Loading

24 May 2017

समाचार:-

  • केन्‍द्रीय मंत्रिमंडल ने विदेशी निवेश संवर्धन बोर्ड समाप्‍त करने की मंजूरी दी। संबद्ध मंत्रालय और विभाग अब विदेशी निवेश प्रस्‍तावों को मंजूरी देंगे। मंत्रिमंडल ने चालू मौसम में गन्‍ने का उचित लाभकारी मूल्‍य 255 रूपए प्रति क्विंटल तय किया, नोएडा-ग्रेटर नोएडा मेट्रो रेल परियोजना और असम में एक नए एम्‍स को भी मंजूरी।
  • नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्‍प कमल दहाल प्रचंड ने संक्षिप्‍त कार्यकाल के बाद इस्‍तीफा दिया।
  • मद्रास उच्‍च न्‍यायालय ने मेडिकल विषयों में प्रवेश के लिए राष्‍ट्रीय पात्रता परीक्षा - नीट के परिणामों के प्रकाशन पर अंतरिम रोक लगाई।
  • आयकर विभाग ने राष्‍ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद की पुत्री और सांसद मीसा भारती और उनके पति को बेनामी भूमि सौदे और कर चोरी के मामले में समन जारी किया।
  • भारत ने ऑस्‍ट्रेलिया के गोल्‍ड कोस्‍ट में सुदीरमन कप बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्‍वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
----------------------------
केन्‍द्रीय मंत्रिमंडल ने विदेशी निवेश संवर्धन बोर्ड को समाप्‍त करने की मंजूरी दे दी है। वर्तमान में विदेशी निवेश प्रस्‍तावों को इसके जरिए अनुमोदित किया जाते थे। रक्षा, खुदरा व्‍यापार सहित 11 क्षेत्रों में प्रत्‍यक्ष विदेशी निवेश के लिए बोर्ड की मंजूरी ली जाती थी। अब नए प्रावधान के अनुसार संबद्ध मंत्रालय और विभाग प्रत्‍यक्ष विदेशी निवेश के प्रस्‍ताव पर विचार करेंगे। मीडिया से बातचीत में वित्‍त मंत्री अरूण जेटली ने कहा कि औद्योगिक नीति और संवर्धन विभाग निवेश प्रस्‍ताव पर विचार के लिए मानक प्रक्रिया बनाएगा।
सरकार के इस फैसले से प्रत्‍यक्ष विदेशी निवेश में तेजी आएगी तथा व्‍यापार करना आसान होगा।
मंत्रिमंडल ने वर्ष 2017-18 के लिए गन्‍ने का उचित लाभकारी मूल्‍य 255 रूपए प्रति क्विंटल तय किया है।  वित्‍त मंत्री अरूण जेटली ने बताया कि सरकार के इस फैसले से गन्‍ना उत्‍पादकों को मूल्‍य गारंटी मिल सकेगी।
सुगर का 2017-18 के लिए एफआरपी...प्राइज तय करना था। पिछले वर्ष की तुलना में अब मिल्‍स की स्थिति कुछ सुधरी है। 10.6 प्रसेंट का इंक्रीज और इस कीमत को 255 रूपये प्रति क्विंटल के हिसाब से तय किया गया है।
मंत्रिमंडल ने एक अन्‍य फैसले में नोएडा-ग्रेटर नोएडा मेट्रो रेल परियोजना के लिए पांच हजार पांच सौ तीन करोड़ रूपए स्‍वीकृत किए हैं। यह मेट्रो लाइन लगभग तीस किलोमीटर है और यह परियोजना अगले वर्ष अप्रैल में पूरी हो जाएगी।
----------------------------
रक्षा मंत्री अरूण जेटली ने आज कहा है कि युद्ध क्षेत्र जैसी स्थिति में सेना को स्‍वंय निर्णय लेने की अनुमति होनी चाहिए। सेना को सांसदों से सलाह लेने की कोई आवश्‍यकता नहीं है। जम्‍मू-कश्‍मीर के हालात पर एक प्रश्‍न के उत्‍तर में श्री जेटली ने कहा कि सैन्‍य समाधान के निर्णय सेना के अधिकारी करते हैं। ऐसे निर्णय राजनेताओं की प्रतिक्रियाओं के आधार पर तय नहीं होते।
----------------------------
केन्‍द्रीय मंत्रिमंडल ने असम में कामरूप में नया अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्‍थान स्‍थापित करने को मंजूरी दे दी है। यह प्रधानमंत्री स्‍वास्‍थ्‍य सुरक्षा योजना के अंतर्गत स्‍थापित किया जाएगा। इसमें साढ़े सात सौ बिस्‍तरों की व्‍यवस्‍था होगी। साथ ही मेडिकल और नर्सिंग कॉलेज भी होगा। इस परियोजना पर एक हजार एक सौ 23 करोड़ रूपए की लागत आएगी और यह चार साल में पूरी होगी।
मंत्रिमंडल ने केन्‍द्रीय सडक कोष अधिनियम के अंतर्गत राष्‍ट्रीय राजमार्गों के विकास और रखरखाव के लिए इस कोष से ढाई प्रतिशत राशि मंजूर की है।
----------------------------
सरकार अक्षय ऊर्जा परियोजनाओं के लिए दो हजार तीन सौ साठ करोड़ रूपए के बांड जारी करेगी। नई दिल्‍ली में केन्‍द्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में आज यह निर्णय किया गया। ये बांड विभिन्‍न योजनाओं के लिए नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय जारी करेगा। इससे अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में बुनियादी सुविधा का विस्‍तार होगा और अक्षय ऊर्जा का लक्ष्‍य हासिल किया जा सकेगा।
----------------------------
केन्‍द्रीय मंत्रिमंडल ने वैकल्पिक चिकित्‍सा के क्षेत्र में सहयोग के लिए भारत और जर्मनी के बीच सहयोग के आशय की संयुक्‍त घोषणा को मंजूरी दे दी है।
मंत्रिमंडल ने अंग प्रतिरोपण सेवाओं के क्षेत्र में सहयोग के लिए स्‍पेन और भारत के बीच सहमति पत्र पर हस्‍ताक्षर को भी मंजूरी दे दी है।

----------------------------
उत्‍तर प्रदेश सरकार ने सहारनपुर में हिंसक घटनाओं के मद्देनजर वरिष्‍ठ पुलिस अधीक्षक और जिला मजिस्‍ट्रेट को निलम्बित कर दिया है। सरकारी प्रवक्‍ता ने बताया कि पुलिस उप महानिरीक्षक और मंडल आयुक्‍त का कल की हिंसक घटना के बाद तबादला कर दिया गया है। इस घटना में एक व्‍यक्ति की मृत्‍यु हो गई थी और अनेक घायल हो गए थे।
श्री प्रमोद कुमार पांडेय को नया जिला मजिस्‍ट्रेट और श्री बबलू कुमार को नया जिला पुलिस प्रमुख बनाया गया है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि पुलिस ने कल की हिंसा के बारे में कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ तीन एफ आई आर दर्ज की हैं।
सहारनपुर की घटनाओं को लेकर कतिपय और प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के विरूद्ध कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है। हिंसक घटनाओं में कथित रूप से शामिल होने के आरोप में अब तक जिले में 60 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। नव नियुक्‍त जिलाधिकारी प्रमोद कुमार पाण्‍डेय का कहना है कि लोगों में सुरक्षा का भाव बनाए रखना और कानून और व्‍यवस्‍था उनकी प्राथमिकताएं हैं। उन्‍होंने कहा है ‍कि‍ किसी को भी कानून हाथ में लेने नहीं दिया जाएगा और अराजक तत्‍वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस बीच बहुजन समाज एक प्रतिनिधिमंडल आज शाम मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ से मुलाकात की और सहारनपुर की घटनाओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। सुनील शुक्‍ल, आकाशवाणी समाचार, सहारनपुर।
----------------------------
नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्‍प कमल दहाल प्रचंड ने आज अपने पद से इस्‍तीफा दे दिया है। राष्‍ट्रीय टेलीविजन पर उन्‍होंने ये घोषणा की। राष्‍ट्रपति बिद्या देवी भंडारी ने नई व्‍यवस्‍था होने तक मंत्री परिषद को बने रहने को कहा है। हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि नेपाली कांग्रेस अध्‍यक्ष शेर बहादुर देउबा के अगले प्रधानमंत्री बनने की संभावना है।
गठबंधन में शामिल नेपाली कांग्रेस के साथ ही सहमति का पालन करते हुए प्रधानमंत्री पुष्‍प कमल दहाल ने अपने पद से इस्‍तीफा दे दिया। प्रधानमंत्री दहाल ने कहा कि वे संसद के माध्‍यम से देश को संबोधित करना चाहते थे। लेकिन लगातार सदन बाधित किए जाने के कारण उन्‍हें जनता की बीच सीधा आना पड़ा। श्री दहाल ने कहा कि उन्‍होंने बहुत की कठिन समय में देश के बागडोर संभाली थी लेकिन 10 महीने के छोटे से ही अंतराल में ही सरकार परिस्थितियां बदलने में सफल रही है। प्रधानमंत्री दहल ने कहा कि उनके कार्यकाल संभालने के बाद से पड़ौसी देशों के साथ संबंध और मजबूत हुए हैं। उन्‍होंने यह भी कहा कि भारत और नेपाल के बीच विभिन्‍न क्षेत्रों खासकर राजनैतिक सीमा तथा सुरक्षा, आर्थिक, ऊर्जा, जलसंसाधन, शिक्षा तथा संस्‍कृति के क्षेत्र में बेहतर सहमति रही है। राजकुमार आकाशवाणी समाचार, काठमांडू।
----------------------------
