Loading

19 January 2011

सिरसा की अनामिका लेगी जापान में प्रशिक्षण पूरे देश से चार प्रदेश से एकमात्र छात्रा का चयन

सिरसा, 19 जनवरी।
अनामिका
              जिला के गांव दड़बी निवासी अनामिका का चयन जापान इंटरनेशनल कॉपरेशन एजेंसी (जापान सरकार) द्वारा आयोजित ट्रेनिंग फॉर यंग लीडर्स के लिए हुआ है। देश का 23 सदस्यीय दल 26 जनवरी को जापान रवाना होगा। इस दल में 17 आईपीएस व अन्य उच्च रैंक के अधिकारीगण हैं। खास बात यह है कि पूरे देश से सिर्फ 6 विद्यार्थियों का चयन इस प्रशिक्षण शिविर के लिए हुआ है। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र में फॉरेंसिक साइंस अंतिम वर्ष की छात्रा कुमारी अनामिका इस प्रशिक्षु दल में प्रदेश की एकमात्र प्रतिभागी होगी। अनामिका का चयन शैक्षणिक तथा युवा विकास कार्यों में उपलब्धियों के आधार पर किया गया है। पॉलिसी फॉर इंफोर्मेशन एंड कम्युनिकेशन टैक्नॉलोजी विषयक यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 15 दिन तक चलेगा।
    ज्ञातव्य हो कि गांव दड़बी निवासी किसान हरभजन लाल की पुत्री अनामिका शुरू से ही मेधावी छात्रा रही है। शिक्षण के साथ-साथ खेल व अन्य गतिविधियों में वह सदैव अव्वल रही है। इससे पूर्व भी वह राजकीय नेशनल महाविद्यालय, सिरसा से वर्ष 2008 तथा 2009 में स्वर्ण पदक और कॉलेज कलर विजेता रही है। वर्ष 2009 में युनिवर्सिटी रोल ऑफ ऑनर विजेता रही। यही नहीं, अनामिका गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में राजधानी में होने वाली परेड में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व भी कर चुकी है। वर्ष 2009 में नीफा द्वारा राष्ट्रीय युवा पुरुस्कार से उसे सम्मानित किया गया।

बाबा बालक नाथ शिक्षा सदन सिरसा में 50 बच्चों को जर्सियां वितरित की गई

 सिरसा-
          श्री कृष्ण मानव कल्याण समिती (रजि.) सिरसा द्वारा बाबा बालक नाथ शिक्षा सदन सिरसा में 50 बच्चों को एक भव्य समारोह मेंर जर्सियां वितरित की गई। इस कार्यक्रम में मुख्यातिथी श्री नन्द लाल मेहता,प्रधान मुल्तान सभा तथा श्री राजेन्द्र मकानी पूर्व पार्षद एवं निजी सचिव गृहमंत्री श्री गोपाल कांडा थे। इस समारोह की अध्यक्षता पूर्व एमसी श्री राजकुमार वर्मा तथा पूर्व सरपंच श्री सुभाष मेहता ने की। विशिष्ट अतिथि श्री देव नारायण गोयल सेवा निवृत मुख्याध्यापक तथा श्री हंसराज शर्मा, उपप्रधान श्री कृष्ण मानव कल्याण समिती सिरसा थे। यह जानकारी संस्था के सचिव श्री चन्द्रशेखर मेहता ने दी।
    इस समारोह में संस्था के संस्थापक भगवान दास बजाज ने बताया कि अब तक 30000/-रूपये की जर्सियां भिन्न-2 स्कूलों में वितरित की जा चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि जो जनहित में असहाय की सहायता करता है, वह भगवान की ही सेवा करता है। श्री बजाज ने कहा कि श्री कृष्ण सेवा संस्थान जो कि श्री कृष्ण मानव कल्याण समिती का एक सेवा केन्द्र है में शीघ्र ही कम्पयूटर केन्द्र तथा प्राथमिक शिक्षा तक स्कूल आरम्भ कर दिया जाएगा जिसमें नि:शुल्क शिक्षा दी जाएगी।
    ओ.पी. मलिक मैनेजिंग डायरेक्टर एवं ट्रस्टी श्री बाबा बालक नाथ मानव सेवा ट्रस्ट ने सभी मेहमानों का हार्दिक अभिनन्दन करते हुये आभार व्यक्त किया कि संस्था ने जरूरतमंद बच्चों को जर्सियां वितरित की हैं। श्री राजेन्द्र मकानी मुख्यातिथी ने संस्था द्वारा समाज हित में किये जा रहे कार्यों की भुरि-भुरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि गरीब लड़कियों की शादी करवाना एक पुण्य कार्य है।
    इस कार्यक्रम में विशेष तौर पर आमन्त्रित सदस्य श्री राजेश मेहता उपप्रधान शिव चैरटीबल ट्रस्ट (रजि.) एवं मुलतान सभा, श्री महेश मेहता उपप्रधान, कमल मेहता महासचिव शिव चैरटीबल ट्रस्ट एवं सहसचिव मुलतान सभा, रमेश कथुरिया विशिष्ट सदस्य श्री कृष्ण मानव कल्याण समिती, जे.एन अहलावादी, रणजीत सिंह टक्कर सहसचिव, अशोक सोढी कोषाध्यक्ष, श्याम लाल शर्मा, श्याम लाल मेहता, अमरजीत मक्कड़, पृथ्वीराज भाटिया तथा चेतना फुटेला उपस्थित थे।
जारीकर्ता
चन्द्रशेखर मेहता,सचिव
मो. 9416587082

