Loading

16 February 2018

मनरेगा मजदूरों ने अपनी मांगों को लेकर किया प्रदर्शन

ओढ़ां
मनरेगा मजदूरों ने अपनी मांगों को लेकर देहाती मजदूर सभा के बैनर तले खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय ओढ़ां में धरना प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर भवन निर्माण यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष मंगत राम ने मजदूरों को संबोधित करते हुए कहा कि आज न तो मनरेगा मजदूरों को काम दिया जा रहा है और न ही किए गए काम की मजदूरी, इसलिए मजदूरों की हालत बहुत खराब है तथा मजदूरों के लिए सरकार या प्रशासन कुछ नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि गत 8 दिसंबर को भी मनरेगा मजदूरों ने धरना दिया था लेकिन अधिकारियों द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया गया। यदि अब खाली सीजन में मजदूरों के काम पर ध्यान नहीं दिया गया तो सभी मजदूर 26 फरवरी को जिला मुख्यालय पर धरना देंगे। इस मौके पर बलतेज, बलवीर, जगजीत, दिलावर, दर्शन, सुखदेव, पिरथी, हरपाल, निरंजन, गुरमेल, जलौर, जगतार व जगसीर मिठडी तथा जगदीश, हनुमान व सोहन नुहियांवाली सहित अनेक मजदूर मौजूद थे।

शिक्षा के क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा पैदा करने की आवश्यकता है : जगदीश नेहरा

ओढ़ां
''शिक्षित देश ही सही मायने में प्रगति करता है लेकिन हमारे देश में काफी बड़ी जनसख्या अशिक्षित है अत: हमें शिक्षा का विस्तार करने, शिक्षा का स्तर सुधारने तथा शिक्षा के क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा पैदा करने की आवश्यकता है''

उक्त विचार श्री बालाजी चेरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष व पूर्व मंत्री जगदीश नेहरा ने गांव खाई शेरगढ़  के हाई स्कूल व भागसर के प्राइमरी स्कूल में विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए कहे। इस मौके पर उन्होंने बच्चों में ज्यादा से ज्यादा प्रतिस्पर्धा पैदा करने के लिए प्रोत्साहन स्वरूप गांव खाई शेरगढ़ को 3100 रुपये और गांव भागसर में 1100 रुपये उन बच्चों के लिए श्री बालाजी चेरिटेबल ट्रस्ट की तरफ से प्रतिवर्ष दिए जाने की घोषणा की जो बच्चे स्कूल में सबसे ज्यादा नम्बर लेते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह से बच्चों में पढ़ाई के लिए प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी।
उन्होंने समाज के सम्रद्ध लोगों व सामाजिक संस्थाओं से आह्वान करते हुए कहा कि वे इस तरह से कार्य करें कि देश व समाज का भला हो। इस अवसर पर बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया। इस मौके पर सरपंच प्रतिनिधि नरेश कुमार, सहीराम सहारण, सुभाष कस्वां, सुखदेव सिंह, कुम्भाराम, रामेश्वर घोटिया, रामेश्वर सहारण, दर्शन सिंह, महावीर ढाका, छोटूराम, मुख्याध्यापक महेंद्र डूडी, सुभाष चंद्र, बृजलाल, मलजीत सिंह और किरणजीत कौर सहित गांव के गणमान्य लोग मौजूद थे।

जल स्वच्छता समिति सदस्यों का क्षमता संवर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न

सबसे बड़ी आवश्यकता जल की शुद्धता पर ध्यान देना : लक्ष्मीकांत भाटिया
ओढ़ां
जल हमारे जीवन की प्रथम प्राथमिकता व आवश्यकता है लेकिन हमारी मानसिकता में इसका महत्व ना के बराबर है इसलिए आज पेयजल के प्रति हम संवेदनशील नहीं हैं।

