Loading

08 February 2017

पब्लिक हेल्थ की नींद टूटी, ऑटो मार्केट मार्ग पर खुदाई कार्य शुरू

पब्लिक हेल्थ विभाग की नींद टूटी और जलभराव की समस्या के समाधान के लिए जेसीबी की मदद से खुदाई कार्य शुरू

सिरसा, 8 फरवरी। रेलवे पुल के नीचे से ऑटो मार्केट को जाने वाले मार्ग की आखिरकार पब्ल्कि हेल्थ विभाग ने सुध ली। बार-बार शिकायत करने पर भी विभागीय अधिकारी आंखें मूंदे हुए थे।
भारतीय मानवाधिकार एसोसिएशन के जिला प्रधान बलदेवराज की ओर से इस बारे में शिकायत करते हुए समस्या के समाधान की मांग की थी। जिस पर पब्लिक हेल्थ विभाग की नींद टूटी और जलभराव की समस्या के समाधान के लिए जेसीबी की मदद से खुदाई कार्य शुरू करवाया।
उल्लेखनीय है कि ऑटो मार्केट को रेलवे ओवरब्रिज के नीचे से रास्ता जाता है। इस मार्ग से भारी वाहनों का आवागमन होता है। इस मार्ग पर मामूली बारिश के दौरान ही जलभराव हो जाता है। बरसाती पानी की निकासी का बंदोबस्त न होने के कारण लोगों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ता है। आटो मार्केट के व्यवसायी इस बारे में पब्लिक हेल्थ विभाग के अधिकारियों को अनेक बार शिकायत कर चुके थे। लेकिन उसे अनसुना कर दिया गया। जनहित से जुड़े इस मामले में भारतीय मानवाधिकार एसोसिएशन के जिला प्रधान बलदेवराज ने पब्लिक हेल्थ विभाग के अधिकारियों सहित सीएम को पत्र लिखकर समस्या के समाधान की मांग की थी। जिस पर पब्लिक हेल्थ की ओर से आज जलभराव की समस्या के समाधान के लिए कार्य शुरू किया गया।

आर्य समाज ने दी हर वर्ग को आगे बढऩे की प्रेरणा : अशोक वर्मा

सिरसा। आर्य समाज मंदिर में चल रहे यजुर्वेद पारायण यज्ञ के तीसरे दिन आर्य समाज सिरसा के पूर्व प्रधान अशोक वर्मा, अजय बांगा व कर्मबीर आर्य ने सपत्नीक पहुंचकर यजमान की भूमिका निभाते हुए यज्ञ में आहूतियां डाली। स्वामी विधेय योगी कुरुक्षेत्र वाले के मार्गदर्शन में आयोजित इस यज्ञ कार्य को गुरुकुल आर्य नगर हिसार के वेद पाठी विद्यार्थियों ने सम्पन्न करवाया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता आर्य समाज के प्रधान यशबीर आर्य ने की। मंत्री भीषम शास्त्री ने बताया कि सवा क्विंटल गौ घृत से सम्पन्न होने वाले इस पावन यज्ञ की पूर्ण आहूति 12 फरवरी को होगी। कार्यक्रम में मार्केटिंग बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारी निहाल सिंह गोदारा, कालांवाली आर्य समाज के प्रधान सूरज सिंह पूनियां, मंत्री मदन लाल भाटिया, इंद्रजीत आर्य,  पूर्ण चंद नागर ने विशेष रुप से शिरकत करके हवन यज्ञ में आहूतियां डाली। इनके अलावा ओमप्रकाश आर्य, चंद्र मुनि, रामदेव शास्त्री, मांगेराम आर्य तथा अन्य गणमान्य लोगों ने इस पावन अवसर पर शामिल होकर यज्ञ में आहूतियां दी। इसके पश्चात ज्ञानेन्द्र तेवतिया के द्वारा भजन व उपदेश प्रस्तुत किए गए। आर्य समाज के पूर्व प्रधान अशोक वर्मा ने समाज की 125वें स्थापना दिवस के अवसर पर होने वाले विशाल उत्सव में सभी लोगों को बढ़चढ़कर भाग लेने का आहवान करते हुए कहा कि  आर्य समाज ने देश के प्रत्येक नागरिक को समान रुप से आगे बढऩे के लिए प्रेरणा दी है। उन्होंने कहा कि आर्य समाज के सिद्धांतों के माध्यम से प्रत्येक वर्ग को शिक्षित होने, सामाजिक कुरीतियों को मिटाने और अंधविश्वास को दूर करने का बड़ा सहारा मिला है। उन्होंने कहा कि दस फरवरी से 12 फरवरी तक होने वाले इस विशाल उत्सव में ज्यादा से ज्यादा लोगों को शामिल होना चाहिए।

