Loading

09 March 2017

समाचार

  • एक महीने के अवकाश के बाद संसद के बजट सत्र का दूसरा भाग आज से शुरू हो रहा है।
  • उत्तर प्रदेश के अम्बेडकर नगर ज़िले में आलापुर और उत्तराखंड में कर्णप्रयाग विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिये मतदान जारी। मणिपुर में आठ विधानसभा क्षेत्रों के 34 मतदान केंद्रों पर भी पुनर्मतदान जारी।
  • उत्तर प्रदेश पुलिस ने कल लखनऊ में मुठभेड़ में मारे गये कथित आतंकी सैफुल्लाह का संबंध आतंकी गुट इस्लामिक स्टेट से होने से इनकार किया।
  • केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड-सी.बी.एस.ई. की दसवीं और बारहवीं कक्षा की परीक्षाएं आज से शुरू हो रही है।
  • पीवी सिंधु, सायना नेहवाल और एच.एस. प्रणय ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन के प्री क्वॉर्टर फाइनल में पहुंचे।
----------
एक महीने के अवकाश के बाद संसद के बजट सत्र का दूसरा भाग आज से शुरू हो रहा है। सत्र 12 अप्रैल तक चलेगा। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इस दौरान वित्त विधेयक-2017 पारित कराने के अलावा सरकार बहुप्रतीक्षित वस्तु और सेवा कर-जी.एस.टी. संबंधी विधेयकों को पारित कराना चाहेगी।
संसद के बजट सत्र का पहला भाग 31 जनवरी से 9 फरवरी तक चला था। उस दौरान आम बजट पेश किया गया और संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया गया था। अमान्य किये गये पाँच सौ और एक हजार रुपये के पुराने नोटों  के इस्तेमाल से समानान्तर अर्थव्यवस्था चलाए जाने की आशंका को खत्म करने के लिए संसद में विशिष्ट बैंक नोट दायित्वों की विमुक्ति अधिनियम, 2017 को पारित किया गया था। विपक्ष विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरने की कोशिश करेगी। हालांकि सरकार के खिलाफ विपक्ष की एकजुटता का पता विधानसभा चुनाव परिणामों के बाद चल पाएगा। आनन्द कुमार के साथ अनुपम मिश्र, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
लोकसभा में आज मातृत्व लाभ संशोधन विधेयक-2016 और समुद्री दावों के न्यायाधिकार क्षेत्र तथा निपटान संबंधी नौवहन विधेयक-2016 विचार और पारित कराने के लिये रखे जाएंगे।
राज्य सभा में वित्त मंत्री के बजट भाषण पर बहस फिर शुरु होने की उम्मीद है। शत्रु संपत्ति संशोधन और मान्यता विधेयक-2016 पर विचार और पारित कराने का भी कार्यक्रम है।
----------
उत्‍तर प्रदेश के अम्‍बेडकर नगर जिले में आलापुर और उत्‍तराखंड में कर्ण प्रयाग विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में आज वोट डाले जा रहे हैं। मतदान शाम पांच बजे तक चलेगा। समाजवादी पार्टी के उम्‍मीदवार के निधन के कारण आलापुर में चुनाव स्‍थगित कर दिये गए थे, जबकि कर्णप्रयाग में बहुजन समाज पार्टी के उम्‍मीदवार की मृत्‍यु के बाद चुनाव रोक दिया गया था। उत्तराखण्ड से हमारे संवाददाता ने बताया है कि जैसे-जैसे मौसम साफ होगा मतदान की प्रक्रिया में और तेजी आने की उम्‍मीद है।
चमौली जिले के कर्णप्रयाग सीट पर आज सुबह मतदान शांतिपूर्ण ढंग से शुरु हो चुका है। यहाँ मुख्य मुकाबला कांग्रेस प्रत्याशी और वर्तमान विधायक अनुसुईया प्रसाद मुखारी और भाजपा के सुरेन्द्र सिंह नेगी के बीच है। आज के चुनाव में कुल 91 हजार आठ सौ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए एक सौ उनहत्तर पोलिंग बूथ बनाए गये हैं, जिनमें से 28 बूथ संवेदनशील और पाँच बूथ हिमाचल के हैं। संजीव सुन्दरियाल, आकाशवाणी समाचार, देहरादून।
कल उत्‍तर प्रदेश और मणिपुर में विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण का मतदान हुआ। उत्‍तर प्रदेश में सातवें और अंतिम चरण में साठ प्रतिशत से अधिक वोट डाले गये, जबकि मणिपुर में दूसरे और अंतिम चरण में 86 प्रतिशत वोट पड़ने की खबर है।
आज के मतदान के बाद सभी पांचों राज्‍यों - उत्‍तर प्रदेश, उत्‍तराखंड, पंजाब, गोआ और मणिपुर में मतदान प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। मतगणना शनिवार को होगी।
----------
मणिपुर में आठ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के 34 मतदान केन्‍द्रों पर आज दोबारा वोट डाले जा रहे हैं। इन मतदान केन्‍द्रों पर पहले चरण में वोट डाले गए थे। मतदान दोपहर बाद तीन बजे तक चलेगा। चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी पाये जाने के बाद पुनर्मतदान के आदेश दिये गए थे।
----------
उत्तर प्रदेश पुलिस ने कहा है कि लखनऊ के बाहरी इलाके में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में मारे गये कथित आतंकी सैफुल्लाह का संबंध आतंकी गुट इस्लामिक स्टेट से नहीं था। कानून व्यवस्था के अपर पुलिस महानिदेशक दलजीत चौधरी ने संवाददाताओं से बातचीत में इन खबरों का भी खंडन किया कि सैफुल्लाह ने आतंकी गुट से आर्थिक मदद ली।
पुलिस पार्टी ने एक रेड डाली थी, जिसमें एक सेल्फ-रैडिक्लाइज्ड एक यूथ था, के साथ एक मुठभेड़ में जो काफी देर तक चली। उसके पास से आठ पिस्टल्स, काफी मात्रा में बम बनाने का मैटिरियल बरामद हुआ था। इसके अलावा और जिलों में भी दबिश गई थी, जहाँ से भी काफी लोग गिरफ्तार हुए हैं। सभी अभियुक्तों को कोर्ट में पेश करेंगे। ये किसी विशेष संस्था से कोई भी लिंक नहीं पाया गया है।
सैफुल्लाह के पिता ने यह कहते हुए उसका पार्थिव शरीर लेने से इंकार कर दिया है कि देशद्रोही उसका बेटा नहीं हो सकता।
सैफुल्लाह और उसके गुट के अन्य सदस्यों पर मंगलवार सुबह मध्य प्रदेश में भोपाल-उज्जैन यात्री रेलगाड़ी में विस्फोट करने का संदेह है।
----------
केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड-सी.बी.एस.ई. की दसवीं और बारहवीं कक्षा की परीक्षाएं आज से शुरू हो रही हैं। दसवीं की परीक्षा के लिये करीब नौ लाख विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है जो पिछले वर्ष से 16 प्रतिशत अधिक है। बारहवीं की परीक्षा के लिये लगभग 11 लाख विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया जो पिछले वर्ष से 3 प्रतिशत ज्यादा है।
दसवीं कक्षा की परीक्षा 10 अप्रैल तक चलेगी जबकि 12वीं कक्षा की परीक्षा 29 अप्रैल को संपन्न होगी।
----------
उच्चतम न्यायालय ने केन्द्र सरकार से कहा है कि वह भारत-बांग्लादेश सीमा पर बाड़ लगाने के लिए निधि जारी करे ताकि  सीमा पार कर असम पहुंचने वाले अवैध बांग्लादेशी नागरिकों के प्रवेश पर रोक लगाई जा सके। सीमा पर बाड़ लगाने और उसे सुरक्षित करने के मामले में केन्द्र सरकार की स्थिति रिपोर्ट की समीक्षा के दौरान न्‍यायालय ने कहा कि यह कार्य जल्द पूरा किया जाना चाहिए। केन्द्र की तरफ से न्‍यायालय में पेश हुये अपर महाधिवक्ता पी एस पतवालिया ने कहा कि व्‍यय और वित्त समिति की धन जारी करने के मुद्दे पर कल बैठक होगी। मामले की अगली सुनवाई अगले महीने की 19 तारीख को होगी।
----------
जम्‍मू कश्‍मीर में सुरक्षा बलों ने आज सुबह पुलवामा जिले के पडगामपुरा इलाके की घेराबंदी कर ली है और तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। ऐसा माना जा रहा है कि इस इलाके में दो आतंकवादी छिपे हुए हैं।
----------
भारत और श्रीलंका एक दूसरे के यहां हिरासत में लिये गए सभी मछुआरों की रिहाई पर बातचीत कर रहे हैं। कोलम्‍बो में सरकारी सूत्रों ने आकाशवाणी को बताया कि इस बारे में औपचारिक आदेश एक दो दिन में जारी होने की उम्‍मीद है।
श्रीलंका द्वारा भारतीय मछुआरों की रिहाई समय-समय पर होती रही है, लेकिन इस बार की रिहाई सोमवार की फायरिंग में एक मछुआरे की मौत से उत्पन्न तनाव के बाद हो रही है। साथ ही 19 श्रीलंकन मछुआरे भी भारत की हिरासत में हैं, जो सामान्य संख्या से ज्यादा हैं। इनमें से दस को इस मंगलवार ही हिरासत में लिया गया था। भारत के 85 मछुआरों में से 50 को पिछले ही हफ्ते श्रीलंका की सीमा में घुसने के लिए पकड़ा गया था। पिछले हफ्तों में श्रीलंका की सरकार भारतीय मछुआरों की कुछ नावों को भी छोड़ने पर विचार कर रही है। हालांकि इसमें अन्तिम निर्णय अभी बाकी है। आकाशवाणी समाचार के लिए कोलम्बो से संतोष कुमार।
----------
पूर्वोत्तर बिजनेस समिट आज से नई दिल्ली में शुरू हो रहा है। दो दिन के इस शिखर सम्‍मेलन का उद्देश्य पूर्वोत्तर की शक्ति, संभावनाओं और प्रयासों को दिखाना तथा क्षेत्र में निवेश को प्रोत्साहन देना है। सम्मेलन में स्वास्थ्य देखभाल, संपर्क, कृषि, खाद्य प्रसंस्करण और ऊर्जा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों के बारे में विचार-विमर्श होगा।
----------
अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद-आईसीसी ने बंगलूरु टेस्ट के दौरान अंपयार निर्णय समीक्षा प्रणाली के संबंध में हुई घटना के संदर्भ में आस्ट्रेलिया के कप्तान स्टीवन स्मिथ, भारतीय कप्तान विराट कोहली या अन्य के खिलाफ मामला न दर्ज करने का फैसला किया है। आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डेविड रिचर्ड्सन ने एक बयान में कहा कि किसी भी खिलाड़ी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी और हम दोनों टीमों को अगले हफ्ते रांची में होने वाले तीसरे टेस्ट मैच पर ध्यान केन्द्रित करने के लिए प्रोत्साहित करेंगे।
----------
बर्मिंघम में पी.वी. सिंधु, साइना नेहवाल और एच.एस. प्रणय ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन चैम्पियनशिप के प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं। कल शुरूआती दौर के मैचों में सिंधु ने डेनमार्क की मेट पॉलसेन को हराया। साइना ने मौजूदा चैम्पियन जापान की नोज़ोमी ओकूहारा को पराजित किया ।
पुरुष सिंगल्स में प्रणय ने चीन के बिन क़ियाओ को शिकस्त दी। ये तीनों आज क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने के लिये खेलेंगे।
----------
समाचार पत्रों की सुर्खियों से
आज के अनेक अखबारों ने दिल्‍ली सरकार के बजट को प्रमुखता से छापा है। नवभारत टाइम्‍स लिखता है - कोई नया कर नहीं, कई लुभावने ऐलान। हरि भूमि की सुर्खी है - शिक्षा, स्‍वास्‍थ्‍य, पानी और बिजली पर भरपूर जोर। हिन्‍दुस्‍तान ने बताया है - एयर टरबाइन ईंधन सस्‍ता होने के कारण हवाई किराया सस्‍ता।
उत्‍तर प्रदेश में आतंकरोधी दस्‍ते के साथ मुठभेड़ में आतंकी सैफुल्‍लाह की मौत नवभारत टाइम्‍स, राष्‍ट्रीय सहारा और दैनिक जागरण की पहली ख़बर है। दैनिक जागरण  लिखता है - पिता का आतंकी बेटे का शव लेने से इंकार, पिता ने कहा - उसके शव को लेकर अपने धर्म-ईमान को खराब नहीं करना।
देशबंधु ने अजमेर दरगाह विस्‍फोट मामले में तीन को दोषी ठहराए जाने और असीमानंद के बरी होने का समाचार दिया है।
संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण की आज से शुरुआत पर दैनिक जागरण की टिप्‍पणी है - चुनावी गर्मी के बाद आज से संसद में चढ़ेगा पारा।
राजस्‍थान पत्रिका और हिन्‍दुस्‍तान ने बताया है - प्रधानमंत्री उज्‍ज्‍वला योजना का लाभ उठाने के लिए आधार कार्ड अनिवार्य।
दैनिक भास्‍कर ने ट्रम्‍प प्रशासन की आव्रजन नीति पर लिखा है - एच-1बी वीजा धारकों के जीवनसाथियों को अमरीका में आने से रोकना चाहते हैं ट्रम्‍प।
दैनिक ट्रिब्‍यून ने कुफरी में बर्फ से ढकी वादियों का मनोहारी दृश्‍य देते हुए लिखा है - पहाड़ों पर मार्च में दिसम्‍बर जैसा अहसास।
----------