आनंदगढ़ ने सूबाखेड़ा को 26 रनों से हराया

  ओढां, न्यूज.
    खंड के गांव आनंदगढ़ में जनचेतना युवा क्लब द्वारा ग्राम पंचायत व गांववासियों के सहयोग से आयोजित नौवीं शहीद मदन लाल माकड़ मैमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता में दूसरे दिन बुधवार को अनेक दिलचस्प मुकाबले देखने को मिले।
    पहला मैच मुन्ना क्लब आनंदगढ़ और सूबाखेड़ा की टीमों के मध्य खेला गया जिसमें आनंदगढ़ की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पूर्व निर्धारित 10 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 92 रन बनाए जिसमें संदीप ने 2 छक्कों व 2 चौकों सहित 30 रन का सहयोग दिया। सूबाखेड़ा के गेंदबाज बिटू ने 3 ओवरों में 25 रन देकर 3 विकेट और प्रगट ने 3 ओवरों में 19 रन देकर 3 विकेट लिए। इसके जवाब बल्लेबाजी करने मैदान में उतरी सूबाखेड़ा की टीम 10 ओवरों में सभी विकेट खोकर मात्र 66 रन ही जुटा पाई जिसमें सज्जन के 15 रन भी शामिल हैं। आनंदगढ़ के गेंदबाज रिपू गोदारा ने 3 ओवरों में 9 रन देकर 4 विकेट लिए। इस प्रकार आनंदगढ़ की टीम ने यह मैच 26 रनों से जीत लिया जिसका मैन आफ दी मैच का खिताब आनंदगढ़ के रिपू गोदारा को दिया गया जिसने 4 विकेट लिए।
    दूसरा मैच गांव चामल और लकडांवाली की टीमों के मध्य खेला गया जिसमें चामल की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 81 रन बनाए जिसमें सुखा ने एक छक्के व 2 चौकों सहित 31 रन और राजदीप ने 15 रन का योगदान दिया। लकडांवाली के गेंदबाज अमरीक और काला ने दो-दो विकेट लिए। इसके जवाब में बल्लेबाजी करने मैदान में उतरी लकडांवाली की टीम 10 ओवरों में 9 विकेट खोकर 73 रन ही जुटा पाई जिसमें अमित ने 11 गेंद में 22 रन और गोरा सिंह ने एक चौके सहित 26 रन का योगदान दिया। चामल के गेंदबाज रतन ने 3 ओवरों में 13 रन देकर 5 विकेट लिए। इस प्रकार चामल की टीम ने यह मैच 8 रनों से जीत लिया जिसका मैन आफ दी मैच का खिताब चामल के रतन को दिया गया जिसने 5 विकेट लिए।
    तीसरा मैच शेखुपुरिया व मतुवाला की टीमों के मध्य खेला गया जिसमें मतुवाला की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 64 रन बनाए जिसमें टोनी ने 18 गेंद में 15 रनों और कालू ने एक चौके सहित 15 रनों का योगदान दिया। शेखुपुरियां के गेंदबाज संदीप ने 3 ओवरों में 10 रन देकर 3 विकेट लिए। इसके जवाब में बल्लेबाजी करने मैदान में उतरी शेखुपुरिया की टीम ने 6.3 ओवरों में 3 विकेट खोकर 66 रन बनाते हुए मैच जीत लिया जिसमें राजेश ने 20 गेंदों में 5 चौकों व अंतिम गेंद पर छक्के सहित नाटआऊट 28 रन बनाए। मतुवाला के गेंदबाज काकू ने 3 ओवरों में 28 रन देकर 2 विकेट लिए। इस प्रकार शेखुपुरिया की टीम ने यह मैच 7 विकेट से जीत लिया जिसका मैन आफ दी मैच का खिताब शेखुपुरिया के बल्लेबाज राजेश को दिया गया जिसने नाटआऊट 28 रन बनाए।
    इस अवसर पर सरपंच बलवंत गोदारा, अनिल वीर बैनिवाल, दलबीर बैनिवाल, प्रभु गोदारा, हेतराम गोदारा, जगतपाल गोदारा, राजेश गोदारा और राजेंद्र माकड़ सहित अनेक गणमान्य लोग तथा गांव के काफी खेलप्रेमी उपस्थित थे।