'तेरे एहसान का बदला चुकाया जा नहीं सकता' भजन पर झूमे श्रद्धालु

खाटू धाम में नवम स्थापना समारोह में हुई भव्य भजनामृत वर्षा

सिरसा। श्री श्याम परिवार ट्रस्ट रानियां रोड सिरसा के नवम स्थापना समारोह के दौरान बीती रात भव्य भजन अमृत वर्षा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ट्रस्ट के प्रधान डॉ. श्याम सुंदर गुप्ता, संरक्षक भारत भूषण गुप्ता, संयोजक प्रदीप रातुसरिया सहित ट्रस्ट के सभी सदस्यों ने गणेश पूजन के साथ श्याम प्रभु की पावन आरती की और सभी सदस्यों ने मिलकर आलौकिक  ज्योति प्रज्जवलित करके बाबा का जागरण शुरु किया। ट्रस्ट से जुड़े सदस्यों ने स्वयं भजन प्रस्तुत करके कार्यक्रम को गति दी और उसके बाद कोलकाता से आए कलाकार शुभम-रुपम की जोड़ी ने माइक संभाला।

श्री श्याम मंडप में आयोजित इस पावन कार्यक्रम के लिए पूरे श्याम मंदिर प्रांगण को भव्य रुप दिया गया। बाबा का दरबार सजाया गया तथा 56 भोग लगाकर अमृत वर्षा आरंभ हुई। शुभम-रुपम ने भगवान श्याम की महिमा का गुणगान करते हुए एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत किए - जां के सिर पे म्हारो श्याम धणी होवे है उनको बाल न बांको होवे है, सोहना सजा है तेरा दरबार श्याम जी, आज मिला है मौका तेरे दीदार का, आज बरसेगा प्यार तेरे संसार का। इन भजनों पर न केवल स्वयं कलाकारों ने नृत्य प्रस्तुत किया बल्कि मंडप में मौजूद सभी महिला पुरुष श्रद्धालु भी देर रात तक झूमते गाते रहे। करीब आधी रात के बाद रुद्रपुर से आए रितेश मनोचा ने मंच संभाला और उन्होंने भजन प्रस्तुत करते हुए बाबा को रिझाया। उन्होंने - तेरे एहसान का बदला चुकाया जा नहीं सकता, भुलाना भी अगर चाहूं भुलाया जा नहीं सकता, ओ मेरे शीश के दानी, अदभुत है तेरी कहानी, मैं हूं श्याम प्रेमी मुझे श्याम ने बुलाया। रितेश मनोचा द्वारा प्रस्तुत इन भावपूर्ण भजनों का श्रद्धालुओं ने जमकर आनंद उठाया और श्याम प्रभु की वंदना की। सभी अतिथि कलाकारों को ट्रस्ट की ओर से श्याम प्रभु का भव्य चित्र, श्याम पटका व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम में संयोजक प्रदीप रातुसरिया, कोषाध्यक्ष संजीव रातुसरिया, राकेश वत्स, सुरेश वत्स, एम.एस., सुमित नुहियांवाली वाला, राजेश मदान, वीरेन्द्र रातुसरिया, नीलेश वत्स, राजू बागला, संदीप चाडीवाल, आशीष मिंचनाबाद वाला, राजू संपत, जयंत शर्मा, मनदीप सिंह, ईश्वर शर्मा, रामकिशन तंवर, नरेन्द्र सैन, गोबिंद राम शर्मा, कपिल शर्मा, गोबिंद रातुसरिया, संजय मूंदड़ा, पंकज सर्राफ, ईशान गर्ग, अश्विनी ढिल्लो, होशियारी लाल शर्मा, सतनारायण गोयल, गौरव गोयल, डॉ. दीपा गुप्ता, सरोज, पूनम गुप्ता, मीना गुप्ता, वैशाली रातुसरिया सहित बड़ी संख्या में ट्रस्ट से जुड़े सभी सदस्य व नगर के गणमान्य श्याम श्रद्धालु उपस्थित थे।

समाचार

  • तमिलनाडु के कार्यवाहक मुख्‍यमंत्री ओ. पन्‍नीरसेल्‍वम ने अब कहा कि उन्‍हें इस्‍तीफा देने के लिए मजबूर किया गया। पन्‍नीरसेल्‍वम को पार्टी कोषाध्‍यक्ष पद से हटाया गया।
  • उच्‍चतम न्‍यायालय में कलकत्‍ता उच्‍च न्‍यायालय केन्‍यायाधीश सी एस कर्णन के विरूद्ध अवमानना याचिका की सुनवाई आज।
  • उत्‍तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार जोरों पर, प्रचार कल समाप्‍त होगा।
  • निर्वाचन आयोग ने रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर को लोगों से किसी अन्‍य पार्टी से पैसा लेकर भारतीय जनता पार्टी को वोट देने के कथित वक्‍तव्‍य पर फिर नोटिस जारी किया।
  • परमाणु आतंकवाद पर तीन दिन का वैश्विक सम्‍मेलन आज से नई दिल्‍ली में, डेढ़ सौ देश भाग लेंगे।
  • ब्रिटेन सरकार अंतिम ब्रेक्जिट समझौते पर सांसदों को चर्चा और मतदान का अवसर देने को तैयार।

------------
तमिलनाडु में ऑल इंडिया अन्‍ना डी एम के महासचिव वी० के० ससि‍कला के पार्टी नेता चुने जाने के बाद राज्‍य की राजनीति में अचानक बदलते घटनाक्रम में कार्यवाहक मुख्‍यमंत्री ओ० पन्‍नीरसेल्‍वम ने विद्रोह कर दिया है। उन्‍होंने ससिकला गुट पर उनसे जबरन इस्‍तीफा लेने का आरोप लगाया।
इस बीच, सुश्री ससिकला ने पार्टी सहयोगियों और मंत्रियों से परामर्श के बाद श्री पन्‍नीरसेल्‍वम को पार्टी के कोषाध्‍यक्ष पद से हटाने की घोषणा कर दी, उनकी जगह वनमंत्री डिंडीगुल श्रीनिवासन को कोषाध्‍यक्ष बनाया गया है।    
मीडिया से देर रात हुई बातचीत में सुश्री ससिकला ने श्री पन्‍नीरसेल्‍वम के आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि उन्‍हें इस्‍तीफा देने को मजबूर नहीं किया गया। सुश्री ससिकला ने सभी पार्टी वि‍धायकों के एकजुट रहने का दावा किया है।
श्री पन्‍नीरसेल्‍वम ने कहा कि अगर पार्टी कार्यकर्ता और लोग चाहें तो वे अपना इस्‍तीफा वापस लेने को तैयार हैं।
इस बीच, राज्‍यपाल विद्यासागर राव ने श्री पन्‍नीरसेल्‍वम का इस्‍तीफा मंजूर कर लिया है। हालांकि उन्‍होंने कार्यवाहक मुख्‍यमंत्री और उनके मंत्रिमंडल से व्‍यवस्‍था होने तक कार्य करते रहने को कहा है। सुश्री ससिकला के शपथ ग्रहण समारोह की तारीख अभी तय नहीं हुई है।
सुश्री वी के ससिकला और उनके सहयोगियों के विरुद्ध कार्यवाहक मुख्यमंत्री ओ. पन्नीरसेल्वम के विद्रोह से तमिलनाडु की राजनीतिक स्थिति में अचानक ही नया मोड आ गया है। राजनीतिक पर्यवेक्षकों का कहना है कि विधायकों की बैठक के दो दिन के बाद श्री पन्नीरसेल्वम के खुलासे से पार्टी में फूट की आशंका बढ़ गई है। सुश्री ससिकला के सरकार बनाने का दावा पेश करने के लिए आज कार्यवाहक राज्यपाल विद्यासागर राव से मिलने से पहले एआईए डीएमके विधायकों की आज सुबह पार्टी मुख्यालय में बैठक हो सकती है। राज्यपाल के आज चेन्नई पहुंचने की संभावना है। श्री पन्नीरसेल्वम के विद्रोह के चलते लोगों में राज्यपाल के अगले कदम को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। चेन्नई से जयसिंह की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से रवि कपूर।
------------
उच्‍चतम न्‍यायालय आज एक मौजूदा न्‍यायाधीश के खिलाफ अवमानना मामले की सुनवाई करेगा। प्रधान न्‍यायाधीश जे.एस. खेहर ने कलकत्‍ता उच्‍च न्‍यायालय के वर्तमान न्‍यायाधीश सी.एस. कर्णन के खिलाफ अदालत की अवमानना की कार्यवाही शुरू करने का कल फैसला किया था। श्री कर्णन ने मद्रास उच्‍च न्‍यायालय के मुख्‍य न्‍यायाधीश और अन्‍य न्‍यायाधीशों के खिलाफ आरोप लगाए थे।
------------
उत्‍तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के चौथे चरण में 53 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए नामांकन-पत्रों की कल जांच के बाद 711 उम्‍मीदवार चुनाव मैदान में रह गए हैं। 156 उम्‍मीदवारों के पर्चे विभिन्‍न कारणों से खारिज कर दिए गए। इस बीच, हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि 11 फरवरी को होने वाले मतदान के लिए चुनाव प्रचार ज़ोरों पर है।
पश्चिमी और मध्य प्रदेश उत्तर प्रदेश तथा तराई क्षेत्र के जिन जनपदों में प्रथम तीन चरणों में चुनाव होने हैं, वहां इन दिनों चुनाव का सघन प्रचार अभियान चल रहा है। सभी राजनीतिक दलों के शीर्ष और वरिष्ठ नेतागण ज्यादा से ज्यादा जनसभाएं कर अधिकतम वोटरों तक पहुंचने के प्रयासों में लगे हुए हैं। इस बीच, चुनाव आयोग की मशीनरी भी आदर्श अचार संहिता का पालन कराने में पूरी तरह जुटी हुई हैं, जिसका नतीजा है कि प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में अब तक कुल 103 करोड़ की नियम विरुद्ध धनराशि और लगभग 40 करोड़ रुपए की अवैध शराब जब्त की जा चुकी है। मेराजुद्दीन,आकाशवाणी समाचार, लखनऊ।
उत्‍तर प्रदेश में कानपुर की सभी विधान सभा सीटों के लिए चुनाव प्रचार में तेजी आ गई है। तीसरे चरण में दस विधान सभा सीटों के लिए इस महीने की 19 तारीख को वोट डाले जाएगें।
उत्तराखण्‍ड में विधानसभा चुनाव को देखते हुए नेपाल ने पहली बार राज्‍य की सीमा से लगी शराब की दुकानों को मतदान से 48 घंटे पहले बंद करने का फैसला किया है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि हाल में चम्‍पावत जिला प्रशासन ने नेपाली अधिकारियों के साथ इस बारे में बैठक की थी।
ऱाज्य की 275 किलोमीटर की सीमा पड़ोसी देश नेपाल से लगी हुई है। पिथौरागढ़ और चंपावत जिलों की नेपाल के साथ पूर्वी सीमा काली नदी से लगी है। नेपाल से लगा सीमावर्ती क्षेत्र सुऱक्षा के लिहाज से काफी संवेदनशील है। ऐसे में चुनाव के समय सीमाओं की सुरक्षा चौकस की गई है, लेकिन गौर करने वाली बात यह है कि ऐसा पहली बार हो रहा है कि उत्तराखंड में मतदान दिवस से 48 घंटे पहले दोनों देशों की सीमा को सील करने के साथ शराब की दुकानें भी बंद रखने का फैसला किया गया है। ओ पी मीणा के साथ संजीव सुंदरियाल, आकाशवाणी समाचार, देहरादून।
------------
निर्वाचन आयोग ने रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर को लोगों से किसी अन्‍य पार्टी से पैसा लेकर भारतीय जनता पार्टी को वोट देने के उनके कथित बयान के लिए फिर नोटिस जारी किया है। आयोग ने उनसे कल दोपहर तक जवाब देने को कहा है। आयोग के पहले नोटिस का जवाब देते हुए श्री पर्रिकर ने कहा था कि उनके शब्‍दों को गलत तरीके से लिया गया है। श्री पर्रिकर ने गोवा विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान उनके भाषण से सम्‍बद्ध सीडी की प्रामाणिकता पर भी सवाल उठाया। अपने ताजा नोटिस में आयोग ने श्री पर्रिकर के जवाब को खारिज कर दिया और कहा कि सीडी प्रमाणिक है।
