियों की चर्चा करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी और बहुजन समाज पार्टी लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रही हैं। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी कल बहराइच और बस्‍ती में दो रैलियों को संबोधित करेंगे। सुनील शुक्‍ल आकाशवाणी समाचार लखनऊ। 
----------
कांग्रेस अध्‍यक्ष सोनिया गांधी ने केन्‍द्र पर उत्‍तर प्रदेश में कुछ क्षेत्रों के लोगों के साथ भेदभाव बरतने का आरोप लगाया है। श्रीमती गांधी ने कहा कि मौजूदा सरकार उद्योगपतियों के हित में काम कर रही है और गरीबों की अवहेलना हो रही है।
----------
निर्वाचन आयोग इस बात को लेकर आश्‍वस्‍त है कि मणिपुर में चल रही आर्थिक नाकेबंदी का राज्‍य की चुनाव प्रक्रिया पर असर नहीं पड़ेगा। मुख्‍य निर्वाचन आयुक्‍त नसीम जैदी ने आज इम्‍फाल में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि राज्‍य सरकार ने इस बारे में आयोग को आश्‍वासन दिया है, जिसे सभी वर्गों से सहयोग मिलेगा। श्री जैदी ने कहा कि राज्‍य में स्‍वतंत्र और निष्‍पक्ष चुनाव के लिए सारे प्रबंध कर लिए गए हैं।
-----------
सरकार ने कहा है कि एक हजार रूपये के नये नोट जारी करने की कोई योजना नहीं है। आर्थिक मामलों के सचिव शक्तिकांत दास ने ट्वीट कर कहा है कि सरकार का ध्‍यान पांच सौ रूपये और इससे कम मूल्‍य के नोट छापने और उनकी आपूर्ति करने पर केन्द्रित है। उन्‍होंने कहा कि एटीएम में नकदी की कमी की शिकायतों को दूर किया जा रहा है।
-----------
केन्‍द्रीय मंत्रिमंडल ने सौर ऊर्जा पार्क और बड़ी सौर ऊर्जा परियोजनाओं के विकास के लिए सौर उर्जा क्षमता बीस हजार मेगावाट से बढ़ा कर चालीस हजार मेगावाट करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। श्री गोयल ने कहा कि क्षमता बढ़ाने से देश के विभिन्‍न हिस्‍सों में पांच सौ मेगावाट के पचास सौर ऊर्जा पार्क स्‍थापित करने में मदद मिलेगी। उन्‍होंने कहा कि मंत्रिमंडल के इस फैसले से देश में दीर्घावधि सौर ऊर्जा सुरक्षा में योगदान मिलेगा।
प्रधानमंत्री जी ने इच्‍छा जाहिर की कि जितने एयरपोर्ट्स हैं उन सब पर हम तेज गति से सौर ऊर्जा का इस्‍तेमाल करें। रनवे के बाजू में खाली रहती है उसके ऊपर भी, साथ ही साथ उन्‍होंने  यह इच्‍छा जाहिर की कि  अलग अलग स्‍थान जहां पर बडे रूफ टॉप मिलते हैं क्‍यों न हम सभी स्‍टेडियम्‍स  के ऊपर रूफ टॉप सोलर को प्रोत्‍साहन दें। अलग-अलग तरीके से सरकार रूफ टॉप सोलर में और तेजी से प्रगति कर रही है।
बिजली मंत्री ने कहा कि इससे प्रत्‍यक्ष और परोक्ष रूप से रोजगार के अवसर पैदा होंगे। मंत्रिमंडल ने नागरिक उड्डयन सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग के लिए भारत और ऑस्‍ट्रेलिया के बीच समझौता ज्ञापन का भी अनुमोदन किया।
-----------
भारत ने चीन से एक बार फिर कहा है कि जैश-ए-मोहम्‍मद  सरगना मसूद अजहर को तत्‍काल प्रतिबंधित आतंकवादी घोषित किये जाने की आवश्‍यकता है। विदेश  सचिव एस. जयशंकर ने आज पेईचिंग में चीन के विदेश सचिव झांग येसुई के साथ बातचीत के दौरान कहा कि अजहर की तलाश भारत के अलावा अन्‍य देशों को भी है। चीन द्वारा अजहर के संबंध में ठोस सबूत मांगे जाने के बारे में विदेश सचिव ने कहा कि यह तथ्‍य कि संयुक्‍त राष्‍ट्र प्रतिबंध समिति में अन्‍य देश भी इस मांग को स्‍वीकार करने पर जोर दे रहे हैं, दर्शाता है कि अजहर की गतिविधियों के बारे में अंतर्राष्‍ट्रीय स्‍तर पर व्‍यापक चिंताएं जताई जा रही हैं और इस मांग को व्‍यापक समर्थन प्राप्‍त है। परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह के मुद्दे पर श्री जयशंकर ने बताया कि चीन ने कहा कि इस समूह में भारत की सदस्‍यता के आवेदन पर विचार किया जा सकता है, लेकिन  उसकी प्रक्रिया के बारे में चीन के विचार अन्‍य सदस्‍य देशों से कुछ अलग हैं। श्री जयशंकर ने कहा कि भारत की चिंताओं और प्राथमिकताओं को साझा करने के लिए चीन की उनकी यह यात्रा उपयोगी रही है।
----------
भारत और ऑस्‍ट्रेलिया के बीच चार क्रिकेट टैस्‍ट मैचों की श्रृंखला का पहला मैच कल से पुणे में खेला जायेगा। भारतीय टीम कोहली के नेतृत्व में 19 टेस्ट मैचों से अपराजेय बनी हुई है और वह घरेलू मैदान पर अपने शानदार प्रदर्शन को बरकरार रखना चाहेगी। ऑस्‍ट्रेलियाई टीम ने 2004-2005 के बाद भारत में कोई टैस्‍ट नहीं जीता है।
----------
बम्‍बई शेयर बाजार का संवेदी सूचकांक आज एक सौ तीन अंक की बढ़त के साथ 28 हजार आठ सौ 65 पर बंद हुआ। नेशनल स्‍टॉक एक्‍सचेंज का निफ्टी भी 19 अंक बढ़कर आठ हजार नौ सौ 27 पर बंद हुआ।
------------
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, आज अपने साप्‍ताहिक कार्यक्रम चर्चा का विषय है के अंतर्गत भारतीय बैंकों की वर्तमान चुनौतियां और समाधान विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। इसे रात साढे नौ बजे से एफ एम गोल्ड चैनल, इन्द्रप्रस्थ और अतिरिक्त मीटरों पर सुना जा सकेगा। 
---------
प्रख्यात सैकत शिल्पी सुदर्शन पटनायक ने आज आकाशवाणी के समाचार सेवा प्रभाग के महानिदेशक से मुलाकात की। बाद में आकाशवाणी संवाददाताओं से बात करते हुये श्री पटनायक ने अपनी कलाकृतियों के बारे में बताया। ओडि़सा में पुरी समुद्र तट पर बनाई गई उनकी कलाकृति को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्‍ड रिकार्ड में स्‍थान मिला है। इसमें उन्‍होंने विश्‍व शांति का संदेश दिया था।
--------

No comments:

Post a Comment