Loading

03 August 2017

कोई चमत्कार या दैवीय प्रकोप नहीं है : अजायब जलालआना

दहशत से छूटकारे के लिए लिया जा रहा है टोटकों का सहारा
ओढ़ां
ओढ़ां में गत दिवस एक 16 वर्षीय छात्रा गगनदीप कौर के बाल काटे जाने की घटना के बाद क्षेत्र भर के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है जिससे छुटकारा पाने के लिए लोगों द्वारा टोटकों का सहारा लिया जा रहा है।
अनेक लोगों ने अपने घरों के मुख्य द्वार पर नीम की टहनियां और नींबू आदि बांध रखे हैं और इसके साथ साथ यह भी कहा जा रहा है कि मेहंदी के घोल को हाथों पर लगाकर जिस घर के गेट पर पंजे के निशान बना दिए जाते हैं उस घर में इस प्रकार की घटनाएं होने का भय नहीं रहता। लोग अपने दूर दराज के रिश्तेदारों को भी इस प्रकार के टोटके अपनाने की सलाह दे रहे हैं। इस प्रकार इन अफवाहों बढ़ावा दिया जा रहा है।
इस विषय में तर्कशील सोसाइटी से मास्टर अजायब सिंह जलालआना ने कहा कि बाल कटने की घटनाएं समाज में सामुहिक भय का वातावरण बना रही हैं जिसके कारण कमजोर मानसिकता वाले लोगों पर इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि ऐसे लोग इन घटनाओं को सत्य मानकर अर्धचेतन अवस्था में स्वयं को इससे पीडि़त महसूस करते हैं। ऐसी स्थिति में उन्हें अपने साथ भी बाल कटने की घटना होने जैसा अहसास होता है जबकि वास्तव में ऐसा कुछ होता नहीं है। उन्होंने कहा कि ये कोई चमत्कार अथवा दैवीय प्रकोप नहीं है अत: डरने जैसी कोई बात नहीं है। इस विषय में लोगों में जागरूकता लाने तथा वैज्ञानिक द़ष्टिकोण के प्रचार प्रसार की आवश्यकता है।
ओढ़ां में बाल कट जाने की घटना के बारे में थाना प्रभारी ओढ़ां जगदीश जोशी से बात किए जाने पर उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाओं से लोग बेवजह भ्रम का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने अपील की कि लोग इस प्रकार की घटनाओं पर ध्यान ना दें क्योंकि इनमें कोई सच्चाई नहीं है इसलिए सभी लोग इस प्रकार की घटनाओं से भयमुक्त रहें।

ओढ़ां में छात्राओं को दिया जा रहा है आत्मरक्षा का प्रशिक्षण

अंतर्राष्ट्रीय खिलाडिय़ों द्वारा सिखाए जा रहे हैं आत्मरक्षा के गुर 
ओढ़ां
माता हरकी देवी कॉलेज ओढ़ां में छात्राओं को नियमित पढ़ाई के साथ-साथ आत्मरक्षा एवं ब्यूटी कल्चर का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। कॉलेज प्राचार्या डॉ. शमीम शर्मा ने बताया कि छात्राओं को साहसी बनाना आज समय की मांग है।
इसलिये उन्हेें आत्मरक्षा के गुर सिखाये जाने का निर्णय लिया गया है। कॉलेज में छात्राओं को अंतर्राष्ट्रीय बॉक्सर मनदीप जांगड़ा के सहयोग से यह प्रशिक्षण दिया जा रहा है तथा ब्यूटी कल्चर की नियमित कक्षायें रेखा ले रही है। डॉ. शमीम शर्मा ने बताया कि यह प्रशिक्षण दो माह का होगा और कॉलेज की प्रत्येक छात्रा इसे अनिवार्य रूप से करेगी। उक्त प्रशिक्षण देने के लिये तामिलनाडू के धर्मास्था प्रशिक्षक को आत्मरक्षा प्रशिक्षण देने की जिम्मेदारी दी गई है। धर्मास्था स्वयं राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी हैं और मुक्केबाजी में स्वर्णपदक प्राप्त हैं। इस अवसर पर कॉलेज सचिव मंदर सिंह ने कहा कि उनका सपना है कि छात्रायें ना केवल अच्छे अंकों से डिग्री लें बल्कि आत्मसुरक्षा की तरकीब सीख कर आत्मविश्वासी भी बनें।