------------
ओडिसा राज्‍य निर्वाचन आयोग ने इस महीने की चार तारीख को ढेंकानाल में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता की हत्‍या की जांच अपराध शाखा से कराने की सिफारिश की है।
राज्‍य में 13 फरवरी से शुरू होने वाले पंचायत चुनाव के लिए पोस्‍टर लगाने को लेकर ढेंकानाल में दो गुटों के बीच संघर्ष हुआ था।
------------
परमाणु आतंकवाद से निपटने के वैश्विक प्रयासों के तहत क्रियान्‍वयन और आकलन समूह की बैठक आज नई दिल्‍ली में शुरू हो रही है। विभिन्‍न भागीदार देशों के करीब डेढ़ सौ प्रतिनिधि और अंतर्राष्‍ट्रीय संगठन तीन दिन की इस बैठक में हिस्‍सा ले रहे हैं। विदेश सचिव एस. जयशंकर आयोजन का उद्घाटन करेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया कि विदेश मंत्रालय और परमाणु ऊर्जा विभाग ने इसका आयोजन किया है।
बैठक में वैश्विक परमाणु अप्रसार और परमाणु ऊर्जा के शांतिपूर्ण उपयोग के लिए भारत की प्रतिबद्धताओं पर जोर दिया जाएगा। साथ ही ये परमाणु सुरक्षा के मुद्दे पर भारत के अंतर्राष्ट्रीय समुदाय के साथ सहयोग का भी हिस्सा है। परमाणु सुरक्षा, संस्थागत ढांचे को मजबूत करने, क्षमता विकास और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग बढ़ाने के लिए भारत की लगातार चली आ रही प्राथमिकता पर भी बैठक में चर्चा होगी। रूसी परिसंघ और अमरीका ने 2006 में आतंकवाद से मुकाबले के लिए इस वैश्विक पहल की शुरुआत की थी। पिछले 10 सालों में इसमें 86 देश और पांच प्रेक्षक संगठन शामिल हो गए हैं। संत बहादुर के साथ, शशांक कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
------------
लोकसभा ने विशेष बैंक नोट दायित्‍व समाप्ति विधेयक 2017 पारित कर दिया है। विधेयक के अनुसार पांच सौ और एक हजार के पुराने नोटों को रखने, दूसरों को देने और प्राप्‍त करने को अपराध माना गया है। इस विधेयक पर बहस का जवाब देते हुए वित्‍तमंत्री अरूण जेटली ने कहा कि इस फैसले से उन लोगों पर असर पड़ा है जो कर की चोरी कर रहे थे।
------------
केन्‍द्रीय प्रत्‍यक्ष कर बोर्ड ने राष्‍ट्र निर्माण में योगदान के लिए तीसरे दौर में लगभग तीन लाख 74 हजार कर दाताओं को सराहना प्रमाण पत्र जारी किये हैं। इसके साथ ही बोर्ड अब तक इस तरह के लगभग 23 लाख प्रमाण पत्र जारी कर चुका है।
------------
गंभीर धोखाधड़ी जांच कार्यालय - एस एफ आई ओ ने ओडि़सा में चिटफंड कंपनी अर्थ तत्‍व के मनी लांड्रिंग घोटाले की जांच शुरू कर दी है। एस एफ आई ओ के पांच सदस्‍यों के दल ने कल भुवनेश्‍वर के झारापाड़ा जेल में अर्थ तत्‍व समूह के प्रमुख प्रदीप सेठी और चार अन्‍य आरोपियों से पूछताछ की।
अर्थ तत्‍व समूह ने ओडि़सा के हजारों निवेशकों से कथित रूप से एक हजार दो सौ करोड़ रूपये ठगे थे।
------------
केन्‍द्र ने बम्‍बई उच्‍च न्‍यायालय को सूचित किया है कि सनातन संस्‍था को गैर कानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम के तहत आतंकवादी संगठन घोषित करने और प्रतिबंध लगाने के लिए संतोषजनक सबूत नहीं मिले हैं। संगठन के सदस्‍यों पर पनवेल और ठाणे में आतंकवादी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है।
