Loading

27 January 2014

समाचार :

  • आम आदमी पार्टी ने सार्वजनिक तौर पर पार्टी के खिलाफ बयान देने के लिए अपने विधायक विनोद कुमार बिन्नी को निष्कासित किया।
  • कांग्रेस ने सात फरवरी को होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए सात उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की।
  • अंडमान निकोबार द्वीप समूह के उप राज्यपाल ने नौका दुर्घटना की मजिस्ट्रेट से जांच के आदेश दिये। दुर्घटना में २१ लोगों की मौत।
  • मछली पकड़ने संबंधी विवाद के समाधान के लिए आज चेन्नई में भारत और श्रीलंका के मछुआरों की वार्ता।
  • स्टेनिसलास वावरिंका ने ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस का पुरूष सिंगल्स खिताब जीता।
-----
आम आदमी पार्टी ने अपने विधायक विनोद कुमार बिन्नी को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। श्री बिन्नी ने पार्टी पर अपने मूल सिद्धांतों से भटकने और दिल्ली की जनता से किए गए वायदे पूरे नहीं करने का आरोप लगाया था। कल रात एक बयान में आम आदमी पार्टी ने कहा कि इस बारे में गठित की गई अनुशासन समिति ने सार्वजनिक रूप से पार्टी के खिलाफ झूठा बयान देने और पार्टी नेतृत्व की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के लिए श्री बिन्नी को निष्कासित करने का फैसला किया है। फैसले की सूचना श्री बिन्नी को भेज दी गई है।
   
श्री बिन्नी ने पार्टी से निकाले जाने के फैसले को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि अगर पार्टी अपना वायदा पूरा नहीं करती तो वे आज से जंतर-मंतर पर धरना देंगे।

इससे बड़ा दुर्भाग्य नहीं हो सकता है कि दिल्ली की जनता के मुद्दों को आपको याद दिलाए और उसे आप बहार निकाल दें।  आपको मुझे निकालने से पहले उन तमाम लोगों को पार्टी से बाहर निकालना चाहिए था जिन्होंने देश को बांटने को लेकर रायशुमारी की बात की। आपको उन लोगों को निकालना चाहिए था जिन्होंने महिलाओं पर अभद्र टिप्पणियां की हैं।
---
कांग्रेस ने सात फरवरी को होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए मोतीलाल वोरा, मुरली देवड़ा और रंजीब बिसवाल सहित सात उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की है। श्री मोतीलाल वोरा छत्तीसगढ़ से फिर चुनाव लड़ेंगे। श्री मुरली देवड़ा और श्री हुसैन दलवई को महाराष्ट्र से राज्यसभा में भेजने का फैसला किया गया है। श्री रंजीब बिसवाल ओड़िशा से पार्टी के उम्मीदवार होंगे। हिमाचल प्रदेश से विप्लव ठाकुर, मणिपुर से हाजी अब्दुल सलाम और मेघालय से वानसुक साइम का नाम तय किया गया है।

राज्यसभा चुनाव के लिए पर्चे भरने का कल अंतिम दिन है। बुधवार को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी।  ३१ जनवरी तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।

---
अंडमान निकोबार द्वीपसमूह के उपराज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल ए. के. सिंह ने नौका त्रासदी की मजिस्ट्रेट से जांच कराने के आदेश दिए हैं। कल इस नौका दुर्घटना में २१ लोगों की मौत हुई। एक व्यक्ति अब भी लापता है। हमारे संवाददाता ने बताया कि चालक दल के तीन सदस्यों सहित २९ लोगों को बचा लिया गया है। उनमें से नौ लोगों का पोर्टब्लेयर में जी.बी. पंत अस्तपाल में इलाज चल रहा है।

दुर्घटना में मारे गए सभी लोगों की पहचान कर ली गई है। १६ लोग तमिलनाडु के कांचीपुरम जिले के हैं। शेष महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं। प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार अक्वामेरी नामक इस नौका पर कुल ५१ व्यक्ति सवार थे। लहारों के बीच मोड़ते समय ये नौका पलट गई। इस बीच उप-उपराज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल ए के सिंह ने प्रत्येक मृतक के परिजन को एक-एक लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। मृतकों के शवों को संबंधिंत राज्यों में भेजने के लिए स्थानीय प्रशासन की ओर से कार्रवाई शुरू कर दी है। दुर्गविजय सिंह दीप आकाशवाणी पोर्टब्लेयर।
---
तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जयललिता ने अंडमान निकोबार नौका त्रासदी में मारे गए तमिलनाडु के पर्यटकों के प्रत्येक परिवार को एक-एक लाख रूपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। राज्य सरकार ने प्रभावित परिवारों और घायलों को विमान के जरिए जल्द से जल्द वापस लाने के लिए भी इंतजाम किए हैं।
---
कांगे्रस नेता और सांसद संजय निरूपम ने मुंबई में बिजली की दर में कटौती की मांग के लिए अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल समाप्त कर दी है। वे  २३ तारीख से भूख हड़ताल पर थे।
   