यह बात हरियाणा जल एवं स्वच्छता संगठन के राज्य सलाहकार लक्ष्मीकांत भाटिया ने खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय ओढ़ां में जल स्वच्छता समिति सदस्यों को क्षमता संवर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतिम दिन अपने संबोधन में कही। उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी आवश्यकता जल की शुद्धता पर ध्यान देने की है ताकि अशुद्ध जल से पनपने वाले रोगों पर अंकुश लगाकर हम शारीरिक व आर्थिक नुकसान से बच सकें। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा प्रदेश भर में अप्रैल माह से ग्रामीण जल संरक्षण अभियान चलाकर हर घर तक पर्याप्त शुद्ध जल पहुंचाने का प्रशंसनीय प्रयास किया जा रहा है तथा जिसके लिए समितियों का सहयोग अत्यावश्यक है।
जिला सलाहकार राकेश सोगलान ने बताया कि खंड ओढ़ां में लगभग 400 समिति सदस्यों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है ताकि वे ग्रामीण जल प्रणाली के बारे में जागरूक होकर प्रत्येक घर तक शुद्ध जल पहुंचाने में सहयोग कर सकें। कैमिस्ट संतोष कुमारी ने पानी में कैमिकल विषय पर विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान सदस्यों को खंड संसाधन संयोजक प्रदीप बैनिवाल द्वारा जिम्मेदारियां व कर्तव्य, डॉ. बलदेवराज द्वारा स्वच्छता, प्रेम सहारण द्वारा जल संरक्षण, हरीसिंह द्वारा ऑपरेशन व मेंटीनेंस तथा राजेश द्विवेदी द्वारा जल में किटाणु विषय पर प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस मौके पर पंचायत समिति अध्यक्ष मनोज शर्मा ने खंड ओढ़ां में प्रशिक्षण देने और जल संरक्षण व स्वच्छता विषय पर जागरूक करने पर जल स्वच्छता सहायक संगठन का आभार व्यक्त किया।

15 February 2018

ओढ़ां अनाज मंडी से जींद के लिए रवाना हुए हजारों कार्यकर्ता

कांग्रेस मुक्त और लोकदल लुप्त का कार्य करेगी यह रैली : देवकुमार शर्मा

जींद में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की बाइक रैली में शामिल होने के लिए डबवाली विधानसभा क्षेत्र से 500 के लगभग बाइकों पर हजारों कार्यकर्ता ओढ़ां की नई अनाज मंडी से जींद के लिए रवाना हुए। इस बाइक जत्थे के साथ एक अग्निशमन वाहन, एक एंबूलेंस और पुलिस पीसीआर भी रवाना हुई।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को रवाना करते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता देवकुमार शर्मा ने कहा कि भाजपा के लिए यह रैली मात्र रैली न होकर कुंभ का मेला है जिसमें अमित शाह के मार्गदर्शन में उनके वचनों की गंगा में डुबकी लगाकर कार्यकर्ता उनके विचारों को जन जन तक पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि कुछ विरोधी दल ऊल जलूल बातें बनाकर व रैली न होने का बयान देकर तथा जनता के बीच जाति पाति का नारा देकर रैली को कमजोर करने की साजिश कर रहे थे जिसे जनता ने नकार दिया। उन्होंने कहा कि डबवाली विधानसभा क्षेत्र के लिए जींद सबसे दूर का रास्ता है फिर भी डबवाली के कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बनता है। अमित शाह के आने के बाद यह रैली कांग्रेस मुक्त और लोकदल लुप्त का कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा ने हर क्षेत्र में रिकार्ड तोड़ा है। ईमानदाी में नंबर वन, भ्रष्टाचार मुक्ति में नंबर वन और आज होने वाली रैली में भी हरियाणा नंबर वन रहेगा।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को उनके अलावा जिला महामंत्री विजय वधवा और मंडल अध्यक्ष सतिंद्र गर्ग सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। इस मौके पर निगरानी कमेटी के चेयरमैन पवन गर्ग ओढ़ां, विस्तारक वासूदेव शर्मा, सुनील जिंदल, सतीश जग्गा, बलदेव सिंह मांगेआना, मीडिया प्रभारी जसपाल तगड़, धमेंद्रपाल शर्मा टप्पी, सुरेंद्र चेयरमैन, अमीलाल पारीक, गौरव मोंगा, प्रेम शर्मा, पिरथीचंद गर्ग, जोतराम शर्मा, दर्शन सालमखेड़ा, सूरजभान नुहियांवाली, रणजीत तिगड़ी, मनदीप शर्मा, बूटा सिंह हैबूआना, विकास कालूआना, अंग्रेज चोरमार, शामलाल कुकड़, बलजीत सिंह पार्षद और मास्टर जगदीश शर्मा सहित हजारों कार्यकर्ता मौजूद थे।