रसोई में चाय बना रही लड़की के बाल कटे, दहशत

ओढ़ां
ओढ़ां क्षेत्र में कई दिनों से महिलाओ और लड़कियों के बाल काटे जाने की चर्चा जोरों पर चल रही है। इसी दौरान आज दोपहर 2 बजे ओढ़ां में एक लड़की के बाल कट जाने पर क्षेत्र भर के ग्रामीणों में भय का माहौल पाया जा रहा है। ओढ़ां के वार्ड नंबर एक में राजकीय पशु चिकित्सालय के सामने स्थित एक घर की रसोई में गैस चुल्हे पर चाय बना रही 16 वर्षीय छात्रा गगनदीप कौर के कुछ बाल अचानक कट गए। इसका पता चलते ही लड़की ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर रसोई के सामने बरामदे में बैठे परिजन दौड़कर रसोई में पहुंचे।

 रसोई में पहुंच परिजनों ने देखा कि लड़की ने अपना गला पकड़ रखा था और वो बेहोश हो गई थी। उसकी चोटी के करीब 7-8 इंच लंबे बालों का कटा हुआ गुच्छा पास ही पड़ा था। परिजन लड़की को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ओढ़ां में लेकर आए जहां डॉ. रविकुमार ने लड़की का उपचार शुरू कर दिया है। इसकी सूचना पुलिस को भी दे दी गई है। लड़की की बुआ छिंद्रपाल कौर और पिता गुरतेज सिंह ने बताया कि वे सब घर पर ही थे और उन्होंने किसी को आते जाते नहीं देखा। उन्होंने बताया कि उन्होंने पूरे घर की तलाशी भी ली लेकिन पूरे घर में कोई नहीं मिला।

यह बात पूरे कस्बे में फैल गई है और यह विषय लोगों की चर्चा का विषय बना हुआ है। इसे लेकर लोगों द्वारा तरह तरह की बातें की जा रही है। इसी बीच ये अफवाह भी फैल रही है कि जिस घर के आगे मेहंदी से हाथ का पंजा छपा हो उस घर में इस प्रकार की घटना नहीं होती अत: अनगिनत लोगों के घरों के सामने लोग हाथों से पंजे के निशान देखे जा रहे हैं और अन्य लोग भी पंजे के निशान अंकित कर रहे हैं। इसी तरह के अन्य अनेक टोटके अपनाते हुए लोग अपने घरों के मुख्य द्वार पर नीम की टहनियां और नींबू भी बांध रहे हैं ताकि उन पर कोई संकट न आए। वहीं दूसरी ओर लड़की को सिरसा रैफर कर दिया गया है।

इस विषय में तर्कशील सोसाइटी के प्रतिनिधि अजायब सिंह जलालआना ने कहा कि बाल कटने की घटनाओं से समाज में सामुहिक भय का वातावरण बना हुआ है। कमजोर मानसिकता वाले लोगों पर इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है जिसके चलते वे इन घटनाओं को सत्य मानकर अर्धचेतन अवस्था में स्वयं को इससे पीडि़त महसूस करते हुए स्वयं कर लेते हैं। उन्होंने कहा कि ये कोई चमत्कार अथवा दैवीय प्रकोप नहीं है अत: डरने की बात नहीं है। इस विषय में लोगों में जागरूकता लाने तथा वैज्ञानिक द़ष्टिकोण के प्रचार प्रसार की आवश्यकता है।
इस विषय में थाना प्रभारी ओढ़ां जगदीश जोशी से बात किए जाने पर उन्होंने बताया कि बाल काटे जाने का मामला संदिग्ध है क्योंकि कटे हुए बाल लड़की के बालों से मेल नहीं खाते। दूसरे ये लड़की दसवीं में फेल हो गई थी और मानसिक रूप से परेशान है अत: उसको वहम हो गया है। फिर भी जांच की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि डरने जैसी कोई बात नहीं है।