शहर में मिट्टी ढोने वाले बिना ढके ट्रैक्टर-ट्रालियां चलाने वालों की अब खैर नहीं है

सिरसा, 19 जनवरी।
                शहर में मिट्टी ढोने का कार्य करने वाले बिना ढके ट्रैक्टर-ट्रालियां चलाने वालों की अब खैर नहीं है, क्योंकि कोई भी मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्राली यदि शहर में चलती पाई गई तो उन ट्रैक्टर-ट्रालियों को जब्त कर चालकों व मालिकों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
    इस संबंध में उपायुक्त श्री सी.जी रजिनीकांथन ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए है कि वे सुनिश्चित करें कि पूरे जिले में कोई भी मिट्टी आदि से भरी ट्रैक्टर-ट्राली बिना ढके न चल पाए। प्राय: देखने में आया है कि इस प्रकार के ट्रैक्टर-ट्रालियों के चालक ज्यादा स्पीड से अपना वाहन चलाते है जिससे सड़कों पर मिट्टी गिरने के साथ-साथ उड़ती भी रहती है, जो सड़क पर चलने वाले आम व्यक्तियों के लिए कठिनाई का कारण बनती है।
    उन्होंने बताया कि इन ट्रैक्टर-ट्रालियों से उडऩे वाली मिट्टी हवा में फैलती है जो विभिन्न बीमारियों का कारण भी बनती है। एक तो इससे पर्यावरण में वायु प्रदूषण होता है, दूसरी ओर विभिन्न प्रकार की बीमारियां फैलने का भी खतरा बना रहता है। उन्होंने सभी ट्रैक्टर-ट्राली के चालकों और मालिकों से अपील की है कि वे अपने मिट्टी से भरे वाहनों को तिरपाल आदि से ढक कर ही एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाए। इसके साथ-साथ जिला के विभिन्न स्थानों पर अवैध रुप से चल रहे पिटर रेहड़ों पर भी रोक लगाने के लिए यातायात विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए है। यदि कोई भी पीटर रेहड़ा जिला की किसी भी सड़क पर चलता पाया गया तो उसे भी जब्त कर पिटर रेहड़ा मालिक के खिलाफ कार्यवाही  की जाएगी।
    उपायुक्त ने कहा कि ट्रैक्टर-ट्राली चालक जो मिट्टी या भूसा ढोने आदि का कार्य करते है वे अपने ट्रैक्टर-ट्रालियों पर रिफलैक्टर आदि अवश्य लगवाए जिससे पीछे व आगे से क्रॉस करने वाले वाहनों को सुविधा होती है। यदि कोई वाहन चालक ऐसा नहीं करता है तो उसके खिलाफ भी कार्यवाही की जाएगी और वाहन का चालान किया जाएगा।
    उन्होंने बताया कि जिला में पडऩे वाले शहरों, कस्बों और नैशनल हाईवे, स्टेट हाईवे तथा अन्य मार्गो पर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर पडऩे वाले गांवों में सड़क सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। इन सभी गांव में जेबरा क्रॉसिंग, कैट आई तथा विभिन्न प्रकार के चेतावनी संबंधी बोर्ड लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों किनारों पर पडऩे वाले बर्म आदि को ठीक करवाया जाएगा तथा विभिन्न मार्गों पर सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न इशारों को दर्शाते हुए बोर्ड भी लगाए जाएंगे।

