Loading

06 January 2020

नागरिकता संशोधन बिल सीएए को लेकर चलाया जागरूकता अभियान

ननकाना साहिब गुरूद्वारा पर पत्थरबाजी निंदनीय : देवकुमार शर्मा
ओढां
नागरिकता संशोधन बिल सीएए की जागरूकता एवं सत्यता तथा प्रचार प्रसार को लेकर भाजपा की ओर से चलाए जा रहे जन जागरण अभियान के अंतर्गत आज ओढां के बीडीओ ब्लॉक के बाहर बस स्टेंड पर नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया। जहां पर प्रमुख वक्ता के रूप में भाजपा के वरिष्ठ नेता देवकुमार शर्मा व ओढां मंडल अध्यक्ष सतिंद्र गर्ग उपस्थित रहे। इस अवसर पर उनके साथ पिपली के सरपंच शामलाल शर्मा, टप्पी के धमेंद्रपाल, सुखदेव व जगदीश चोरमार, सूरजभान, लीलाधर, संतोष सिंह पाना, कृष्ण गर्ग, बजरंग गर्ग, बब्बू मिठडी, जगराज सिंह जंडवाला, अंग्रेज सिंह चोरमार और गुरलाल सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।
अपने संबोधन में भाजपा देवकुमार शर्मा ने कहा कि नागरिकता संशोधन बिल लोगों को नागरिकता देने के लिए लाया गया है ना की छीनने के लिए। बिल में कहीं भी यह नहीं कहा गया है कि भारत के लोगों की नागरिकता छीनी जाएगी, यह बिल पड़ोसी राष्ट्रों से आए नागरिकों के लिए है, इस बिल में उन नागरिकों को नागरिकता दी जाएगी जो पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश में धार्मिक उत्पीडऩ के कारण वहां से विस्थापित होकर 31 दिसंबर 2014 के निर्णय तारीख तक भारत में प्रवेश कर लिया है। उन्होंने कहा कि भारत में निवास करने वाले किसी भी भारतीय मुसलमान की नागरिकता छीनी नहीं जाएगी किंतु मोदी सरकार को अस्थिर करने के लिए विरोधियों द्वारा अपने राजनीतिक लाभ को ध्यान रखते हुए एक विशेष समुदाय को भड़काया जा रहा है जिससे वह देश को अस्थिर कर सकें। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में ननकाना साहिब गुरूद्वारा पर पत्थरबाजी किया जाना, सिख समुदाय के लोगों को बंधक बनाना और लड़कियों का धर्म परिवर्तन करवाकर मुस्लिम समुदाय में विवाह करवाना निंदनीय है। इस तरह की प्रताडऩा झेल रहे अल्पसंख्यकों को भारत की नागरिकता देने का बिल ही नागरिक संशोधन बिल है। उन्होंने कहा कि छह वर्ष के मोदी कार्यकाल में कोई भी ऐसा भ्रष्टाचार नहीं हुआ है जिससे विरोधी बौखला गए हैं और यह देश में दंगा फसाद करवा कर देश को बांटने का प्रयास कर रहे हैं, इसलिए हम चाहेंगे कि भारत का कोई भी नागरिक अपनी नागरिकता को लेकर भयभीत ना हो किसी भी नागरिक की नागरिकता छीनी नहीं जाएगी।

छायाचित्र: ओढां में नुक्कड़ सभा को संबोधित करते भाजपा नेता देवकुमार शर्मा।

No comments:

Post a Comment