Loading

29 March 2017

फाइनल में मेजबान मलिकपुरा टीम की भिडंत चठ्ठेवाला टीम से होगी

ओढां
गांव मलिकपुरा में बाबा दीप सिंह स्पोटर्स क्लब द्वारा गांववासियों के सहयोग से गांव के खेल स्टेडियम में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में पहुंची चार टीमों में से पहले सेमिफाइनल में मेजबान मलिकपुरा टीम की भिडंत भीटीवाला (पंजाब) की टीम से हुई जबकि दूसरे सेमीफाइनल में चठ्ठेवाला की टीम मोहब्बत लहरा (पंजाब) की टीम से भिड़ी। इन मुकाबलों में मलिकपुरा व चठ्ठेवाला की टीमें ने अपने विरोधियों को पटखनी देते हुए फाइनल में प्रवेश कर गई हैं।
पहले सेमीफाइनल में भीटीवाला की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 8 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर कुल 71 रन बनाए जिसमें सेंडी ने 30 तथा सिद्धू ने 24 रनों का योगदान दिया। मलिकपुरा के गेंदबाज मणी, रूपनीत व अवतार ने 2-2 तथा जसवंत ने एक विकेट लिया। इसके जवाब में बल्लेबाजी करते हुए मलिकपुरा की टीम ने 5 विकेट खोकर 72 रनों के लक्ष्य को प्राप्त कर 5 विकेट से जीत दर्ज करते हुए फाइनल में प्रवेश पाया। इस जीत में मलिकपुरा के बल्लेबाज राजू ने 26, पिंद्र ने 18 तथा जसवंत ने 15 रनों का योगदान दिया जबकि भीटीवाला के गेंदबाज सिद्धू व कमलजीत ने 2-2 विकेट लिए।
दूसरे सेमीफाइनल में मोहब्बत लहरा की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 8 ओवरों में सभी विकेट गंवाकर मात्र 42 रन जुटाए जिसमें मौड़ ने 20 तथा पेंडू ने 10 रनों का योगदान दिया। चठ्ठेवाला के गेंदबाज कद्दू व जादू ने 3-3 तथा संदीप ने 2 विकेट लिए। इसके जवाब में चठ्ठेवाला की टीम ने इस आसान लक्ष्य को छठे ओवर में पार करते हुए मैच जीतकर आसानी के साथ फाइनल में प्रवेश कर लिया। इस जीत में बल्लेबाज जादू तथा गुरप्रीत ने 20-20 रनों का योगदान दिया तथा मोहब्बत लहरा के दीपा ने चठ्ठेवाला के 2 विकेट चटकाए। अब फाइनल मैच में मेजबान मलिकपुरा की टीम का मुकाबला चठ्ठेवाला की टीम से होगा। इस मौके पर सरपंच गुरमीत सिंह, अवतार सिंह, बाबा दीप सिंह स्पोर्टस क्लब मलिकपुरा के सदस्यों व ग्राम पंचायत सदस्यों सहित मनोज कुमार और रविन्द्र तथा काफी संख्या में खेलप्रेमी गांववासी मौजूद थे।

रहिए रब्ब दी रजा दे विच राजी जाणा नी नाल कख बंदेया

शीतला माता मंदिर में दूसरा वार्षिक जागरण आयोजित
ओढ़ां
स्थानीय माता हरकी देवी कॉलेज रोड पर जलघर व शनिदेव मंदिर के मध्य स्थित शीतला माता मंदिर की प्रबंधक समिति द्वारा गांववासियों के सहयोग से शीतला माता का दूसरा वार्षिक जागरण बड़ी धूमधाम व उत्साह के साथ आयोजित किया गया। श्री दुर्गा मंदिर के पुजारी पंडित दिगंबर शर्मा ने सरपंच प्रतिनिधि सीताराम व अन्य गणमान्य लोगों की मौजूदगी में पूजन के उपरांत प्रबंधक समिति सदस्यों से ज्योति प्रज्जवलित करवाई तथा नवदुर्गा के नौ रूपों की जानकारी देते हुए नवरात्रों का महत्व बताया।
जागरण का शुभारंभ भजन गायक ज्ञानी जगमालवालिया द्वारा श्रीगणेश वंदना 'आजो आजो आजो आपां पूजिए गणपति गौरां मां दे लाल नूं.. और बालाजी वंदना, भैरों वंदना एवं सरस्वती वंदना गायन के साथ किया। तदुपरांत भजन गायक दीपक आजाद, कुलदीप जलालआना, राजू खारियां, जसपाल तगड़ और राजू सोनी सहित अन्य भजन गायकों ने 'एह तां भर दिंदी झोली खाली किसे नूं ना मोड़े.. साडा तेरे तों बगैर माए सरदा नहीं.. मेहर करीं सारी संगत दे उते दातिए.. जिवें मेरी झोली खुशियां नाल भरी है सारेयां दी भरीं दातिए.. सारी दुनियां तों बैली अखवाके दस की खटेया, रहिए रब्ब दी रजा दे विच राजी जाणा नी नाल कख बंदेया.. आदि भजनों से प्रभु का गुणगान करते हुए श्रद्धालुओं में भक्तिभाव संचार किया। भजनों के अलावा ओढ़ां आर्ट ग्रुप द्वारा मनमोहक झांकियों का प्रदर्शन भी किया गया।
इस मौके पर सालासर यात्री संघ के प्रधान हरीराम गोयल, उपप्रधान सुरेंद्र बांसल, श्री दुर्गा भजन मंडल, ओढ़ां रामलीला क्लब और श्री ज्वाला जी भजन मंडल के सदस्यों सहित पप्पी वर्मा, गुरदित गुरा, भाला सिंह, रामलाल गर्ग, रतनलाल चमडिय़ा, जसपाल सिंह, सतीश गर्ग, सुखजीवन सिंगला, रामनिवास, रतन परिंदा, मुकेश सैन, सुखपाल गर्ग, कुलदीप सिंगला, बाबा राजकुमार और कुलवंत सिंह, रोड़ी, सुखचैन, जलालआना, खारियां व ओढ़ां से काफी संख्या में गांववासी महिला पुरूष श्रद्धालु मौजूद थे।