इंजीनियरिंग कॉलेज में तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता शुरू

खेल शारीरिक ही नहीं मानसिक विकास के लिए भी आवश्यक : डॉ. वजीर सिंह
ओढ़ां
चौ. देवीलाल राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज पन्नीवाला मोटा में आयोजित तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ निदेशक प्राचार्य डॉ. वजीर सिंह ने सभी टीमों द्वारा मार्च पास्ट की सलामी लेकर तथा उद्घाटन मैच की पहली गेंद खेलकर किया।
इस अवसर पर खिलाडिय़ों को संबोधित करते हुये उन्होंने कहा कि खेल शारीरिक ही नहीं मानसिक विकास के लिए भी आवश्यक हैं। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई देते हुये उन्होंने कहा कि हमारी बेटियां किसी भी क्षेत्र में बेटों से कम नहीं तथा हर क्षेत्र में कंधे से कंधा मिलाकर कार्य कर रही हैं।
खेल अधिकारी सुशील बाना ने बताया कि प्रतियोगिता में बैडमिंडन, लंबी कूद, ऊंची कूद, कबड्डी, बॉस्केट बाल, दौड़, वॉलीबाल, खो खो, फुटबाल, रिले रेस व किक्रेट आदि के मुकाबले करवाए जाएंगे।

