Loading

05 June 2017

डेरा अमरनाथ योगी आश्रम के गद्दीनशीन संत रविनाथ ने रखी नींव

ओढ़ां के प्राचीन मंदिर श्री ठाकुर द्वारा पुन: निर्माण शुरू
ओढ़ां
ओढ़ां कस्बे के मध्य स्थित प्राचीन श्री ठाकुर द्वारा मंदिर के पुन: निर्माण का कार्य समस्त कस्बा वासियों के सहयोग से सोमवार को शुरू किया गया। इस अवसर पर मंदिर की नींव पंडित कृष्णलाल द्वारा विधिवत मंत्रोच्चारण के मध्य राजस्थान के नोहर में स्थित डेरा अमरनाथ योगी आश्रम के गद्दीनशीन संत रविनाथ द्वारा रखी गई।
उल्लेखनीय है कि ओढ़ां के सबसे पुराने मंदिर श्री ठाकुर द्वारा का निर्माण लगभग एक शताब्दी पूर्व किया गया था। गांव के बुजुर्गों ने बताया कि उस समय इस क्षेत्र में पानी का अभाव इतना ज्यादा था कि महिलाओं को एक घड़ा पानी लाने हेतु कई किलोमीटर तक चलना पड़ता था लेकिन मंदिर निर्माण के प्रति गांववासियों में इतनी श्रद्धा थी कि गांव की महिलाओं ने 5-5 घड़े पानी की सेवा की थी। उस समय इस मंदिर में ठाकुर जी की लकड़ी से बनी मूर्ति की पूजा समस्त गांववासियों द्वारा की जाती थी और पंडित बचनाराम द्वारा पूजा अर्चना की जाती थी। समय बीतने के साथ ओढ़ां में अन्य अनेक मंदिरों का निर्माण हुआ और उचित रखरखाव के अभाव में यह प्राचीन मंदिर खंडहर होने के बाद ढह गया था। अब समस्त गांववासियों के सहयोग से इस मंदिर का पुन: निर्माण किया जा रहा है जिसके तहत यहां दो मंजिला भव्य मंदिर बनाया जाएगा। इस मौके पर पूर्व सरपंच भूप मल्हान, जगदीश मायला, हनुमत सेवा समिति प्रधान जोतराम शर्मा, सालासर यात्री संघ प्रधान हरीराम गोयल, श्री दुर्गा भजन मंडल के प्रधान जसपाल तगड़, राजू सोनी, शेर सिंह, मोहन लाल, काफी संख्या में ग्रामीण महिला पुरूष मौजूद थे।