जिलास्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में सात रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे

सिरसा, 19 जनवरी।
               आगामी 26 जनवरी को जिलास्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में देशभक्ति से ओतप्रोत विभिन्न प्रकार के सात रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
    गणतंत्र दिवस समारोह में प्रस्तुत किए जाने वाले कार्यक्रमों का चयन आज स्थानीय शहीद भगत सिंह खेल स्टेडियम में किया गया। इन कार्यक्रमों के लिए एक दर्जन से भी अधिक स्कूलों की टीमों नें भाग लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का चयन नगराधीश श्री एच.सी भाटिया, उपमंडल अधिकारी ना0 श्री एस.के जैन, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी श्री सतीश कुमार मेहरा तथा जिला प्राथमिक शिक्षा  अधिकारी श्रीमती कुमकुम ग्रोवर ने किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में हरियाणवीं नृत्य के लिए विवेकानंद वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की टीम का चयन किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यालय की 30 छात्राएं 'काट भरोटा बांध लिया मनै उठवावन आईए रे गीत पर हरियाणवीं गीत की प्रस्तुति देंगी। राजस्थानी लोक नृत्य के लिए माता हरकी देवी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, औढ़ा की टीम का चयन किया गया है। इस नृत्य में विद्यालय की 50 से भी अधिक छात्राएं 'केसरिया बालम छ: आयो म्हारे देश गीत पर नृत्य पेश करेगी।
    कार्यक्रम में गिद्दा नृत्य के लिए सैंट बुद्वा जीनियस वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सिरसा की टीम का चयन किया गया है। इस कार्यक्रम में 65 छात्राओं द्वारा 'मेरे देश दा तरंगा नी बड़ा सौना गीत पर गिद्वे की प्रस्तुति दी जाएगी। सांस्कृतिक कार्यक्रम में भंगड़ा की प्रस्तुति शाह सतनाम जी ब्वॉयज वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय द्वारा दी जाएगी। इस भंगड़ा आईटम में स्कूल के 40 से भी अधिक विद्यार्थी भाग लेंगे। इसके साथ-साथ एक्शन सोंग की प्रस्तुति केंद्रीय विद्यालय नंबर-2 द्वारा की जाएगी। इस एक्शन सोंग में छह दर्जन बच्चे भाग लेंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रम में भील नृत्य की प्रस्तुति स्थानीय न्यू सतलुज स्कूल, सिरसा द्वारा दी जाएगी जिसमें दो दर्जन बच्चे भाग लेंगे। समारोह में प्रयास स्कूल तथा श्रवण वाणी विकलांग केंद्र के बच्चों द्वारा कोरियाग्राफी प्रस्तुत की जाएगी। इस प्रकार से गणतंत्र दिवस समारोह में स्कूल बच्चे रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम की छटा बिखेरेंगे।
    नगराधीश श्री एच.सी भाटिया ने सभी स्कूलों की टीम इंचार्ज को निर्देश दिए कि वे अपने स्कूलों में भी निरंतर अभ्यास करवाएं। चयन टीम के सदस्यों द्वारा स्कूलों में जाकर निरीक्षण किया जाएगा। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में और सुधार के लिए स्कूली टीमों के अध्यापकों को जरुरी निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि 20, 21, 22 व 23 जनवरी को स्थानीय शहीद भगत सिंह स्टेडियम में गणतंत्र दिवस समारोह की रिहर्सल की जाएगी। अंतिम फुल डै्रस रिहर्सल 23 जनवरी को होगी जिसमें मार्च पास्ट, परेड, पीटी शो तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले बच्चें अपने कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे।