Loading

29 January 2011

ख्योवाली के ग्रामीणों ने जलघर को ताला जड़ा





 ओढां न्यूज.
    खंड के गांव ख्योवाली में गत 10 दिनों से पानी की सप्लाई न होने से खफा गांववासियों ने शुक्रवार की शाम को करीब 5 बजे के लगभग गांव में स्थित जलघर को ताला जड़ दिया और प्रदर्शन किया।
    गांववासी रामकुमार भारी, साहब राम, शीशपाल, श्रीचंद, पालाराम, कुलबीर सिंह, धर्मबीर, भागीरथ आदि ग्रामीणों ने जलघर को ताला लगा दिया और आप्रेटर विनोद कुमार से चैंबर की चाबी ले ली तथा कहा कि जब तक मोटर ठीक होकर नहीं आती ताला नहीं खोला जाएगा। सूचना मिलने पर सरपंच प्रतिनिधि वीरेंद्र बीरट वहां पहुंचे लेकिन गांववासियों ने तब तक जलघर को ताला लगा दिया था और उसे खोलने से मना कर दिया। सरपंच ने बताया कि करीब 10-12 दिन से जलघर की मोटर खराब थी और कुछ दिन पूर्व विभाग के कर्मचारी मोटर ठीक करवाने हेतु ले गए थे। ठीक करने के बाद कल जब मोटर चलाई गई तो वो फिर से सड़ गई। उन्होंने कहा कि जब तक मोटर ठीक होकर नहीं आती तब तक ग्राम पंचायत की तरफ से कैंटर द्वारा लोगों के घरों तक पानी पहुंचाया जाएगा तथा उन्होंने लोगों के घरों तक पानी पहुंचाने हेतु एक कैंटर लगा दिया जिससे गांव वासियों ने राहत महसूस की।
    जलापूर्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता राजेंद्र ग्रोवर से बात किए जाने पर उन्होंने बताया कि कल शाम तक मोटर ठीक करवाकर गांव में जल सप्लाई शुरु कर दी जाएगी।

छायाचित्र:  जलघर को ताला लगाते गांववासी एवं गांव में सप्लाई हेतु जलघर से जल भरता कैंटर।

लुदेसर ने गुडिय़ाखेड़ा को 8 रनों से हराया

 ओढ़ां न्यूज.
    गांव ख्योवाली में ख्योवाली क्रिकेट कमेटी द्वारा ग्राम पंचायत व समस्त गांववासियों के सहयोग से आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता में छठे दिन शुक्रवार को अनेक रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
    पहला मैच गांव लुदेसर और गुडिय़ाखेड़ा की टीमों के मध्य खेला गया जिसमें टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लुदेसर की टीम ने निर्धारित 8 ओवरों में 4 विकेट के नुकसान पर 48 रन बनाए जिसमें संदीप ने एक चौके सहित 9 गेंद में 15 रन और संजय ने एक चौके सहित 15 गेंदों में 9 रनों का योगदान दिया। गेंदबाजी में गुडिय़ाखेड़ा के गेंदबाज विनोद ने 2 ओवरों में 12 रन देकर 2 विकेट और सतबीर ने 2 ओवरों में 9 रन देकर एक विकेट ली। इसके जवाब में बल्लेबाजी करने मैदान में उतरी गुडिय़ाखेड़ा की टीम ने 8 ओवरों में 5 विकेट खोकर 48 रन बनाए जिसमें बल्लेबाज जयवीर ने 13 गेंदों में 2 चौकों सहित 11 रनों का योगदान दिया। लुदेसर के गेंदबाज संजय और संदीप ने एक-एक विकेट लिया जबकि गोविंद ने 2 विकेट लिए। गुडिय़ाखेड़ा की टीम को लास्ट ओवर में मैच जीतने हेतु 6 रनों की जरुरत थी लेकिन 5 ही बने और मैच टाई हो गया। इस पर कमेटी ने दोनों टीमों को एक-एक सुपर ओवर दिया जिसमें लुदेसर की टीम ने 12 रन बनाए और इसके जवाब में गुडिय़ाखेड़ा की टीम 4 रन ही बना सकी। इस प्रकार लुदेसर की टीम ने यह मैच 8 रनों से जीत लिया।
    दूसरा मैच गांच ख्योवाली और बणी की टीमों के मध्य खेला गया जिसमें ख्योवाली की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 58 रन बनाए जिसमें विनोद कुमार ने 3 चौकों सहित 9 गेंदों में 15 रनों और विक्रम ने एक चौके सहित 10 रनों का योगदान दिया। बणी के गेंदबाज प्रदीप ने 3 ओवरों में 10 रन देकर 2 विकेट और बंसी लाल ने 2 ओवरों में 15 रन देकर एक विकेट लिया। इसके जवाब में बल्लेबाजी करने मैदान में उतरी बणी की पूरी टीम 9 ओवर में 27 रन पर सिमट गई, उसका कोई भी बल्लेबाज 2 अंकों में नहीं पहुंच सका एक बल्लेबाज रोहित ने 3 गेंदों में एक चौके सहित 6 रनों का योगदान दिया। ख्योवाली के गेंदबाज विक्रम ने 3 ओवरों में 10 रन देकर 2 विकेट और सतबीर ने 3 ओवरों में 15 रन देकर 3 विकेट लिए। इस प्रकार ख्योवाली की टीम ने यह मैच 25 रनों से जीत लिया।
   