19 August 2017

समाचार:-

  • नीतीश कुमार के नेतृत्‍व वाले जनता दल यूनाइटेड का भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्‍व वाले एनडीए में शामिल होने का फैसला।
  • भारतीय रिजर्व बैंक ने डूबे ऋण के मुद्दे को समयबद्ध तरीके से हल करने के लिए बैंकों को पूंजी उपलब्‍ध कराने को कहा। वित्‍त मंत्री अरूण जेटली ने कहा--मजबूत बुनियादी ढांचे को सुनिश्चित करने के लिए सरकार का विशेष प्रयास।
  • सरकार ने सेना के चिकित्‍सा अधिकारियों और विशेषज्ञों के वेतनमानों में बढ़ोतरी को मंजूरी दी।
  • बिहार में बाढ़ की स्थिति अब भी गंभीर। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सर्वाधिक प्रभावित अररिया जिले में हवाई जहाज से खाने के पैकेट वितरित करने के आदेश दिए। उत्तर प्रदेश के 37 जिले बाढ़ से प्रभावित।
  • अमरीका में सांसदों ने पाकिस्‍तान के सिंध प्रांत में मानवाधिकारों के उल्‍लंघन पर चिंता प्रकट की।
---
नीतीश कुमार के नेतृत्‍व वाले जनता दल युनाइटेड ने आज केंद्र में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्‍व वाले एन डी ए में शामिल होने का फैसला किया है। यह निर्णय पार्टी अध्‍यक्ष नितीश कुमार की अध्‍यक्षता में पटना में राष्‍ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में लिया गया। इसमें कहा गया कि भारतीय जनता पार्टी के अध्‍यक्ष अमित शाह ने नितीश कुमार को एन डी ए में शामिल होने का प्रस्‍ताव दिया। जनता दल युनाइटेड चार वर्ष बाद एन डी ए का हिस्‍सा बना है। बैठक में प्रतिभागियों को उन कारणों की जानकारी दी गई जिससे पार्टी को राष्‍ट्रीय जनता दल से अलग होना पड़ा और भाजपा को नए सहयोगी के रूप में अपनाया गया। श्री शरद यादव के समर्थकों ने आज ही पटना में जन अदालत नाम के एक कार्यक्रम का आयोजन किया है। ये समर्थक भारतीय जनता पार्टी से हाथ मिलाने का विरोध कर रहे हैं। श्री शरद यादव ने कहा कि वे किसी के विरोधी नहीं है और राज्‍य की जनता के साथ है। श्री  यादव ने कहा कि 2015 में विधानसभा चुनावों के जनादेश का नितीश कुमार ने अपमान किया है। ये जनादेश महागठबंधन को दिया गया था। उन्‍होंने कहा कि वे अब भी महागठबंधन के साथ हैं।
बिहार में दो बैठकों से यह स्‍पष्‍ट हो रहा है कि जनता दल युनाइटेड के भीतर मतभेद है और ये दल विभाजन की ओर बढ़ रहा है।
हालांकि जनता दल युनाइटेड के वरिष्‍ठ नेता के सी त्‍यागी ने कहा कि विभाजन का कोई संकेत नहीं है और श्री शरद यादव ने स्‍वैच्‍छा से पार्टी छोड़ी है।
---
रिजर्व बैंक के गवर्नर उर्जित पटेल ने बैंकों के डूबे हुए कर्ज से समयबद्ध तरीके से निपटने के लिए बैंकों को पूंजी उपलब्‍ध कराने को कहा है क्‍योंकि नौ दशमलव छह प्रतिशत पर डूबे  कर्ज स्‍वीकार्य नहीं हैं।