04 June 2017

समाचार

  • भारत और फ्रांस का आतंकवाद और जलवायु परिवर्तन के खिलाफ संघर्ष में सहयोग का फैसला। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैन्युअल मैक्रों इस वर्ष के अंत तक अंतर्राष्ट्रीय सौर ऊर्जा गठबंधन की बैठक में हिस्सा लेने भारत आएंगे।
  • जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी सैनिकों के संघर्षविराम उल्लंघन में अपने किसी भी सैनिक के हताहत होने से भारतीय सेना का इनकार।
  • उत्तर प्रदेश में सहारनपुर में पिछले महीने हुई हिंसा में कथित रूप से शामिल दो प्रमुख अभियुक्तों को विशेष जांच दल ने गिरफ्तार किया।
  • इसरो के सबसे शक्तिशाली जी एस एलवी मार्क-3 के प्रक्षेपण की उल्टी गिनती आज से।
  • नेपाल की संसद आज नए प्रधानमंत्री का चुनाव करेगी।
  • ब्रिटेन में मध्य लंदन में संदिग्ध आतंकी हमले। एक वाहन के टक्कर मारने और छुरेबाजी की घटनाओं में एक व्यक्ति की मौत, कई घायल।
  • चैम्पियंस ट्रॉफी क्रिकेट प्रतियोगिता में लंदन में कल रात दक्षिण अफ्रीका ने श्रीलंका को 96 रन से हराया।
.....................
भारत और फ्रांस ने आतंकवाद और जलवायु परिवर्तन की समस्या से निपटने के लिए मिलकर काम करने का फैसला किया है। कल शाम पेरिस में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि आतंकवाद और जलवायु परिवर्तन विश्व के सामने सबसे बड़ी चुनौतियां हैं।
श्री मोदी ने कहा कि पेरिस जलवायु परिवर्तन समझौता भारत के लिए विश्वास का प्रतीक है। पेरिस में राष्ट्रपति भवन एलेसी पैलेस में श्री मैक्रों के साथ विभिन्न मुद्दों पर दो घंटे की बातचीत के दौरान श्री मोदी ने फ्रांस के राष्ट्रपति को भारत आने के लिए आमंत्रित किया।
प्रगतिशील यूरोपीय यूनियन जो वैश्विक संतुलन के अंदर एक बहुत बड़ी भूमिका अदा कर सकता है, मुझे आशा है कि उस दिशा में फ्रांस सफलतापूर्वक अपनी भूमिका निभाएगा। मेरे लिए खुशी की बात है कि राष्‍ट्रपति जी ने भारत आने के निमंत्रण को स्‍वीकार किया है। हम उनके स्‍वागत के लिए बहुत उत्‍सुक हैं।
श्री मैक्रों ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए कहा कि वह इस वर्ष के अंत में अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन की बैठक में भाग लेने के लिए नई दिल्ली आएंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जर्मनी, स्‍पेन, रूस और फ्रांस की यात्रा के बाद आज तड़के नई दिल्ली लौट आए हैं।  हमारे संवाददाता ने बताया है कि उनकी यात्रा के दौरान भारत ने विभिन्‍न समझौतों पर हस्‍ताक्षर किए।
प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने अपने चार देशों के दौरे के दौरान निवेशकों से भारत में निवेश का आह्वान किया। श्री मोदी ने कहा कि भारत में रेलवे, स्‍मार्ट सिटी, ऑर्गेनिक फार्मिंग, पुनर्नवीकरण ऊर्जा जैसे क्षेत्र में निवेश की अपार संभावना है। प्रधानमंत्री के रूस दौरे पर दोनों देशों ने सेंट पीटर्सबर्ग घोषणा-पत्र भी जारी किया। आतंकवाद के मुद्दे पर श्री मोदी ने कहा कि यह मानवता के लिए सबसे बड़ा खतरा है और दुनिया को मिलकर आतंकवाद का सामना करना चाहिए। मानस प्रतिम शर्मा, आकाशवाणी समाचार, दिल्‍ली।
.....................
भारतीय सेना ने जम्‍मू-कश्‍मीर में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्‍तानी सैनिकों के संघर्षविराम उल्‍लंघन में अपने किसी सैनिक के हताहत होने से इन्‍कार किया है। सोलहवीं कोर के एक वरिष्‍ठ अधिकारी ने बताया कि पाकिस्‍तानी सेना का नियंत्रण रेखा के पास भारतीय बंकरों को तबाह करने और पांच सैनिकों के मार गिराने  का  दावा सरासर गलत है।
      .....................
उत्तर प्रदेश में सहारनपुर में नौ मई की हिंसा के सिलसिले में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इस घटना में पुलिस चौकी और 20 वाहनों को आग लगा दी गई थी।