01 August 2017

समाचार

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने असम और अन्‍य पूर्वोत्‍तर राज्‍यों में बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए गुवाहाटी में बैठक की।
  • जम्‍मू कश्‍मीर में पुलवामा जिले के हकरीपोरा में मुठभेड़ में लश्‍कर ए तैयबा का प्रमुख आतंकवादी मारा गया।
  • भारतीय जनता पार्टी ने राज्‍यसभा में राष्‍ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग से संबधित 123वें संविधान संशोधन विधेयक पर मतदान के दौरान पार्टी सांसदों की अनुपस्थिति को गंभीरता से लिया।
  • हिमाचल प्रदेश में किन्‍नौर और मंडी जिलों में भूस्‍खलन में तीन लोगों की मृत्‍यु।
  • अमरीका के राष्‍ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रम्‍प ने अभद्र टिप्‍पणी करने पर व्‍हाइट हाउस के संचार प्रमुख एंथनी स्‍कारमुक्‍की को हटाया।
  • कतर ने अरब देशों द्वारा उसके साथ व्‍यापारिक संबंध तोड़ने को चुनौती देने के लिए विश्व व्यापार संगठन में शिकायत दर्ज कराई।
---
प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने गुवाहाटी में असम और कुछ अन्‍य पूर्वोत्‍तर राज्‍यों में बाढ़ की स्थिति की समीक्षा की। हमारे संवाददाता ने बताया है कि बैठक में पूर्वोत्‍तर मामलों के मंत्री जितेन्‍द्र सिंह, असम के राज्‍यपाल बनवारी लाल पुरोहित, मुख्‍यमंत्री सर्बानदं सोनोवाल, रेल राज्‍यमंत्री राजन गोहेन और राज्‍यों के वरिष्‍ठ अधिकारी मौजूद थे।
प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने असम समेत पूर्वोत्‍तर के कई राज्‍यों के साथ वहां की स्थिति की समीक्षा किया। असम, अरूणाचल प्रदेश समेत पूर्वोत्‍तर के कई राज्‍यों को बाढ़ और भूस्‍खलन के कारण भारी तबाही का सामना करना पड़ा। सिर्फ असम में ही 80 से अधिक लोगों की मौत हो गई। प्रधानमंत्री ने बाढ़ में मारे गये लोगों के परिजनों को दो लाख रुपये सहायता राशि देने की घोषणा की है। हाल ही में केंद्र सरकार के एक वरिष्‍ठ अधिकारियों के दल ने असम के बाढ़ प्रभावित जिलों का दौरा करके स्थिति का जायजा लिया था। मानस प्रतिम सरमा, आकाशवाणी समाचार, गुवाहाटी।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार असम सरकार ने राज्‍य में बाढ़ से होने वाले नुकसान का आकलन संबंधी ज्ञापन तैयार किया है।
इससे पहले राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित और मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने प्रधानमंत्री का हवाईअड्डे पर स्वागत किया।
---
गुजरात के बनासकांठा और पाटन जिलों में भारी वर्षा और बाढ़ के बाद बड़े पैमाने पर शुरू किया गया बचाव कार्य लगभग पूरा हो गया है। राज्‍य के राहत निदेशक ए0 जे0 शाह ने कहा है कि अब प्रभावित इलाकों में सामान्‍य स्थिति बहाल करने पर पूरा ध्‍यान दिया जा रहा है।
इस बीच, राज्‍य सरकार ने बनासकांठा और पाटन के बाढ़ प्रभावित तालुकों में राहत कार्यों में तेजी लाने के लिए चार और मंत्रियों को भेजा है। एक महत्‍वपूर्ण फैसले में मुख्‍यमंत्री ने प्रभावित लोगों और दुधारू पशुओं के लिए नकद राहत राशि और मुआवजा बढ़ा दिया है।
राहत का और रिलीफ दोनों आयोजन करते हुए जो-जो किसानों की खेत में पानी घुस गया है, खेत को नुकसान हुआ है, उनको भी ज्‍यादा से ज्‍यादा मदद मिलेगी, लोगों के घर में भी पानी घुस गया है उनकों भी मदद करेंगे।
हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि राज्‍य में बाढ़ग्रस्‍त लोगों के पुनर्वास को सर्वोच्‍च प्राथमिकता दी गई है।
गुजरात के मुख्‍यमंत्री श्री विजय रूपाणी ने आज बनासकांठा जिले के बाढ़ प्रभावित लाखनी तालुका के धुंसल और कुड़ा गांव का दौरा किया। इस बीच सरकार द्वारा बाढ़ में मारे गए 116 मृतकों के परिवाजनों को  मृतक सहायता का भुगतान कर दिया गया है। बाढ़ प्रभावित सभी गांवों में बिजली आपूर्ति बहाल हो गई है जबकि बड़े पैमाने पर सफाई अभियान भी शुरू किया गया है। योगेश पांड़या, आकाशवाणी समाचार, अहमदाबाद।
---
हिमाचल प्रदेश के कई हिस्‍सों में कल रात से लगातार वर्षा हो रही है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि वर्षा के कारण आज सवेरे भू-स्‍खलन की अलग-अलग घटनाओं में तीन व्‍यक्तियों की मौत हो गई और दो घायल हो गये।
किन्‍नौर के निचार क्षेत्र शिमला के रामपुर और मंडी जिले के लड़भडोल क्षेत्र में भूस्‍खलन की घटनाओं में तीन लोगों को जान गंवानी पड़ी है। किन्‍नौर जिले के दुर्गम छितपुर गांव में बादल फटने का समाचार है। इस घटना में संपर्क मार्ग, उपजाऊ भूमि और फसलें बह गई हैं। मौसम विभाग की भारी वर्षा की चेतावनी को देखते हुए राज्‍य में आपदा प्रबंधन टीमों और अधिकारियों को चौकस कर दिया गया है। शिशु शर्मा शांतल, आकाशवाणी समाचार, शिमला।
---

जम्‍मू कश्‍मीर में पुलवामा जिले के हकरीपोरा में मुठभेड़ में आज दो आतंकवादी मारे गए हैं। पुलिस ने बताया है कि मारे गए आतंकवादियों में लश्‍कर सरगना अबु दुजाना भी शामिल है।
पुलिस महानिरीक्षक मुनीर खान ने बताया कि सुरक्षाबलों को इस क्षेत्र में दो आतंकवादियों के होने की सूचना मिली थी।
मारे गए दोनों कुख्‍यात आतंकवादी थे। हमें तड़के में उनकी मौजूदगी की सूचना मिली थी। हमने उनसे आत्‍मसमर्पण कराने की पूरी कोशिश की लेकिन उन्‍होंने गोलीबारी शुरू कर दी जिसका करारा जवाब दिया गया। ऑपरेशन के बाद दोनों की पहचान कर ली गई है। इनमें से एक अबु दुजाना है और दूसरा आरिफ।
मुठभेड़ स्‍थल पर सुरक्षा बलों से झड़पों में आठ लोगों के घायल होने की खबर है।
---
सरकार हर हालत में जम्‍मू कश्‍मीर में शांति चाहती है। संसद के बाहर संवाददाताओं से बातचीत में गृह राज्‍यमंत्री हंसराज अहीर ने कहा कि राष्‍ट्रीय अन्‍वेषण अभिकरण- एन आई ए भी अलगाववादी नेताओं के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है।
पुलिस है, पैरामिलिट्री फोर्सिस है, सेना है सभी ने मिलकर वहां पर कार्रवाई की है। आतंकी और अलगाववादियों पर कार्रवाई करना ये फाइनल है। अलगाववादियों पर कार्रवाई होती रहेगी और आतंकवादियों पर गोली का जवाब गोली से दिया जा रहा है, देते रहेंगे।
श्री हंसराज अहीर ने जोर देकर कहा कि जम्‍मू कश्‍मीर भारत का अभिन्‍न अंग है।
---
भारतीय जनता पार्टी ने कहा है कि राज्‍यसभा में राष्‍ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के 123 वें संविधान संशोधन विधेयक पर मतदान के दौरान पार्टी सांसदों की अनुपस्थिति को गंभीरता से लिया गया है। पार्टी संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में संसदीय कार्यमंत्री अनंत कुमार ने कहा कि सभी सदस्‍यों को पूरे समय तक सदन में रहना चाहिए।
संसद जब तक चलेगी, तब तक हमारे सभी सदस्‍य हाजिर होना ही चाहिए और जो सदस्‍य अनुपस्थित रहे, माननीय अध्‍यक्ष ने कहा हम गंभीरता से लिया है।
---
लोकसभा में विपक्षी दलों ने तेल विपणन कंपनियों को सब्सिडी वाले रसोई गैस की कीमत चार रूपये प्रति सिलेन्डर प्रतिमाह बढ़ाने की अनुमति देने के सरकार के फैसले को वापस लिये जाने की मांग की। कांग्रेस के के0सी वेणुगोपाल ने आज प्रश्नकाल के दौरान यह मुद्दा उठाते हुए सब्सिडी खत्म करने के सरकार के कदम की आलोचना की। तृणमूल कांग्रेस के सुदीप बंदोपाध्याय ने कहा कि जीएसटी से रसोई गैस की कीमत 32 रूपये प्रति सिलेंडर बढ़ी है। उन्होंने कहा कि इस फैसले से आम जनता पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा, इसलिए इसे वापस लिया जाना चाहिए। इसके बाद कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस और वामदलों के सदस्य सदन से बाहर चले गए।