खेलकूद प्रतियोगिता में प्रथम दिन हुये मुकाबलों में लड़कों की बैडमिंटन में केशव व सुमित प्रथम और साहिल व निपन द्वितीय, लड़कियों में ज्योति व शिवानी प्रथम और पूजा व सीमा द्वितीय, स्टाफ में संजय दहिया, रवींद्र सिंह व विकास गुप्ता ने क्रमश: गौरव सिंह, वेदप्रकाश व मानिक गोयल को हराया।
लड़कियों की 200 मीटर दौड़ में मोनिका प्रथम, रोजी द्वितीय, संतोष तृतीय और उमा चतुर्थ, लड़कों की 200 मीटर दौड़ में रक्षित प्रथम, साहिल द्वितीय, विनय तृतीय, आकाश चतुर्थ व घनश्याम पंचम तथा फुटबॉल में एमई ने ईई को, सीई ने ईसीई को और एमई 2 ने सीएसई को हराया। इस मौके पर डॉ. श्याम सुंदर बांसल, डॉ. संजय दहिया, गौरव सिसोदिया, सुनील मेहता, सुरेंद्र मेहता, पुनीत चावला, विकास गुप्ता, वेदप्रकाश, टीआर मुदगिल, सचिन दहिया और सुशील बाना सहित सभी स्टाफ सदस्य व विद्यार्थी मौजूद थे।

08 March 2017

समाचार:-

  • उत्‍तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण में 60 प्रतिशत से भी ज्‍यादा मतदान, दूसरे और अंतिम चरण में मणिपुर में 86 प्रतिशत वोट पड़े, पांच  राज्‍यों में हुए मतदान की गिनती शनिवार को।
  • राष्‍ट्रपति और प्रधानमंत्री ने अंतर्राष्‍ट्रीय महिला दिवस पर बधाई दी।
  • प्रधानमंत्री का महिला सरपंचों से अपने गांवों में शत-प्रतिशत शिक्षा और टीकाकरण का आग्रह, कहा-वह कन्‍या भ्रूण हत्‍या को खत्‍म करने में महत्‍वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
  • राष्‍ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने कहा-देश की हर बालिका आश्‍वस्‍त हो कि सरकार उसे उचित वातावरण और समान अवसर देने के प्रति पूरी तरह पर वचनबद्ध है।
  • भारतीय जनता पार्टी के समर्थन से शिवसेना उम्‍मीदवार विश्‍वनाथ महाडेशवर मुंबई के महापौर चुने गऐ।
  • राजस्‍थान में एक विशेष अदालत ने 2007 के अजमेर बम विस्‍फोट मामले में तीन आरोपियों को दोषी ठहराया, स्‍वामी असीमानंद सहित सात आरोपी बरी।
  • भारतीय तट रक्षक बल ने भारतीय समुद्री सीमा में आए श्रीलंका के दस मछुआरों को हिरासत में लिया।
  • अफगानिस्‍तान में  काबुल के सेना अस्‍पताल पर हुए आतंकी हमले में 30 लोगों की मौत, 50 से ज्‍यादा घायल।
  • ऑल इंग्‍लैंड बैडमिन्‍टन चैम्पियनशिप में भारत के एच एस प्रणय पुरूष सिंगल्‍स के दूसरे दौर में। 