इस संगठन का एक सदस्‍य नरेन्‍द्र दाभोलकर हत्‍या मामले में गिरफ्तार किया गया था।
------------
प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्‍यमंत्री जितेन्‍द्र सिंह ने कहा है कि तेरह हज़ार से भी अधिक दिव्‍यांगों को केन्‍द्र सरकार के विभिन्‍न विभागों में नौकरी दी गई है। कल नई दिल्‍ली में संवाददाताओं से बातचीत में डॉक्‍टर जितेन्‍द्र सिंह ने कहा कि केन्‍द्र सरकार के सभी पन्‍द्रह हज़ार छह सौ चौरान्‍वे रिक्‍त पदों को भरने के प्रयास जारी हैं। उन्‍होंने बताया कि अब तक दिव्‍यांगों के लिए रिक्‍त पदों का 84 प्रतिशत भरा जा चुका है।
------------
बिहार में विशेष जांच दल - एस.आई.टी. ने लिपिक परीक्षा प्रश्‍न-पत्र लीक मामले में बिहार कर्मचारी चयन आयोग के सचिव परमेश्‍वर राम और पांच अन्‍य को हिरासत में लिया है। मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि इस रैकेट में शामिल दोषियों को बख्‍शा नहीं जाएगा।
------------
ब्रिटेन सरकार यूरोपीय संघ के साथ होने वाले अंतिम ब्रेक्जिट समझौते के बारे में सांसदों की चर्चा और मतदान के लिए सहमत हो गई है। लेकिन सरकार ने चेतावनी दी है कि वे ब्रिटेन को यूरोपीय संघ से अलग होने से नहीं रोक सकते।
हालांकि सरकार ने चेतावनी दी है कि अगर संसद यूरोपीय संघ के साथ नये व्‍यापारिक समझाते सहित अंतिम समझौते की शर्तों को नामंजूर कर देती है तो भी ब्रिटेन यूरोपीय संघ से अलग हो जाएगा। ब्रेक्जिट मंत्री डेबिड जोन्‍स ने हॉउस ऑफ कॉमन्‍स को बताया कि यह सार्थक मतदान होगा।
------------
पाकिस्‍तान में आज तड़के समुद्र तट के पास भूकंप के शक्तिशाली झटके महसूस किए गए। रिक्‍टर पैमाने पर इसकी तीव्रता छह दशमलव तीन मापी गई।
भूकंप से अभी किसी जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है।
------------
समाचार पत्रों की सुर्खियों से
गरीबों को ताकतवर बनाने के लिए की गई नोटबंदी-राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर लोकसभा में प्रधानमंत्री का जवाब इकॉनॉमिक टाइम्स सहित लगभग सभी अखबारों के मुख पृष्ठ पर है। बकौल दैनिक जागरण, सर्जिकल स्ट्राइक और नोटबंदी के बाद विपक्ष के आरोपों का पहली बार संसद में दिया गिन-गिन कर जवाब। हरिभूमि ने प्रधानमंत्री के भाषण को सुर्खी दी है-आर्थिक स्वच्छता का अभियान है नोटबंदी, अगला कदम बेनामी संपत्ति के खिलाफ होगा।
अमर उजाला की खबर है-पठानकोट हमले के सरगना मसूद पर प्रतिबंध को यू.एन. पहुंचा यू.एस.। जनसत्ता के शब्द हैं अब अमेरिकी कोशिश का विरोध किया चीन ने।
पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी-आईएसआई का एजेंट और कानपुर रेल हादसे के मुख्य षडयंत्रकारी के नेपाल में पकड़े जाने की खबर को दैनिक जागरण सहित सभी अखबारों ने अहमियत दी है।  
मुझ से जबरन इस्तीफा दिलवाया, अम्मा तो मुझे सीएम चाहती थीं- तमिलनाडु के कार्यवाहक मुख्यमंत्री पन्नीरसेलवम के ऑल इंडिया अन्ना डीएमके महासचिव वी.के ससिकला के खिलाफ विद्रोह की खबरें राजस्थान पत्रिका सहित अधिकांश अखबारों में है। 
नवभारत टाइम्स की सुर्खी है, अगर कोई चार्टेड एकाउंटेंट अपने क्लाइन्ट का गलत रिटर्न भरेगा तो उस पर दस हजार रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा।