भगवान के लिए व्याकुल होकर रोने लग जाओ, वे अवश्य मिलेंगे : विजयानंद गिरी

नुहियांवाली की रामभक्त हनुमान गोशाला में जारी है श्रीरामकथा एवं दुर्लभ सत्संग

ओढ़ां
खंड के गांव नुहियांवाली में जारी श्रीरामकथा एवं दुर्लभ सत्संग के दौरान कथावाचक स्वरूपदास महाराज द्वारा श्रीरामकथा के दौरान भगवान श्रीराम जन्म का सुंदर वर्णन करते हुए बताया कि श्रीरामजन्म पर भगवान के बापरूप का दर्शन हेतु लालायित सभी देवगण पृथ्वी पर उतर आए तथा महादेव भी स्वयं को रोक नहीं पाए। इस अवसर पर उन्होंने श्रीरामजन्म का अति सुंदर शब्दचित्र प्रस्तुत किया जिसे श्रद्धालुओं मंत्रमुग्ध होकर सुना।
दुर्लभ सत्संग का शुभारंभ जय श्री राधे गोबिंद के उच्चारण से करते हुए स्वामी विजयानंद गिरी ने कहा कि धन दौलत जायदाद तो कम ज्यादा हो सकती है लेकिन समय नहीं। उन्होंने कहा कि समय हमारे पास सीमित है अत: भक्त प्रह्लाद की भांति प्रभु को अपना मान लो जो आपके भीतर ही है। उन्होंने कहा कि भगवान कभी भी मनुष्य से पाप नहीं करवाते, पाप तो मनुष्य कामना के वशीभूत होकर करता है। भगवान को पाने के लिए कहीं जाने अथवा कठिन तपस्या करने की आवश्यकता नहीं बल्कि रोना सीख लो तथा भगवान के लिए व्याकुल होकर रोने लग जाओ तो वे अवश्य मिलेंगे। जैसे जब कोई बच्चा रोने लगता है तो मिठाई अथवा खिलौने से भी नहीं बहलता और मां की गोद में जाकर ही चुप होता है। बच्चे के रोने पर मां को भी स्वत: ही पता चल जाता है कि बच्चे को उसकी आवश्यकता है और वो दौड़ी चली आती है। ठीक ऐसा ही रिश्ता भगवान और भक्त का होता है जब आप भगवान के लिए रोओगे तो वे दौड़े चले आएंगे। भजन ...हैं भाव के भूखे भगवन ये वेद बताते हैं ये वेद बताते हैं, जब भक्त पुकारे प्रेम से प्रभु दौड़े आते हैं प्रभु दौड़े आते हैं...।
स्वामी जी ने कहा कि भगवान का विश्व की किसी भी भाषा में न तो वर्णन किया जा सकता है और न ही चिंतन, उनको तो बस पाया जा सकता है। भगवन कहते हैं कि उनको सबसे प्रिय यदि कोई है तो वो मनुष्य है अत: भगवान पूरे के पूरे हमारे हैं और उनको पाया जा सकता है। लेकिन मनुष्य ने स्वयं को मदिरा सेवन, मांस भक्षण, पान गुटका बीड़ी तथा परस्त्रीगमन जैसे व्यस्नों में फंसा रखा है जिसके चलते वो अपनी राह को निरंतर कठिन बनाने में लगा है। जैसे अग्नि से लकड़ी का अंगारा जब छिटककर बाहर निकलता है तो बुझकर काला हो जाता है लेकिन दोबारा अग्नि में डालने पर चमकने लगता है ठीक उसी तरह मनुष्य जब भगवान को पा लेता है तो चमकने लगता है। भगवान के बिना मनुष्य राजा, मंत्री अथवा कितना भी बड़ा पद प्राप्त करले लेकिन वो हमेशा त्रिलोकी का दास ही रहता है अत: बेहतर तो यही है कि स्वयं को भगवान को सौंप दो। अंत में भजन ..अब सौंप दिया इस जीवन का सब भार तुम्हारे हाथों में..।
इस मौके पर सरपंच बाबूराम गैदर, जोतराम ओढ़ां, सूरजभान कालांवाली, प्रधान बलराम सहारण, रामप्रताप, भगवान सिंह, दलीप सोनी, महेंद्र सिंह, राजेंद्र नेहरा और रामकुमार नेहरा सहित क्षेत्र के अन्य गांवों से आए श्रद्धालु तथा काफी संख्या में महिला पुरूष श्रद्धालु मौजूद थे।