--------------------------
उत्‍तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण में शाम पांच बजे तक 60 दशमलव शून्‍य तीन प्रतिशत वोट डाले गए थे। 2012 के चुनाव में 57 दशमलव पांच छह प्रतिशत वोट पड़े थे। इस चरण में सात जिलों की 40 सीटों के लिए वोट डाले गए। उपनिर्वाचन आयुक्‍त विजय देव ने नई दिल्‍ली में पत्रकारों को बताया कि कुल मिलाकर मतदान  शांतिपूर्ण रहा।
श्री विजय देव ने बताया कि मतदान प्रतिशत के और बढ़ने की संभावना है, क्‍योंकि मतदान समाप्‍त होने के बाद भी कई केंद्रों पर मतदाताओं की लम्‍बी कतारें लगी थी।
श्री देव ने कहा कि उत्‍तर प्रदेश में आखिरी छह चरणों में कुल 61 दशमलव एक-आठ प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि 2012 में यह प्रतिशत 59 दशमलव सात-पांच था।
हमारे संवाददाता ने बताया है कि अंतिम चरण में चंदौली में सबसे ज्‍यादा मतदान दर्ज किया गया है।
सबसे ज्‍यादा 61 प्रतिशत से अधिक मतदान नक्‍सल प्रभावित चंदौली जिले में दर्ज किया गया है। सर्वाधिक चर्चित वाराणसी जिले में भी लगभग 61 प्रतिशत मतदान हुआ है। सबसे कम 58 प्रतिशत से अधिक मतदान संत रविदास नगर भदोही जिले में हुआ है। आज के मतदान के साथ ही अखिलेश सरकार के मंत्री पारसनाथ यादव, ललई यादव, कैलाश चौरसिया, सुरेन्‍द्र पटेल, पूर्व मंत्री शादाब फातिमा, ओम प्रकाश सिंह, विजय मिश्रा, पूर्व सांसद कांग्रेस नेता डॉक्‍टर राजेश मिश्रा, पूर्व सांसद भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता विद्यासागर सोनकर, पूर्व मंत्री फागु सिंह चौहान, पूर्व सांसद धनजय सिंह का राजनीतिक भाग्‍य इलैक्‍ट्रानिक वोटिंग मशीनों में बंद हो गया है। सुनील शुक्‍ल आकाशवाणी समाचार लखनऊ।
उधर, मणिपुर में आज दूसरे और अंतिम चरण के मतदान में 86 प्रतिशत वोट पड़े। इस चरण में 10 जिलों की 22 सीटों के लिए वोट डाले गए। निर्वाचन आयोग के महानिदेशक सुदीप जैन ने बताया कि 25 प्रतिशत मतदान केंद्रों के दूर-दराज वाले इलाकों में स्थित होने के कारण उनके आंकड़े अभी नहीं मिल पाए हैं। कुल आंकड़े मिल जाने के बाद मतदान प्रतिशत और बढ़ सकता है।
मतदान कुल मिलाकर शांतिपूर्ण रहा और कहीं से भी पैसा देकर खबर छपवाने या मतदान बहिष्‍कार की खबर नहीं है।
--------------------------
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग पांच राज्‍यों में विधानसभा चुनाव को लेकर एक विशेष रेडियो ब्रिज कार्यक्रम प्रसारित करेगा। इसे आज रात साढ़े नौ बजे से राजधानी, एफ एम गोल्‍ड चैनल और अतिरिक्‍त मीटरों पर सुना जा सकेगा।
--------------------------
निर्वाचन आयोग ने समाजवादी पार्टी के अध्‍यक्ष और उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव को, चुनाव प्रचार के दौरान उनकी रिश्‍वत संबंधी टिप्‍पणी को लेकर जारी कारण बताओ नोटिस का जवाब देने के लिए, उन्‍हें एक दिन की मोहलत और दी है। नई दिल्‍ली में संवाददाताओं से बातचीत में उप निर्वाचन आयुक्‍त विजय देव ने कहा कि आयोग ने श्री अखिलेश यादव को कल तक जवाब देने को कहा है।
श्री यादव ने शनिवार को भदोही की एक चुनावी जनसभा में कहा था कि मतदाता विपक्षी दलों द्वारा दिये जा रहे धन को रख लें, लेकिन वोट केवल उनकी पार्टी को दें।
--------------------------
आज अंतर्राष्‍ट्रीय महिला दिवस पर राष्‍ट्रपति और प्रधानमंत्री ने शुभकामनाएं दी हैं।
श्री प्रणब मुखर्जी ने कहा है कि देश की प्रत्‍येक बालिका को इस बात का विश्‍वास होना चाहिए कि सरकार उसे विकास के लिए अनुकूल वातावरण और समान अवसर उपलब्‍ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर नई दिल्‍ली में नारी शक्ति पुरस्‍कार प्रदान करते हुए श्री मुखर्जी ने महिलाओं के प्रति बढ़ते हिंसक अपराधों पर चिंता व्‍यक्‍त की।