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा कि उन्होंने श्री निरूपम को इस मामले पर विचार करने का आश्वासन दिया और उनसे अनशन समाप्त करने का अनुरोध किया था।
---

भारत और श्रीलंका के मछुआरों की आज चेन्नई में बातचीत होगी। पाक जलडमरूमध्य में मछली पकड़ने के विवाद को सुलझाने के लिए यह बातचीत की जा रही है। हमारे संवाददाता ने बताया कि इस क्षेत्र में मछली पकड़ने पर अक्सर तमिलनाडु के मछुआरों को श्रीलंकाई नौसेना के कथित हमलों और गिरफ्तारी का सामना करना पड़ता है।

शुक्रवार को अदालत ने ४० भारतीय मछुआरों की रिहाई के आदेश दिए थे। इसके बाद मजिस्ट्रेट ने आखिरी बचे ४० और मछुआरों को कल रिहा कर दिया और इन ८० मछुआरों और उनकी नावों को अगले कुछ दिनों में भारत वापस भेज दिया जाएगा। दोनों देशों के मछुआरों के प्रतिनिधियों के बीच विवाद का समाधान ढूंढ़ने के लिए महत्वपूर्ण बैठक आज चेन्नई में होगी। इस बैठक के लिए कल श्रीलंका से वरिष्ठ अधिकारी और दस विभिन्न मछुआरे संघों के प्रतिनिधि चेन्नई पहुंच गए हैं। अभिषेक दयाल आकाशवाणी समाचार कोलंबो।

श्रीलंका में भारत के उच्चायुक्त वाई.के सिन्हा ने आशा प्रकट की कि आज की बैठक से इस मुद्दे के दीर्घकालीक समाधान की बुनियाद पड़ेगी।

----
केरल विधानसभा वर्ष २०१४-१५ के बजट पर आज चर्चा शुरू करेगी। इसके लिए तीन दिन का समय निर्धारित किया गया। वित्त मंत्री के. एम. मणि ने शुक्रवार को बजट प्रस्ताव और लेखानुदान मांगे सदन में पेश की थीं। बहस के बाद बृहस्पतिवार को मत विभाजन की संभावना है।
----
पश्चिम बंगाल में आज से मतदाता फोटो पहचानपत्र सप्ताह मनाया जा रहा है। कोलकाता में मुख्य निर्वाचन अधिकारी सुनील गुप्ता ने कहा कि  खराब और खो गए तथा ग़लत मतदाता पहचानपत्रों के बदले नये पहचानपत्र जारी किये जा रहे हैं।
----
तमिलनाडु में चेन्नई के निकट कांचीपुरम रेशम उद्योग और प्राचीन स्थापत्यकला के लिए प्रसिद्ध है।  कांचीपुरम ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। यहां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और सरकारी अस्पतालों में सेवाएं उपलब्ध कराने का स्तर ९२ प्रतिशत तक पहुंच गया है। स्वास्थ्य सेवाओं के उपनिदेशक डॉक्टर कृष्णराज ने बताया कि कांचीपुरम में जननी सुरक्षा योजना जैसी राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन की परियोजनाओं में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।

राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन हमारे लिए बेहतरीन योजना है। स्वास्थ्य कर्मचारियों की कमी के कारण १९९५ से पहले हमारी स्वास्थ्य और परिवार कल्याण योजनाओं को चलाने में बहुत मुश्किलें आ रही थीं। लेकिन इस मिशन से प्राप्त राशि से हमारे प्राथमिक चिकित्सा स्तर में काफी सुधार हुआ है। ये पूरे जिले के लिए एक बहुत बड़ी उपलब्धि है।


सरकारी दूरसंचार कंपनी महानगर टेलीफोन निगम लिमिटेड - एमटीएनएल मुम्बई और दिल्ली में हाई स्पीड वाई-फाई सेवाएं शुरू करने की योजना बना रही है। इससे ग्राहकों को उनके घरों के अलावा विभिन्न स्थानों पर इंटरनेट सेवाएं मिलेगी। ग्राहकों को ये सेवा हासिल करने के लिए लाइन बॉण्डिंग मॉडेम इस्तेमाल करना होगा। मोबाइल फोन पर पहले ही एमटीएनएल वाई-फाई सेवाएं इस्तेमाल कर रहे ग्राहकों को इसके लिए मौजूदा मासिक किराये के अलावा पचास से सौ रुपए अतिरिक्त देने पड़ेंगे।

----
नेपाल के राष्ट्रपति रामबरन यादव ने राजनीतिक पार्टियों से अगले महीने की २ तारीख से पहले सर्वसम्मत सरकार गठित करने को कहा है। राष्ट्रपति कार्यालय द्वारा जारी एक बयान में कहा गया कि अगर पार्टियां सर्वसम्मत सरकार बनाने में विफल रहती हैं तो राष्ट्रपति उन्हें बहुमत की सरकार गठित करने को कहेंगें।
----
सीरिया मामले में संयुक्त राष्ट्र के विशेष दूत लख्दर ब्राहिमी ने कहा है कि होम्स शहर में फंसी महिलाओं और बच्चों को वहां से सुरक्षित निकलने की अनुमति देने पर सीरिया सरकार सहमत हो गई है। जिनेवा में चल रही शांति वार्ता के दूसरे दिन इस बारे में फैसला हुआ। सीरिया के विदेश उपमंत्री फैसल मेकदाद ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि सरकार की तरफ से महिलाओं और बच्चों को होम्स शहर छोड़ने की आजादी हैं।
---
मिस्र की अंतरिम सरकार ने घोषणा की है कि देश में इस साल राष्ट्रपति चुनाव संसदीय चुनाव से पहले कराए जाएंगे। मिस्र के अंतरिम राष्ट्रपति अदली मंसूर ने टेलीविज+न पर अपने संबोधन में कहा कि उन्होंने राजनीतिक दलों के साथ कई बार बातचीत की है और अधिकांश पार्टियां राष्ट्रपति चुनाव पहले कराने के पक्ष में हैं।
----
आकाशवाणी के समाचार सेवा प्रभाग के आज प्रसारित होने वाले सप्ताहिक कार्यक्रम पब्लिक स्पीक का विषय है- धरना, प्रदर्शन और भारतीय लोकतंत्र। यह कार्यक्रम  रात साढ़े नौ बजे से एफएम गोल्ड चैनल और अतिरिक्त मीटरों पर प्रसारित किया जाएगा। श्रोता स्टूडियों में मौजूद विशेषज्ञों से टेलीफान नम्बर- ० १ १ - २ ३ ३ १ ४ ४ ४ ४ पर अपने सवाल पूछ सकते हैं। यह कार्यक्रम दूरदर्शन की डीटीएच सेवा पर भी उपलब्ध रहेगा।
----
स्टेनिसलास वावरिंका ने ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस का पुरूष सिंगल्स खिताब जीत लिया है। मेलबॉर्न में कल फाइनल में उन्होंने शीर्ष वरीयता प्राप्त राफेल नडाल को ६-३, ६-२, ३-६ और ६-३ से हराया। इससे पहले फ्रांस की  क्रिस्टीना म्लादेनोविच और कनाडा की डेनियल नेस्टर की जोड़ी ने भारत की सानिया मिजर्+ा और रोमानिया के होरिया तेकाऊ को हराकर मिक्स्ड डबल्स का खिताब जीता।
----
साइना नेहवाल ने सैयद मोदी इंडियन ग्रां प्री गोल्ड बैडमिंटन टूर्नामेंट का महिला सिंगल्स खिताब जीत लिया है। कल लखनऊ में फाइनल में साइना ने दूसरी वरीयता प्राप्त पी. वी. सिंधू को २१-१४, २१-१७ से हराया।
   
पुरूष सिंगल्स फाइनल में चीन के शूए सोंग (ग्नम ैवदहद्ध ने भारत के श्रीकांत को १६-२१, २१-१९, २१-१३ से हराया।
----

समाचार पत्रों सें

  • गणतंत्र दिवस के अवसर पर अदम्य साहस, शौर्य और समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा के राजपथ पर भव्य प्रदर्शन को आज प्रकाशित अखबारों ने सुर्खियों में दिया है। राष्ट्रीय सहारा ने लगभग आधे पन्ने पर स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस के चित्र के साथ शीर्षक दिया है- उभरता-निखरता भारत। पत्र के शब्द हैं- तेजस के तेज से चकाचौंध देशवासी। नवभारत टाइम्स ने तेजस के चित्र को बॉक्स में दिया है और कहा है- गणतंत्र की ताकत। जनसत्ता ने उपस्थित जनसमूह और राष्ट्रीय प्रतीक अशोक स्तंभ के चित्र के साथ सुर्खी दी है- राजपथ पर विरासत और आधुनिकता की जयगाथा। राष्ट्रीय सहारा और जनसत्ता में राष्ट्रपति के हाथों अशोक चक्र से मरणोपरांत सम्मानित शहीद प्रसाद बाबू के, पिता का चित्र दिया है। पंजाब केसरी ने वायुसेना के फ्लाई पास्ट और जवानों के मोटरसाइकिल पर दिखाए प्रदर्शन को बेहतरीन बताया है।
  • अखबारों ने भारत और जापान के बीच बढ़ रहे संबंधों को भी अहमियत दी है। हिन्दुस्तान ने लिखा है- जापान और भारत में हो सकती है रणनीतिक साझेदारी, चीन पर भारत और जापान वार्ता करेंगे।   
  • आम आदमी पार्टी से विनोद कुमार बिन्नी का निष्कासन भी लगभग सभी अखबारों के पहले पन्ने पर है।
  •  दैनिक जागरण ने चुनाव पूर्व सर्वेक्षण की खबर पर लिखा है- भाजपा उत्साहित, जादुई आंकड़े की कवायद।   
  • तमिलनाडु में करूणानिधि के हाल के फैसले पर जनसत्ता लिखता है- कुनबे का कलह नहीं निपटा तो निपट जाएगी द्रमुक।
  • रिजर्व बैंक की आज होने वाली मौद्रिक नीति की समीक्षा पर नवभारत टाइम्स का अनुमान है- बैंक यथास्थिति बनाए भी रख सकता है।    
----

No comments:

Post a Comment