वे आज सुबह मुम्‍बई में वित्‍तमंत्री अरुण जेटली की उपस्थिति में दिवालियापन कानून : बदलते प्रतिमान विषय पर एक राष्‍ट्रीय सम्‍मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्‍होंने कहा कि सार्वजनिक बैंकों को समयबद्ध तरीके से आवश्‍यक पूंजी जुटाने के लिए उपाय तैयार करने के वास्‍ते सरकार और भारतीय रिजर्व बैंक बातचीत कर रहे हैं। इस समस्‍या का हल बहुआयामी दृष्टिकोण से किया जाएगा। इन उपायों में बाजार से पूंजी हासिल करना, सरकार द्वारा अतिरिक्‍त पूंजी उपलब्‍ध कराना और कुछ कम महत्‍वपूर्ण परिसंपत्तियों की बिक्री शामिल है।
इस अवसर पर श्री जेटली ने कहा है कि इन्‍सॉल्‍वेंसी एंड बैंकरप्‍ट्सी कोड- दिवालियापन कानून आईबीसी से डूबे हुए कर्जों के बारे में ऋण लेने वाले और देने वाले के संबंधों में बदलाव आया है।
केंद्रीय वित्‍तमंत्री अरूण जेटली ने कहा है कि आईबीसी कोड में एनपीए जैसे मामलों में ऋणी लेन-दार संबंध को काफी हद तक बदला है। उन्‍होंने कहा कि आईबीसी का प्रमुख उद्देश्‍य व्‍यापार का परिसमापन नहीं है बल्कि उसे बचाना है। उन्‍होंने आश्‍वासन दिया कि सरकार बुनियादी ढांचे को अधिक सक्षम बनाने हेतु विशेष रूप से प्रयास कर रही है। रिजर्व बैंक के गर्वनर उर्जित पटेल भी इस समारोह में उपस्थित थे। उन्‍होंने कहा कि आर्थिक चुनौतियों का मुकाबला करने के लिए समयबद्ध समाधान की जरूरत है। सकल एनपीए अनुपात पर चिंता व्‍यक्‍त करते हुए उन्‍होंने आश्‍वासन दिया कि कानूनी ढांचे को मजबूत करने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। माधुरी पांगे, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।
---
केन्‍द्रीय कपड़ा मंत्री स्‍मृति ईरानी ने आज जमशेदपुर में 70 नई कंपनियों की आधारशिला रखने के समारोह का उद्घाटन किया। झारखंड सरकार की मोमेंटम झारखंड पहल के तहत ये कंपनियां बनाई जा रही हैं। इसका उद्देश्‍य राज्‍य में व्‍यापार आसान बनाना है। इस समारोह का नाम सेकेंड ग्राउंड ब्र‍ेकिंग सेरेमनी रखा गया है।
मुख्‍यमंत्री रघुबर दास ने कहा कि इससे राज्‍य में एक नए युग की शुरूआत होगी। इससे पहले श्रीमती ईरानी ने आज रांची के निकट इरबा में हस्‍तशिल्‍प निर्माण इकाई का उद्घाटन किया। आधुनिक मशीनों वाली यह इकाई रिकार्ड चार महीने में तैयार हुई है। इस अवसर पर श्रीमती ईरानी ने कहा कि इस इकाई के उत्‍पादों के अंतर्राष्‍ट्रीय खरीदार होंगे, क्‍योंकि संब‍ंधित बाजार इकाइयों से पहले ही इस संबंध में बातचीत हो चुकी है।
एक तरफ भारत सरकार ने माननीय प्रधानमंत्री जी के नेतृत्‍व में टेक्‍सटाइल और मेडअप्‍स की पूरी की पूरी उद्योग को सहारा देने के लिए6 हजार करोड़ रूपये का पैकेज घोषित किया है। कॉपरेटिव फेड्रलिसम जिसकी चर्चा अक्‍सर प्रधानमंत्री जी करते हैं वो धरातल पर फलीभूत कैसे हो, उसका उदाहरण आज झारखंड ने इस यूनिट की स्‍थापना के साथ राष्‍ट्र के सामने प्रस्‍तुत किया है।   
---
सरकार ने सेना के चिकित्‍सा अधिकारी और विशेषज्ञों के वेतनमानों में बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। सेना के एक ट्वीट में कहा गया है कि चिकित्‍सा और दंत विशेषज्ञ अधिकारियों को 75 हजार रूपये प्रतिमाह मिलेंगे। 16 अगस्‍त से तत्‍काल प्रभाव से एक्‍स सर्विस मैन कंट्रीब्‍यूट्री हेल्‍थ स्‍कीम- ई सी एच एस में कार्यरत सभी विशेषज्ञों को पहले वर्ष में87 हजार पांच सौ रूपये प्रतिमाह मिलेंगे। यह राशि दूसरे वर्ष में एक लाख रूपये प्रतिमाह हो जाएगी। सेना का ये भी कहना है कि ई सी एच एस बुजुर्गों और उनके आश्रितों के प्रति समपर्ण भाव से कार्य  करने वाले डॉक्‍टरों  को शामिल करना चाहती है।
---
भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह ने कल एक गोष्ठी में कहा कि मोदी सरकार ने केवल तीन वर्ष में 50 बड़ी पहल की हैं। इनमें गरीब लोगों के बैंक खाते खोलना, गरीबों को गैस कनैक्शन देना और बालिकाओं के लिए लाखों शौचालयों का निर्माण शामिल है। पार्टी अध्यक्ष ने कहा कि जिन राज्यों में पार्टी की सरकारें बनी हैं, वहां विकास कार्यों में गति आई है। श्री शाह अपने देशव्‍यापी दौरे के अंतर्गत तीन दिन की भोपाल यात्रा पर हैं।
---
श्री अमित शाह ने भाजपा शासित राज्‍यों के मुख्‍यमंत्रियों की सोमवार को बैठक बुलाई है। बैठक में कामकाज की समीक्षा के अलावा 2019 के लोकसभा चुनाव में तीन सौ पचास से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्‍य हासिल करने की रणनीति पर चर्चा होगी। बैठक में 13 मुख्य मंत्री और पांच उप मुख्यमंत्री शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के बैठक में शामिल होने की आशा है।
---
जम्‍मू कश्‍मीर की मुख्‍यमंत्री बनने के बाद महबूबा मुफ्ती अपने दो दिन के दौरे पर करगिल पहुंची। उनके साथ उपमुख्‍यमंत्री डॉ0 निर्मल सिंह, लोक निर्माण विभाग मंत्री नईम अख्‍तर, शिक्षामंत्री अल्‍ताफ बुखारी भी हैं। सुश्री मुफ्ती ने पुष्‍कम में एक बांध और कुरबथांग में एक गेस्‍ट हाउस का उद्घाटन किया। उन्‍होंने लिंक रोड़ थारोमस पुष्‍कम लेक्‍चर हॉल और करगिल डिग्री कॉलेज के महिला छात्रावास की नींव भी रखी।
---
सेना अध्‍यक्ष जनरल विपिन रावत लद्दाख की तीन दिन की यात्रा पर कल रवाना होंगे। यात्रा के दौरान जनरल रावत चीन के साथ लगी सीमा की सुरक्षा तैयारियों का जायजा लेंगे। सूत्रों के अनुसार जनरल रावत शीर्ष कमाण्‍डरों से महत्‍वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
---
बिहार में बाढ़ की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। 19 जिलों के एक करोड़ से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। राज्य में बाढ़ से मरने वालों की संख्या अब तक 164 हो गई है। राहत और बचाव कार्य ज़ोरों पर हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सबसे ज्यादा प्रभावित अररिया जिले के कुर्साकांटा, पलासी, सिकता और जोकीहाट तथा पूर्वी चम्पारण जिले के सुगौली में बड़े पैमाने पर हवाई जहाज से खाने के पैकेट वितरित करने के आदेश दिए हैं। चार लाख साठ हजार से अधिक लोग बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से सुरक्षित निकाले गए हैं। करीब चार लाख लोगों ने एक हजार दो सौ नब्बे राहत शिविरों में शरण ली है। बचाव और राहत कार्यों में सेना के सात दल तैनात हैं।