--------------------------
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि जिन महिलाओं को सम्‍मानित किया गया है उन्‍होंने कई रूढि़यों को तोड़ा है और लोगों को दिखा दिया है कि ग्रामीण भारत में किस तरह सकारात्‍मक परिवर्तन लाया जा सकता है। प्रधानमंत्री गुजरात में गांधी नगर में देशभर से आई छह हजार से भी ज्‍यादा महिला सरपंचों के सम्‍मेलन - स्‍वच्‍छ शक्ति 2017 को सम्‍बोधित कर रहे थे।
प्रधानमंत्री ने महिला सरपंचों से उनके गांवों में शत प्रतिशत शिक्षा और टीकाकरण की मुहिम का नेतृत्‍व करने का आग्रह किया। उन्‍होंने कहा कि हमें तकनीकी के जरिए अपने गांव को सबल बनाना चाहिए। इससे जो परिवर्तन आएगा वह अद्भुत होगा।
जिस महिला को सरपंच के नाते काम मिला है उसको लगता है कि पांच साल मुझे जो मौका मिला है मैं कुछ करके जाना चाहती हूं और अनुभव यह कहता है कि पुरूष सरपंच से ज्‍यादा महिला सरपंच अपने काम के प्रति ज्‍याद स‍मर्पित होती हैं।
स्‍वच्‍छता के महत्‍व पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इससे सबसे बड़ा फायदा गरीबों को होगा। श्री मोदी ने कहा कि स्‍वच्‍छता हमारा स्‍वाभाव बनना चाहिए।
2019 महात्‍मा गांधी को 150 वर्ष हो रहे हैं। जब हम गांधी 150 मना रहे हैं क्‍या तब तक हम स्‍वच्‍छता के विषय में, जो गांधी का प्रयास था किसी एक सरकार का प्रयास नहीं है। हर किसी ने कुछ न कुछ किया है। लेकिन अब हमने तय करना है कि यहां तक में हमें काफी कुछ कर देना है। इसके बाद ये विषय अब हमारे स्‍वभाव का हिस्‍सा बन जायेगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कन्‍या भ्रूण हत्‍या को रोकना होगा और महिला सरपंच अपने गांव में इस मुहिम में महत्‍वपूर्ण भूमिका अदा कर सकती है। उन्‍होंने कहा कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओं मंत्र से हम अपने समाज में बड़ा परिवर्तन ला सकते हैं।
लोकसभा अध्‍यक्ष सुमित्रा महाजन ने भी इस अवसर पर महिला सरपंचों को सम्‍बोधित किया। उन्‍होंने कहा कि महिलाएं भी देश को स्‍वच्‍छ बनाने में आगे आ रही हैं।
भारत को स्‍वतंत्र बनाने के लिए इस देश की नारी महात्‍मा जी के आह्वान पर खड़ी होती थीं और अपने गहने झोली में डालती थी तो आज उसी स्‍वतंत्र भारत को स्‍वच्‍छ बनाने के लिए महिलाएं आगे आती हैं। गहने बेचकर भी शौचालय बनाती हैं। यह दृश्‍य खड़ा हो जाता है और यही जागरूकता है। यही समर्पर्ण है।
--------------------------
राष्‍ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने कहा है कि देश की प्रत्‍येक बालिका को इस बात का विश्‍वास होना चाहिए कि सरकार उसे विकास के लिए अनुकूल वातावरण और समान अवसर उपलबध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। श्री मुखर्जी ने कहा कि लिंग आधारित भेदभाव का आधुनिक भारत में कोई स्‍थान नहीं है। उन्‍होंने कहा कि देश के अनेक हिस्‍सों में लड़के-लड़कियों के गिरते अनुपात को देखते हुए 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' अभियान शुरू किया गया है। अंतर्राष्‍ट्रीय महिला दिवस पर नई दिल्‍ली में नारी शक्ति पुरस्‍कार प्रदान करते हुए श्री मुखर्जी ने महिलाओं के प्रति बढ़ते हिंसक अपराधों पर चिंता व्‍यक्‍त की।
--------------------------
सूचना और प्रसारण मंत्री एम वेंकैया नायडु ने कहा है कि महिला आरक्षण जैसे महिलाओं से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए दृढ इच्‍छाशक्ति और मानसिकता में परिवर्तन महत्‍वपूर्ण है। अंतरराष्‍ट्रीय महिला दिवस पर अपने मंत्रालय की महिला कर्मचारियों को सम्‍बोधित करते हुए उन्‍होंने कहा कि समाज के परम्‍परागत ढांचे के भीतर महिला सशक्तिकरण उनकी मुक्ति और समानता स्‍थापित करने के लिए भी यह महत्‍वपूर्ण है।