---
उधर, राज्‍यसभा में भी रसोई गैस सब्सिडी का मुद्दा उठा। सदन में श्री गुलाम नबी आजाद ने ये मुद्दा उठाया। विपक्षी सदस्‍य एलपीजी सब्सिडी जारी रहने की मांग करते हुए सदन के बीचोंबीच आ गये।
---
राज्‍यसभा में विपक्षी सदस्‍यों ने आज गुजरात में राज्‍यसभा के चुनाव में मतपत्र में नोटा के विकल्‍प होने पर सरकार से सवाल किया है। इस मुद्दे को उठाते हुए विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा कि हाल के राष्‍ट्रपति चुनाव में इस विकल्‍प को क्‍यों नहीं डाला गया था। सदन के नेता अरूण जेटली ने स्‍पष्‍ट किया कि ये निर्वाचन आयोग का फैसला था और इस पर सदन में बहस नहीं होनी चाहिए। इससे पहले सभापति मोहम्‍मद हामिद अंसारी ने प्रश्‍नकाल के दौरान इन मुद्दे को न उठाने की अपील की। बहुजन समाज पार्टी के सतीश मिश्र ने कहा कि इस संबंध में जो अधिसूचना जारी की गई है, वह अवैध है। समाजवादी पार्टी के नरेश अग्रवाल ने कहा कि ये सब जान-बूझकर किया गया है। विपक्षी सदस्‍य बार बार सदन के बीचो बीच आए। हंगामा जारी रहने पर सभापति मोहम्‍मद हामिद अंसारी ने सदन की बैठक दो बजे तक स्‍थगित कर दी।
---
सरकार ने कहा है कि वह नेपाल से लगे 15 किलोमीटर दायरे के सीमावर्ती क्षेत्रों में उर्वरक की दुकानों को फिर लाइसेंस जारी करने पर विचार कर रही है। नेपाल को उर्वरकों की तस्करी रोकने के लिए पहले इनके लाइसेंस रद्द कर किये गए थे। रसायन और उर्वरक मंत्री अनंत कुमार ने आज लोकसभा में प्रश्नों के उत्तर में आश्वासन दिया कि वास्तविक लाभार्थियों को उर्वरक सब्सिडी का लाभ देने के लिए सभी जरूरी उपाय किए गए हैं।
एक अन्य प्रश्न के उत्तर में रसायन और उर्वरक राज्यमंत्री मनसुख लाल मांडवीय ने सदन को बताया कि किसानों को सब्सिडी वाले सभी उर्वरकों की बिक्री प्वांइट ऑफ सेल मशीन के जरिये की जायेगी।
सभी आउटलेट हैं वहां पर हम पीओएस मशीन उपलब्‍ध करा रहे हैं, वोटर आईडी कार्ड लेके जायें या केसीसी बुक लेके जायें या आधार कार्ड लेके जायें, ये लेके जाने से जो किसान को रिक्‍वायरमेंट है वो ही किसान को फर्टिलाइजर मिलेगा, कोई इंडस्‍ट्रीज में न चला जाये उसके लिए हम डायरेक्‍ट डीबीटी की ओर जा रहे हैं।
श्री मांडवीय ने कहा कि छह जिलों में किए गए नीति आयोग के एक अध्ययन से पता चला है कि उर्वरकों के अन्य उपयोग में कमी आई है।
---
उच्‍चतम न्‍यायालय बिहार के मुख्‍यमंत्री के बारे में एक याचिका पर सुनवाई के लिए आज सहमत हो गया है। इस याचिका में आरोप लगाया गया है कि श्री नितीश कुमार ने अपने खिलाफ एक विचाराधीन आपराधिक मामले को छिपाया इसलिए विधान परिषद की उनकी सदस्‍यता रद्द की जाये। न्‍यायमूर्ति दीपक मिश्रा, अमिताभ रॉय और एम0 ए0 खानविल्‍कर की पीठ ने कहा कि वह इस मामले पर विचार करेगी।