---
उधर, उत्‍तरप्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे यह सुनिश्चित करें कि दुर्गम इलाकों में खाद्य सामग्री बाढ़ पीडि़तों तक पहुंच रही है। श्री योगी बाढ़ प्रभावित जिलों-गोरखपुर,महाराजगंज और कुशीनगर के दौरे पर हैं। गोरखपुर और महाराजगंज में बाढ़ के बाद ये उनका दूसरा दौरा है। हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि बाढ़ से राज्‍य के 37 जिले प्रभावित हैं।
राज्‍य के तराई और पूर्वी इलाके में बाढ़ से अब तक 38 लोगों की मृत्‍यु हो चुकी है। लोग सुरक्षित स्‍थानों की खोज में रेलवे लाइनों के किनारे शरण लेने को विवश है। दो हजार से अधिक गांवों के लगभग 15 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित है। एसएसबी, एनडीआरएफ और पीएसी के माध्‍यम से लगभग 50 हजार लोगों को सुरक्षित स्‍थानों पर  पहुंचाया गया है। गोरखपुर में नेपाल की ओर जाने वाली सिनोली मार्ग रोहिन नदी की बाढ़ की वजह से प्रभावित है। बहराइच जिले में घाघरा और सरयू नदियों के लगातार बढ़ते रहने से महसी, नानपाडा और केसरगंज इलाकों में कई गांव बाढ़ से प्रभावित हो गए हैं। बाराबंकी में  एल्गिन-चारसडी बाढ़ का 50 हजार हिस्‍सा क्षतिग्रस्‍त हो गया है। सुनील शुक्‍ल, आकाशवाणी समाचार, लखनऊ।
---
उधर, असम में बाढ़ की स्थिति में पिछले 24 घंटों में सुधार होने के बाद लगभग दस हजार लोग राहत शिविरों से वापस लौट गए हैं।
---
नेपाल के प्रधानमंत्री शेरबहादुर देउबा ने बाढ़ पीडि़तों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी का हृदय से धन्‍यवाद किया है। एक ट्वीट में श्री देउबा ने नेपाल के बाढ़ पीडि़तों के राहत के लिए पच्‍चीस करोड़ रुपये की मदद की घोषणा के लिए श्री मोदी के प्रति कृतज्ञता भी व्‍यक्‍त की।
श्री नरेन्‍द्र मोदी ने कल नेपाल के प्रधानमंत्री से फोन पर बात की थी और सभी संभव मदद देने की इच्‍छा प्रकट की थी।                             ---
अमरीका में सांसदों ने पाकिस्‍तान के सिंध प्रांत में मानवाधिकारों के उल्‍लंघन पर चिंता प्रकट की है और विदेश विभाग से अनुरोध किया है कि पाकिस्‍तान से बातचीत में इस मुद्दे को प्राथमिकता दे। सिंध लोबी के अध्‍यक्ष ब्रेड शर्मन के नेतृत्‍व में सांसदों ने दक्षिण और मध्‍य एशिया मामलों के सहायक सचिव एलिस जे वेल्‍स और पाकिस्‍तान में अमरीकी दूत डेविड हेल को अपनी चिंताओं से अवगत कराते हुए पत्र लिखा है। सांसदों ने सिंध में झूठे आरोपों में बंदी बनाए लोगों को रिहाई के लिए भी पाकिस्‍तान के साथ बातचीत का अनुरोध किया है। इन्‍होंने अल्‍पसंख्‍यक सिंधी समुदाय की लड़कियों और महिलाओं के जबरन धर्मपरिवर्तन पर रोक लगाने के लिए सिंधी लोगों की धार्मिक स्‍वतंत्रता की रक्षा का भी अनुरोध किया है। 