नए सत्र के शुभारंभ पर हवन यज्ञ व कन्या पूजन आयोजित

ओढ़ां
राजेंद्र पब्लिक स्कूल पंजुआना मे मंगलवार को सत्र 2017-18 का शुभारंभ किया गया। नए सत्र के शुभारंभ पर हवन यज्ञ आयोजित किया गया।

विद्यालय प्रांगण मे सभी विद्यार्थियों, अध्यापकगणों एंव विद्यालय स्टाफ  द्वारा हवन मे आहुति डाली गई।
इस अवसर पर विद्यालय प्राचार्य आशुतोष रस्तोगी ने सभी को संबोधित करते हुए कहा की हवन करने से सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और सकारात्मकता हमे हमेशा सफलता की और ले जाती है। चूंकि आज नवरात्रों का शुभारंभ भी था अत: इस अवसर पर विशेष रूप से कन्या पूजन का आयोजन किया गया। प्रधानाचार्य आशुतोष रस्तोगी ने विद्यालय के नए सत्र के शुभारंभ पर आए हुए विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए नव संवत की हार्दिक शुभकामनायें दी गई।

मलिकपुरा की टीम ने कोटला कोरा पंजाब की टीम को हराया

मेजबान टीम ने मैच की दो गेंद शेष रहते दो रन से जीता मैच
ओढां
गांव मलिकपुरा में बाबा दीप सिंह स्पोटर्स क्लब की ओर से समस्त गांववासियों के सहयोग से आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता में मंगलवार को अनेक रोचक मुकाबले हुए। गांव गिदड़खेड़ा और चठ्ठा की टीमों के मध्य खेले गए एक मैच में गिदड़खेड़ा की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पूर्व निर्धारित 8 ओवरों में कुल 58 रन बनाए जिसमें शिंदी ने 20 रनों तथा मदन ने 18 रनों का योगदान दिया। चठ्ठा के गेंदबाज कद्दू ने 2 ओवरों में 10 रन देकर 5 विकेट लिए। इसके जवाब में बल्लेबाजी करने मैदान में उतरी चठ्ठा की टीम ने 5.5 ओवरों में 4 विकेट खोकर 60 रन बनाते हुए यह मैच 6 विकेट से जीता जिसमें बल्लेबाज जादू ने 30 रनों का योगदान दिया।
एक अन्य मैच में मलिकपुरा की टीम ने कड़े संघर्ष के बाद कोटला कोरा की टीम को हराने में सफलता प्राप्त की। मलिकपुरा की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लेते हुए निर्धारित 8 ओवरों में 3 विकेट के नुकसान पर कुल 95 रन बनाए जिसमें राजू ने 33 रनों तथा जगवंत व मनी ने 30-30 रनों का योगदान दिया। इसके जवाब में कोटला कोरा की टीम के बल्लेबाजों ने कड़ा मुकाबला करते हुए टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचा दिया लेकिन 2 गेंदों के शेष रहते उनकी अंतिम विकेट भी धराशायी हो गई जिसकी बदौलत मलिकपुरा की टीम ने यह मैच 2 रनों से जीत लिया। इस मौके पर सरपंच गुरमीत सिंह, अवतार सिंह, बाबा दीप सिंह स्पोर्टस क्लब मलिकपुरा के सदस्यों व ग्राम पंचायत सदस्यों सहित मनोज कुमार और रविन्द्र तथा काफी संख्या में खेलप्रेमी गांववासी मौजूद थे।