लुटेरों की तलाश हंतु दो टीमें गठित ,स्कैच बनाए जा रहे हैं

ओढ़ां न्यूज.
    ओढ़ां पुलिस ने गुरुवार की रात को जीटी रोड पर स्थित एसडी पैट्रोल पंप पर हुई लूट का मुकदमा दर्ज करके छानबीन शुरु कर दी है लेकिन अभी तक कोई सफलता पुलिस के हाथ नहीं लगी है। यह जानकारी देते हुए सब इंस्पैक्टर धर्मबीर ने बताया कि पैट्रोल पंप के कारिंदे शांति प्रसाद पुत्र कृपाशंकर तिवारी की शिकायत पर तीन अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि कारिंदे द्वारा बताए गए हुलिए के अनुसार लुटेरों का स्कैच बनाया जा रहा है और पुलिस द्वारा गठित दो टीमें पंजाब, राजस्थान व आसपास के क्षेत्र में लुटेरों की तलाश कर रही है। उन्होंने बताया कि लुटेरे करीब आधा घंटा तक पैट्रौल पंप पर रुके रहे जिनमें से एक व्यक्ति नजदीक के खेतों में शौच करने चला गया और अन्य दो ने वहां घूम फिर कर देखा कि आसपास सुनसान है और पैट्रोल पंप पर कारिंद के अलावा अन्य कोई नहीं है। इसलिए उन्होंने उसे लूटने का मन बना लिया। धर्मबीर ने कहा कि पैट्रोल पंप पर रात को कम से कम दो तीन व्यक्ति रहने चाहिए। थाना प्रभारी हीरा सिंह ने बताया कि दो पुलिस पार्टियां धर्मबीर एसआई व तोता राम एएसआई के नेतृत्व में गई हुई हैं और लुटेरों को शीघ्र ही काबू कर लिया जाएगा।

33 किलो 200 ग्राम अफीम का आरोपी न्यायिक हिरासत में

ओढ़ां न्यूज.
    33 किलो 200 ग्राम अफीम के आरोपी 23 वर्षीय अमनदीप को 4 दिन के रिमांड के बाद आज डबवाली स्थित जेएमआईसी अमरजीत सिंह की अदालत में पेश किया गया जहां से उसे 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। यह जानकारी देते हुए थाना प्रभारी हीरा सिंह ने बताया कि अमनदीप सिंह को रिमांड के दौरान राजस्थान के जिला प्रतापगढ़ ले जाया गया जहां से वो माल लेकर आया था। उसने बताया कि वो कुलदीप सिंह निवासी रघुआना के पास बतौर चालक 3-4 माह से नौकरी कर रहा था और कुलदीप सिंह ने जीप देकर वहां भेजा था। उस जगह पर एक आदमी आया और कुलदीप सिंह ने उसे मोबाइल पर कहा कि यह जीप उस व्यक्ति को दे दूं। इस पर उसने जीप उस व्यक्ति को दे दी। उस व्यक्ति ने काफी समय बाद जीप में अफीम रखकर वो जीप उसे लौटा दी तथा वो उसे लेकर वापिस चल पड़ा। जब 23 जनवरी की रात को वो डबवाली से रघुआना जा रहा था तो उसे पुलिस ने पकड़ लिया। थाना प्रभारी ने आगे बताया कि जीप नंबर आरजे 23 यूए 0628 की आरसी के अनुसार वे जब शंकर लाल पुत्र आनंदी लाल निवासी नाथूसर जिला सीकर के पास पहुंचे तो शंकर लाल ने बताया कि उसके पास कोई गाड़ी नहीं है लेकिन इस नंबर की एक बोलेरो गाड़ी उसके भाई श्याम सुंदर के पास है। श्याम सुंदर को बुलाने पर उसने अपनी बोलेरो गाड़ी के कागजात दिखाए जो सही थे। इसके बाद पुलिस ने सीकर में जाकर रजिस्ट्रेशन एवं अथारिटी कार्यालय में जाकर पड़ताल की तो पता चला कि जीप की आरसी नकली है और इस प्रकार कुलदीप सिंह व अमनदीप पर एनडीपीएस के साथ-साथ धारा 420, 461, 467 भी जोड़ दी गई है। थाना प्रभारी हीरा सिंह ने बताया कि राजस्थान के जिला प्रतापगढ़ में अफीम व पोस्त की खेती की जाती है और हरियाणा के तस्कर वहां से अफीम खरीदकर यहां लाकर बेचते हैं।

गणितज्ञों के जीवन इतिहास पर प्रतियोगिता का आयोजन


ओढ़ां न्यूज.
    माता हरकी देवी महिला शिक्षण महाविद्यालय ओढ़ां में गणित क्लब की ओर से क्लब अध्यक्षा डॉ. बिमला साहू की ओर से गणितज्ञों के जीवन इतिहास विषय पर एक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या सुनीता स्याल ने छात्राध्यापिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से हमें हमारे पूर्वज गणितज्ञों द्वारा दिए गए योगदान की महता को पता चलता है। इस अवसर पर जज की भूमिका मैडम शशि एवं राजरानी ने निभाई। प्रतियोगिता में शुभचरण ने रामानुजम, किरण ने पाइथागोरस, रेणु ने आर्यभट्ट और प्रियंका ने कार्ल क्रेडरिक आदि पर विभिन्न आयामों से प्रकाश डाला। इस प्रतियोगिता में रेणु ने प्रथम, शुभचरण ने द्वितीय एवं किरण ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।