---
खेल मंत्रालय ने इस वर्ष के द्रोणाचार्य पुरस्‍कार के लिए पैरा स्‍पोटर्स प्रशिक्षक सत्‍यनारायण का नाम सूची से बाहर कर दिया है क्‍योंकि उनके खिलाफ एक आपराधिक मामला लंबित है। खेल मंत्रालय के एक अधिकारी ने नई दिल्‍ली में बताया कि सत्‍यनारायण का नाम सूची से हटा दिया गया है। वे मरियप्‍पाना थंगवेलु के प्रशिक्षक थे। मरियप्‍पाना ने रियो पैरा ओलम्पिक खेलों में स्‍वर्ण पदक जीता था और उनके नाम की सिफारिश इस वर्ष के अर्जुन पुरस्‍कार के लिए की गई थी।
---
अमेरिका ने बौद्धिक संपदा से  संबंधित चीन की नीतियों की औपचारिक जांच शुरू कर दी है। एक शीर्ष अमेरिकी व्यापार आधिकारी रॉबर्ट लिथिथर ने कहा कि उनका कार्यालय इस महत्वपूर्ण मुद्दे की पूरी तरह जांच निर्धारित करेगा। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा चीन की नीतियों की समीक्षा करने के बाद इसकी आशा की जा रही थी। चीन ने इस जांच पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। कल अमरीका ने कहा था कि उसने हैकिंग की जांच करने की योजना बनाई है।
---
एशिया प्रशांत क्षेत्र के 23 देशों के दूर-संचार विनियामकों की बैठक सोमवार को नई दिल्ली में होगी। इसमें डिजिटल इकोसिस्टम और क्षेत्रीय रोमिंग के अलावा अन्य मुद्दों से संबंधित नियम बनाने की चुनौतियों पर चर्चा की जाएगी।
---
भारत को भ्रष्टाचार से मुक्त बनाने के प्रधानमंत्री के आह्वान के बाद असम में सिल्चर के राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में ईमानदारी की दुकान खोली गई है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों में ईमानदारी, आत्मनिर्भरता और पारदर्शिता के मूल्यों का संचार किया जाएगा। इस दुकान में विद्यार्थियों को वहां रखी वस्तुएं खरीदने के लिए एक डिब्बे में उसके दाम की राशि डाल कर अपने आप वस्तु लेनी होगी। यह अपनी किस्म की अनूठी पहल है।
 ---
राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद ने विश्‍व मधुमक्‍खी दिवस के अवसर पर आज राष्‍ट्रपति संपदा में स्थित मधुमक्‍खीशाला का दौरा किया। यह अपने तरह की अनूठी परियोजना है जिसे राष्‍ट्रपति संपदा में खादी और ग्रामोद्योग की सहायता से बनाया गया है।  सरकार  देश में खादी ग्रामोद्योग की सहायता से शहद अभियान को प्रोत्‍साहित करती है। वर्तमान में  मधुमक्खियों के दो सौ डिब्‍बे हैं जिनकी संख्‍या बढ़ाकर पांच सौ की जाएगी।
---
आज विश्‍व फोटोग्राफी दिवस है। इस उपलक्ष्‍य में देशभर में अनेक प्रदर्शनियों का आयोजन किया गया है। इस दिवस को मनाने का उद्देश्‍य दुनियाभर के फोटोग्राफर्स का उत्‍साहवर्धन करना है।
19 अगस्‍त, 2010 में पहला विश्‍व फोटो दिवस ऑनलाइन आयोजित किया गया था। इसमें सौ से अधिक देशों के लोगों ने वेबसाइट को देखा और करीब दो सौ 70 फोटोग्राफर्स से अपनी खीचीं गई तस्‍वीरों को साझा किया।
 ---