07 February 2017



विशेष आवश्कता वाले बच्चों की दो दिवसीय खंड स्तरीय खेलकूद, सांस्कृतिक व आर्ट एंड क्राफ्ट प्रतियोगिता सम्पन्न

इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में गांव घुकांवाली से हैप्पी सिंह ने गीत मैं फैन भगत सिंह दा, जंडवाला के जश्न सिंह ने गीत किन्ने डॉलर कमाये बाकी सारे पूछदे, रोटी खाहदी है के नहीं कल्ली मां पूछदी, पन्नीवाला मोटा से विजय लक्ष्मी ने देशभक्ति गीत ऐ मेरे वतन के लोगो जरा आंख में भरलो पानी, जो शहीद हुये हैं उनकी कुर्बानी, पन्नीवाला मोटा से सुनील ने गीत कच्ची छल्ली कदे ना पटिये पर दिलकश नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं दूसरी ओर पूजा ने हरियाणवी डांस तथा राजबीर ने छल्ला सुनाकर सभी का मन मोह लिया।
ओढ़ां

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ओढ़ां में विशेष आवश्कता वाले बच्चों की दो दिवसीय खंड स्तरीय खेलकूद, सांस्कृतिक व आर्ट एंड क्राफ्ट प्रतियोगिता में दूसरे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें खंड ओढ़ां के 37 गांवों के विशेष आवश्यकता वाले सभी बच्चों ने भाग लिया।
 रावमावि ओढ़ां के प्राचार्य सुभाष फुटेला की देखरेख में आयोजित इस कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी ओढ़ां मधु जैन ने मुख्यातिथि के रूप में बोलते हुए विशेष बच्चों को इस प्रकार के कार्यक्रमों में बढ़ चढ़कर भाग लेने को प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि जो बच्चे किसी कारणवश अन्य प्रतियोगिताओं में भाग नहीं ले सकते वे इस प्रकार के कार्यक्रमों में भाग लेकर न केवल स्वयं को समाज की मुख्य धारा में शामिल कर सकते हैं बल्कि आकर्षक उपहार के हकदार भी बन सकते हैं। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में विशेष अध्यापक देशराज और रचना, महावीर मल्हान, संदीप अरोड़ा, सरदूल सिंह, बूटा सिंह, सुशील सारस्वत, रिछपाल और हेमराज अरोड़ा सहित अन्यों ने सार्थक सहयोग दिया।
इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में गांव घुकांवाली से हैप्पी सिंह ने गीत मैं फैन भगत सिंह दा, जंडवाला के जश्न सिंह ने गीत किन्ने डॉलर कमाये बाकी सारे पूछदे, रोटी खाहदी है के नहीं कल्ली मां पूछदी, पन्नीवाला मोटा से विजय लक्ष्मी ने देशभक्ति गीत ऐ मेरे वतन के लोगो जरा आंख में भरलो पानी, जो शहीद हुये हैं उनकी कुर्बानी, पन्नीवाला मोटा से सुनील ने गीत कच्ची छल्ली कदे ना पटिये पर दिलकश नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं दूसरी ओर पूजा ने हरियाणवी डांस तथा राजबीर ने छल्ला सुनाकर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दौरान निर्णायक मंडल की भूमिका में उपस्थित सुशील कुमार, रिछपाल गोदारा और सरोज रानी आदि के अनुसार कक्षा पहली से पांचवीं तक एकल गीत प्रतियोगिता में राजकीय प्राथमिक पाठशाला ख्योवाली से मनीषा प्रथम, टप्पी से दीपिका द्वितीय एवं रोहिडांवाली से हरदीप तृतीय, एकल गीत में कक्षा छठी से आठवीं तक में राजकीय उच्च विद्यालय घुकांवाली से हैप्पी प्रथम, राजकीय कन्या उच्च विद्यालय पन्नीवाला मोटा से विजयलक्ष्मी द्वितीय एवं राजकीय माध्यमिक विद्यालय जंडवाला जाटान से जश्न तृतीय, एकल गीत के तहत कक्षा नौवीं से बारहवीं तक में राजकीय उच्च विद्यालय ख्योवाली से शेर सिंह प्रथम और उसी विद्यालय की लवली द्वितीय तथा कक्षा नौवीं से बारहवीं तक समूहगान में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नुहियांवाली से अभिषेक ग्रुप प्रथम स्थान पर रहा। इसी प्रकार कक्षा पहली से पांचवीं तक सोलो डांस में राजकीय प्राथमिक पाठशाला हस्सू से सर्वजोत प्रथम एवं चकेरियां से पूजा द्वितीय, कक्षा छठी से आठवीं तक एकल नृत्य में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पन्नीवाला मोटा से सुनील प्रथम, मिठडी से जसप्रीत द्वितीय एवं मिठडी से ही हर्षमीत तृतीय, कक्षा नौवीं से बारहवीं तक एकल नृत्य में राजकीय कन्या उच्च विद्यालय ओढ़ां से सुशीला प्रथम तथा संदीप द्वितीय स्थान पर रहे।