---
शीर्ष न्यायालय ने संघ लोक सेवा आयोग के 2017 की प्रारम्भिक परीक्षा में कथित रूप से गलत प्रश्नों को हटाने या ग्रेस अंक देने की याचिका खारिज कर दी है। न्यायमूर्ति दीपक मिश्रा की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा कि इस याचिका में कोई दम नहीं है। पीठ ने इस बात पर गौर किया कि परीक्षा देने वाले याचिकाकर्ता ने संघ लोक सेवा आयोग को इस बारे में कोई प्रतिवेदन नहीं दिया। याचिकाकर्ता ने दावा किया था कि इस बार की प्रारम्भिक परीक्षा के प्रश्नपत्र में दो ऐसे प्रश्न थे जिनके अलग अलग उत्तर हो सकते थे।
---
उच्‍चतम न्‍यायालय ने जन्‍माष्‍टमी से पहले महाराष्‍ट्र सरकार की एक याचिका बम्‍बई उच्‍च न्‍यायालय के पास वापस भेज दी है। इस याचिका में सुप्रसिद्ध दही हांडी उत्‍सव में मानव पिरामिड की ऊंचाई को सीमित करने और इसमें 18 वर्ष से कम आयु के किशोरों के भाग लेने पर प्रतिबंध लगाने के बम्‍बई उच्‍च न्‍यायालय के आदेश को चुनौती दी गई है।
राज्‍य सरकार ने उच्‍चतम न्‍यायालय के समक्ष कहा था कि उसने सुरक्षा के अनेक उपाय किये हैं, इसलिए 18 वर्ष से कम आयु के किशोरों पर प्रतिबंध में ढील दी जाये।
---
महाराष्‍ट्र सरकार ने आज उच्‍चतम न्‍यायालय में कहा कि संविधान के अन्‍तर्गत निजता के अधिकार को मौलिक अधिकार बनाने का काम केवल संसद कर सकती है, अदालतें नहीं। महाराष्‍ट्र सरकार की ओर से उपस्थित वरिष्‍ठ अधिवक्‍ता सी0 ए0 सुन्‍दरम ने कहा कि यह मामला संविधान या कानून की व्‍याख्‍या का नहीं है बल्कि यह एक अधिकार को मौलिक अधिकार के रूप में पेश करने का मामला है।
---
राष्‍ट्रीय लोक समता पार्टी के अध्‍यक्ष और केन्‍द्रीय मंत्री उपेन्‍द्र कुशवाहा ने कहा है कि उनकी पार्टी बिहार में श्री नितीश कुमार के नेतृत्‍व वाली सरकार का हिस्‍सा बनेगी। श्री कुश्‍वाहा ने कहा कि इस बारे में उचित समय पर फैसला लिया जायेगा।
---
सूचना प्रौद्योगिकी और विधिमंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा है कि  तेजी से बदल रहे वैश्विक परिदृश्य में पुलिस को नई डिजिटल टैक्नोलॉजी से सक्षम होना चाहिए। नई दिल्ली में राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों के युवा पुलिस अधीक्षकों और केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बल कमान्डेंट के राष्ट्रीय सम्मेलन का उदघाटन करते हुए श्री प्रसाद ने कहा कि डिजिटल प्रशासन कुशल प्रशासन है और सभी स्तरों के पुलिस अधिकारियों को साइबर चुनौतियों के बारे में प्रशिक्षित किया जाना चाहिए।
---

अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने व्हाइट हाऊस के संचार प्रमुख एंथनी स्कारामुच्ची को अभद्र टिप्पणी के आरोपों के सिलसिले में पद से हटा दिया है। उन्हें हाल में ही इस पद पर रखा गया था। श्री ट्रंप के नये स्टाफ प्रमुख जनरल जॉन कैली ने उन्हें हटाने का अनुरोध किया था। अमरीकी राष्ट्रपति कार्यालय के पहले स्टाफ प्रमुख रिन्से प्रीबस और श्री ट्रंप के मुख्य रणनीतिकार स्टीव बैनन के खिलाफ कथित अश्लील खबर देने को कहने के लिए श्री स्कारामुच्ची की व्यापक आलोचना हो रही थी। व्हाइट हाऊस की प्रवक्ता सारा सैंडर्स ने बताया कि श्री स्कारामुच्ची की टिप्पणी इस पद पर आसीन व्यक्ति के अनुरूप नहीं थीं।
---
कतर ने सउदी अरब, बहरीन और संयुक्त अरब अमारात के व्यापारिक संबंध तोड़ने को चुनौती देते हुए विश्व व्यापार संगठन में शिकायत दर्ज कराई है। कतर के विश्व व्यापार कार्यालय के निदेशक अली अलवलीद अल सानी ने कहा कि कतर हमेशा बातचीत का आग्रह करता रहा है और शिकायत दर्ज कराना इन देशों के साथ बातचीत शुरू करने  तथा इस विवाद का हल ढूंढने की रणनीति का एक हिस्सा है।
सउदी अरब, बहरीन और संयुक्त अरब अमारात ने कतर पर आतंकवादी गुटों को धन उपलब्‍ध कराने का आरोप लगाते हुए जून में उससे संबंध तोड़ लिये थे। कतर की शिकायत पर तीनों देशों की तुरन्त कोई प्रक्रिया नहीं मिली है।
---
आज असहयोग आन्‍दोलन दिवस है। इसकी शुरूआत आज ही के दिन वर्ष1920 में हुई थी और इसका उद्देश्‍य अहिंसा के जरिये भारत में ब्रिटिश शासन का विरोध करना था। इसके अन्‍तर्गत तय किया गया कि विरोध प्रदर्शनकारी ब्रिटेन के माल को खरीदने से इंकार करेंगे और स्‍थानीय हस्‍तशिल्‍प की वस्‍तुओं का इस्‍तेमाल करेंगे तथा शराब की दुकानों के आगे धरने देंगे। अहिंसा के विचार और गांधी जी के कुशल नेतृत्‍व में करोड़ों नागरिक भारत की स्‍वाधीनता के आन्‍दोलन में शामिल हो गये।
---
बम्‍बई शेयर बाजार में आज उतार चढ़ाव जारी है। दोपहर के कारोबार में संवेदी सूचकांक 36 अंक बढ़कर 32 हजार 550 पर आ गया। सवेरे यह एक सौ अंक की बढ़त के साथ 32 हजार 615 पर खुला था।
नेशनल स्‍टॉक एक्‍सचेंज का निफ्टी भी दस हजार 101 की नई रिकॉर्ड ऊंचाई पर खुला। कुछ देर पहले यह 22 अंक बढ़कर 10 हजार 99 पर था।
अन्‍तरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में डॉलर के मुकाबले रूपया 13 पैसे मजबूत हुआ। एक डॉलर 64 रूपये 6 पैसे का बोला गया।
---

हवन यज्ञ में पंद्रहवें दिन श्रद्धालुओं ने डाली 7100 आहुतियां

श्री रूद्राभिषेक सवा लाख महामृत्युंजय जाप व महायज्ञ सम्पन्न
ओढ़ां
गोशाला रोड पर स्थित इच्छापूर्ण भगवान श्री शनिदेव मंदिर ओढ़ां में समस्त गांववासियों के सहयोग से अखिल विश्व कल्याण एवं रोग शांति हेतु श्रावण मास के पावन अवसर पर आयोजित श्री रूद्राभिषेक सवा लाख महामृत्युंजय जाप व महायज्ञ सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर सालासर धाम के पूर्व पुजारी पंडित राजेंद्र बाजपेयी व पंडित दीपक भृगुवंशी ने मुख्य जजमान स्व. आत्माराम गर्ग के सुपुत्र रमेश गर्ग के हाथों पूजा अर्चना व मंत्रोच्चारण के मध्य हवन यज्ञ करवाया।
हवन महायज्ञ में 31 जजमानों सिरसा से रमेश गर्ग, ममता गर्ग, नीलम गर्ग, प्रवीण जिंदल रामां, वेदप्रकाश गोयल, भावेश, सालासर यात्री संघ के प्रधान मास्टर हरी राम गोयल, विनोद गोयल, सतीश गर्ग, रतन गर्ग, सुखजीवन सिंगला, सुरेंद्र बांसल, अमृत डीजे, अमित झूंझ, राजू सिंहमार, श्रवण मायला, राधा सोनी, गंगा सोनी, रोशन लाल, मूर्ति देवी, निर्मल भार्गव, सोना भार्गव, लक्ष्मी देवी औलख, रमेश सैन, ओम थोरी, बजीर सिद्धू, बलजीत सिंह, मांगेराम थोरी, सुनील थोरी, गगन, प्रवीण, धोलाराम, मंगल, यश और मोहित द्वारा 7100 आहुतियां एवं पूर्णाहुति मुख्य जजमान रमेश गर्ग व ममता गर्ग द्वारा डाली गई। इस अवसर पर 31 जजमानों द्वारा 11 ज्योर्तिलिंगों का संयुक्त रूप से रूद्राभिषेक किया गया। इससे पूर्व सुबह श्री गणेश गौरी पूजन तथा अंत में सामुहिक आरती एवं यज्ञ भस्म प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर जजमानों की ओर से भंडारा लगाया गया जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस मौके पर काफी संख्या में महिला पुरूष श्रद्धालु मौजूद थे।