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि सरकार देश में अंतर्राष्‍ट्रीय स्‍तर का आधारभूत ढांचा उपलब्‍ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। आकाशवाणी से बातचीत में श्री गडकरी ने कहा कि यह लक्ष्‍य 25 लाख करोड़ रुपये की लागत से पांच वर्ष में पूरा किया जाएगा।प्रधानमंत्री 15 अगस्‍त को पूर्वी पेरिफेरल एक्‍सप्रेसवे का उद्घाटन कर सकते हैं।
अभी दिल्‍ली का इस्‍टरली वेस्‍टरली बाइपास जो दिल्‍ली का 50 प्रति‍शत पोल्‍युशन ऑफ एग्‍जम्‍प करेगा। इसका एनोगरेशन 15 अगस्‍त को करने का हमारा इरादा है।
श्री नितिन गडकरी का यह पूरा साक्षात्‍कार आज रात सवा नौ बजे से एफ एम गोल्‍ड चैनल पर सुना जा सकता है।
----------------------------
प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने गांवों में सामाजिक समरसता और पंचायती राज को मजबूत करने के लिए 'ग्रामोदय अभियान से भारत उदय अभियान' की शुरूआत की है। यह अभियान डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर की 125वीं जयंती पर मध्‍य प्रदेश में उनके जन्‍म स्‍थान महू से शुरू किया गया है। एक रिपोर्ट:-
यह 14 दिन का अभियान 14 अप्रैल 2016 से चालू होकर 27 अप्रैल, 2016 तक देशभर में जोरशोर से चलाया गया। इस बारे में सुनते हैं नागपुर जिले के जिलाधिकारी श्री सचिन कुर्बे जी से:-ग्राम उदय अभियान से भारत उदय अभियान के अंतर्गत जो जिले में हर ग्राम पंचायत लेवल पर हमने कार्यक्रम आयोजित किए गए और ग्राम उदय से भारत उदय अभियान के दौरान वि‍शेषकर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मु्द्रा योजना इसके अलावा राज्‍य सरकार द्वारा... के नाम से पहचाना जाता है। उसके बाद खरीफ लोन डिस्‍ट्ब्‍यूशन के बारे में सारे कार्यक्रम और योजनाओं के बारे में भी चर्चा आयोजित की गई। आकाशवाणी समाचार के लिए नागपुर से समाचार संवाददाता दीपाली दुर्गें।
----------------------------
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग आज अपने साप्‍ताहिक कार्यक्रम चर्चा का विषय है, के अंतर्गत एन डी ए सरकार के विदेशी मामलों से जुड़े प्रयासों और उपलब्धियों पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। यह कार्यक्रम रात साढे नौ बजे से एफ एम गोल्‍ड चैनल, इन्‍द्रप्रस्‍थ और अतिरिक्‍त मीटरों पर सुना जा सकेगा।
----------------------------
मद्रास उच्‍च न्‍यायालय ने मेडिकल विषयों में प्रवेश के लिए राष्‍ट्रीय पात्रता परीक्षा - नीट के परिणामों के प्रकाशन पर अंतरिम रोक लगा दी है। अदालत की मदुरई खंडपीठ ने ये आदेश दिया।
----------------------------
आयकर विभाग ने राष्‍ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद की पुत्री और राज्‍यसभा सांसद मीसा भारती और उनके पति को बेनामी भूमि सौदे और कर चोरी के मामले में समन जारी किया है और उनसे अगले महीने के पहले सप्‍ताह में पेश होने को कहा है।
----------------------------
भारत ने ऑस्‍ट्रेलिया के गोल्‍ड कोस्‍ट में सुदीरमन कप बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्‍वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। वर्ष 2011 के बाद यह पहला अवसर है कि जब भारतीय टीम ने नाकआउट में प्रवेश किया है।
----------------------------

No comments:

Post a Comment