--------------------------
भारतीय जनता पार्टी के समर्थन से शिव सेना उम्‍मीदवार विश्‍वनाथ महाडेश्‍वर को मुंबई का महापौर चुना गया है। दोनों पार्टियों ने अलग-अलग चुनाव लड़ा था, लेकिन भाजपा ने घोषणा की थी कि वह इस पद के लिए चुनाव नहीं लड़ेगी। महाडेश्‍वर ने कांग्रेस उम्‍मीदवार विट्ठल लोकरे को31 के मुकाबले 171 वोटों से शिकस्‍त दी।
--------------------------
राजस्‍थान की एक विशेष अदालत ने 2007 के अजमेर बम विस्‍फोट मामले में तीन आरोपियों को दोषी ठहराया है, जबकि स्‍वामी असीमानन्‍द सहित बाकी सात आरोपियों को बरी कर दिया है। 11 अक्‍टूबर 2007 को ख्‍वाजा मोइउद्दीन चिश्‍ती की दरगाह में हुए विस्‍फोट में तीन जायरीनों की मौत हो गई थी और 15 अन्‍य घायल हो गये थे।
--------------------------
भारतीय तटरक्षक बल ने भारतीय जल क्षेत्र में बिना अनुमति प्रवेश करने के आरोप में श्रीलंका के दस मछुआरों को हिरासत में लिया है। चेन्‍नई में जारी एक बयान में कहा गया है कि अरनवेश जहाज द्वारा नियमित गश्‍त के दौरान नागपत्‍तनम से लगभग पचास मील दक्षिण पश्चिम में श्रीलंका की दो नावों पर सवार दस मछुआरों को देखा गया।
--------------------------
अफगानिस्‍तान में राजधानी काबुल में अमरीकी दूतावास के करीब एक सैनिक अस्‍पताल पर हमले में 30 से ज्‍यादा लोगों की मौत हो गई। इस्‍लामिक स्‍टेट से जुड़े एक संगठन ने इस हमले की जिम्‍मेदारी ली है। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्‍ता जनरल दौलत वजीरी ने बताया कि हमले में 30 से ज्‍यादा लोगों की मौतों हो गई और 50 से भी ज्‍यादा घायल हो गए।
--------------------------
एक महीने के अवकाश के बाद संसद का बजट सत्र कल शुरू होगा और 12 अप्रैल तक चलेगा। सत्र का पहला भाग 31 जनवरी से शुरू होकर नौ फरवरी को सम्‍पन्‍न हुआ था।
--------------------------
एच एस प्रणय ऑल इंग्‍लैंड बैडमिंटन चैंपियनशिप के दूसरे दौर में पहुंच गये हैं। बर्मिंघम में आज पुरूष सिंगलस के अपने पहले मैच में प्रणय ने चीन के कियाओ बिन को हराया। प्रणय की बिन के खिलाफ चार मैचों में यह तीसरी जीत है। प्रणय अगले मैच में कल सातवीं वरीयता प्राप्त चीन के ही तियान होउवेई से खेलेंगे। दोनों खिलाडियों के बीच यह पहला मुकाबला होगा। 
--------------------------

गल्र्ज कॉलेज में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता

ओढ़ां
माता हरकी देवी महिला शिक्षण महाविद्यालय में दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता आज शुरू होगी। डीएड प्राचार्य डॉ. सुभाष चंद्र ने बताया कि डीएड व बीएड के शैक्षणिक सत्र 2016-17 की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन महाविद्यालय के खेल प्रभारी मनोज कुमार के निर्देशन में किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि दो दिन तक चलने वाली इस खेलकूद प्रतियोगिता में गार्गी हाऊस, कस्तूरबा हाऊस, प्रगति हाऊस एवं लक्ष्मी हाउस की टीमें भाग लेंगी। खेल प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि इस प्रतियोगिता में 100 व 200 मीटर दौड़, लम्बी कूद, गोला फेंक, मटका दौड़, सैक रेस व रस्साकस्सी आदि खेलों में रोचक मुकाबले करवाए जाएंगे।

महिलाओ के योगदान बिना कोई भी देश प्रगति नहीं कर सकता

सिरसा, 8 मार्च। किसी भी देश की प्रगति के लिए जरूरी है उस देश की आर्थिक, राजनितिक और सामाजिक क्षेत्रो में महिलाओ की भूमिका, बिना महिलाओ के योगदान के कोई भी देश प्रगति नहीं कर सकता, अत: इसके लिए जरुरत है लिंग असमानता खत्म करने की।
यह बात आज स्थानीय पुलिस लाईन स्थित सामुदायिक भवन में महिला एवं बाल विकास विभाग के सौजन्य से आयोजित जिला स्तरीय अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस एवं स्वच्छता पखवाड़ा के अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि उपायुक्त श्रीमती शरणदीप कौर बराड़ ने कही।
उन्होंने कहा कि विश्व के विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं के प्रति सम्मान, प्रशंसा और प्यार प्रकट करते हुए इस दिन को महिलाओं के आर्थिक, राजनीतिक और सामाजिक उपलब्धियों के उत्सव के तौर पर मनाया जाता है। यह दिन यह भी याद दिलाता है कि कैसे महिलाओं ने कई सामाजिक व अन्य बाधाओं को पार करते हुए मुकाम हासिल किए और लगातार कर रही हैं। आज की तारीख में हर क्षेत्र में महिलाएं आगे हैं लेकिन अतीत में ऐसा नहीं था। 
श्रीमती बराड़ ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस को मनाने का उद्देश्य महिलाओं के खिलाफ हिंसा से मुक्त विश्व, शांति के लिए एकजुट महिलाएं, लिंग समानता का लक्ष्य प्राप्त कर अधिक सुरक्षित भविष्य का निर्माण करना, निर्णय-लेने में महिलाओं की भूमिका, महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ हिंसा खत्म करना, सम्मान का अधिकार, समान अवसर व सभी के लिए प्रगति, शिक्षा, प्रशिक्षण और विज्ञान तथा प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में महिलाओं की समान पहुंच, ग्रामीण महिलाओं को सशक्त बनाना, महिलाओं के खिलाफ हिंसा को समाप्त करने के लिए कार्रवाई का समय, महिलाओं के समानता, सभी के लिए प्रगति, महिला सशक्तीकरण ही मानवता सशक्तीकरण आदि शामिल है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के प्रति सम्मान प्रदर्शित करने के लिए अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस को सब जगह विशेष रूप से मनाया जाता है। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के सफल आयोजित पर महिला एवं बाल विकास विभाग, डीआरडीए, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सुपरवाईजरों, सरपंचों आदि का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता भी एक ऐसी मुहिम है जो पूरे देश में चल रही है। सिरसा जिला भी खुले में शौचमुक्त में पूरे हरियाणा में प्रथम स्थान पर है। इसी प्रकार बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत प्रदेश में लिंगानुपात में सिरसा जिला प्रथम स्थान पर है। इसके लिए आप सब बधाई के पात्र हैं।
इस अवसर पर उन्होंने 10+2 पास लड़कियों के लिए कैरियर कॉउसलिंग गाईड बुकलेट का भी विमोचन किया। उन्होंने कहा कि अधिकतर लड़कियां 10वीं व 10+2 के बाद में स्कूल छोड़ जाती है। इस बुकलेट के माध्यम से उन्हें आगे पढऩे व कैरियर को चुनने के लिए जानकारी मिलेगी। यह बुकलेट लड़कियों के लिए कारगर सिद्ध होगी। उन्होंने जिले की लड़कियों से कहा है कि वे इस पुस्तक से अपने कैरियर की जानकारी लें और लाभ उठाएं।
इस अवसर पर उपायुक्त ने स्वर्ण जयंती पुरस्कार के तहत स्वच्छ भारत अभियान में अहम योगदान करने वाली ग्राम पंचायतों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सुपरवाईजरों तथा खेलों में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाले खिलाडिय़ों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इसके साथ-साथ उन्होंने आयोजित स्लोगन, रंगोली, वेस्ट मैटिरियल से बनाई हुई चीजों की प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को भी सम्मानित किया। स्लोगन प्रतियोगिता में नीलम रानी प्रथम, मंजु द्वितीय, सुदर्शन तृतीय, रंगोली में सुशीला सुपरवाईजर प्रथम, वंदना द्वितीय, अंबिका तृतीय, नीलम रानी चतुर्थ, वेस्ट मैटिरियल से बनाई हुई चीज में सुनीता प्रथम, अमनदीप द्वितीय तथा ललिता तृतीय स्थान पर रही।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त श्री अजय सिंह तोमर ने सम्बोधित करते हुए कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस समारोह का दिन नारी शक्ति के विकास के लिए सार्थक दिन है। उन्होंने कहा कि इस दिवस को मनाने का उद्देश्य नारी शक्ति को मान सम्मान देना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छता पखवाड़े के तहत स्वच्छता के क्षेत्र में अच्छा कार्य करने वाली पूरे देश की महिला सरपंचों को भी सम्मानित किया है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को बढ़ाने में नारी का विशेष योगदान होता है। इसलिए महिलाओं को स्वच्छ भारत अभियान में बढ़चढ़ कर भाग लेना चाहिए। उन्होंने कैरियर काउंसलिंग गाईड बुकलेट के लांच करने पर सीएमजीजीए कुमारी वृशाली खंडेलवाल को बधाई दी और कहा कि यह बुकलेट जिले की लड़कियों के लिए कारगर साबित होगी। उन्होंने कहा कि यहा उपस्थित माताएं भी अपनी पुत्रवधु को बेटी समझ कर आगे पढ़ाने में सहयोग करें। 
मुख्यमंत्री की सुशासन सहायिका वृशाली खंडेलवाल ने बुकलेट के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इस पुस्तक में लड़कियों को 10+2 के बाद अपना कैरियर शुरु करने में लाभ मिलेगा। जिले की लड़कियां इस पुस्तक का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि यह बुकलेट जिले के प्रत्येक ब्लॉक के गांवों में उपलब्ध करवा दी जाएगी ताकि अधिक से अधिक लड़कियां इसका लाभ उठा सके। 
इस अवसर पर डा. शिखा गोयल, जिला समन्वयक स. सुखविंद्र सिंह, प्राचार्या माता हरकी देवी महिला कॉलेज ओढ़ां डा. शमीम शर्मा, श्रीमती सर्वजीत कौर आदि ने महिला दिवस के अवसर पर अपने संदेश दिये।
इस मौके पर जिला बाल कल्याण अधिकारी श्रीमती कमलेश चाहर, सीडीपीओ शशी बजाज, हरमीत कंबोज, दर्शना देवी, कविता रानी, गुरिंद्र कौर, चंद्रकांता आदि उपस्थित थी।