गिरफ्तार किए गए व्‍यक्तियों की पहचान राजन और कदम सिंह उर्फ शिवम के रूप में हुई है और इन्‍हें सहारनपुर हिंसा की घटनाओं की जांच के लिए गठित पुलिस के विशेष जांच दल ने गिरफ्तार किया है। जिलाधिकारी प्रमोद कुमार पाण्‍डेय का कहना है कि जिले में शांति को देखते हुए इंटरनेट सेवाएं बहाल कर दी गई हैं, लेकिन सोशल मीडिया पर मेरठ और लखनऊ की सर्विलांस टीम के सहयोग के साथ निगाह रखी जा रही है। प्रदेश सरकार ने तत्‍कालीन जिलाधिकारी और जिला पुलिस प्रमुख को निलंबित कर दिया है और मंडलायुक्‍त और पुलिस उप-महानिरीक्षक स्‍थानांतरित कर दिए गए हैं। सुनील शुक्‍ल, आकाशवाणी समाचार, लखनऊ।
राज्य सरकार ने अपर पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में विशेष जांच दल का गठन किया है।
.....................
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन - इसरो  कल पहली बार प्रक्षेपण यान जी एस एल वी मार्क-3 डी-1 छोड़ेगा। इसे कल शाम पांच बजकर 28 मिनट पर श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केन्द्र से प्रक्षेपित किया जाएगा। प्रक्षेपण की साढ़े 22 घंटे की उलटी गिनती आज दिन में तीन बजकर 58 मिनट पर शुरू होगी
.....................
नेपाल की संसद आज नए प्रधानमंत्री का चुनाव करेगी। नेपाली कांग्रेस के अध्यक्ष शेर बहादुर देउबा इस पद के लिए एकमात्र प्रत्याशी हैं। अंतरिम प्रधानमंत्री और कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल (माओवादी) के अध्यक्ष पुष्प कमल दहाल ने श्री देउबा के नाम का प्रस्ताव किया।
.....................
ब्रिटेन में संदिग्ध आतंकी हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और कई घायल हुए हैं। मध्य लंदन में लंदन ब्रिज पर एक वाहन ने लोगों को टक्कर मारी और वहीं छुरेबाजी की घटनाएं भी हुईं। पुलिस खबरों के मुताबिक ऐसी घटनाएं अब भी जारी हैं।
पुलिस और सुरक्षाकर्मियों से ताजा जानकारी मिलने के बाद ब्रिटेन की प्रधानमंत्री टेरेसा मे ने घटनाओं की पुष्टि करते हुए कहा कि इन्हें आतंकी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है। लंदन के महापौर सादिक खान ने भी इन घटनाओं को आतंकवादी हमला बताया है।
      .....................
यूनिसेफ ने कहा है कि संघर्षरत यमन में हैज़ा बहुत तेज़ी से फैल रहा है और प्रतिदिन लगभग तीन हजार नये मामले सामने आ रहे हैं। यूनिसेफ के पश्चिमी देशों के निदेशक गीयर्ट कैपलरे ने कल  बताया कि पिछले महीने यमन के 22 प्रांतों में से 19 में हैज़े के 70 हजार मामले सामने आए हैं।
.....................
चैम्पियंस ट्रॉफी क्रिकेट प्रतियोगिता में कल रात लंदन में दक्षिण अफ्रीका ने श्रीलंका को 96 रन से हरा दिया। आज बर्मिंघम के एजबेस्टन में मौजूदा चैम्पियन भारत का सामना पाकिस्तान से होगा।
आकाशवाणी से इस मैच का आंखों देखा हाल दिन में दो बजकर 30 मिनट से सुना जा सकता है। इसे नेशनल हुक अप और एफ. एम. गोल्ड के सभी चैनलों से रिले किया जाएगा।
.....................
समाचार पत्रों की सुर्खियों से
हवाला के जरिए पाकिस्‍तान से पैसा ले रहे अलगाववादियों पर एनआईए का शिकंजा आज के अधिकांश अखबारों की सुर्खियां बनी है। नवभारत टाइम्‍स की सुर्खी है - टेरर फंडिंग केस में एनआईए ने ताबड़तोड़ छापे मारे। दैनिक जागरण लिखता है - आतंकवादियों और अलगाववादियों से साठगाठ के सबूत। अमर उजाला ने लिखा है -लैपटॉप, पैन ड्राइव, सोने के सिक्‍के, लेटरहेड और दो करोड़ रुपए बरामद। राष्‍ट्रीय सहारा ने इसे टेरर फंडिंग पर शिकंजा बताया है।
राष्‍ट्रीय सहारा ने मुख पृष्‍ठ पर लिखा है -ईवीएम हैकिंग, सभी दल बैकफुट पर। जनसत्‍ता लिखता है - ईवीएम हैकिंग से पीछे हटे मार्क्‍सवादी कम्‍युनिस्‍ट पार्टी राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी। हरि भूमि ने लिखा है - चुनाव आयोग की खुली चुनौती पर ईवीएम हैकिंग में किसी दल ने नहीं आजमाया हाथ। नवभारत टाइम्‍स के शब्‍द हैं - हैकथॉन हुआ, विवाद भी बढ़ा।
देशबंधु सहित कुछ अखबारों ने भारत और फ्रांस के संबंधों को सशक्‍त बनाने की दिशा में प्रधानमंत्री के प्रयास पर चर्चा की है।
देशबंधु ने लिखा है - काफी कशमकश के बाद जीएसटी से सोने पर कर तीन प्रतिशत। अमर उजाला की सुर्खी है - बिस्‍कुट, कपड़े, फुटवियर सस्‍ते, सोना महंगा। एक जुलाई से लागू जीएसटी, सभी राज्‍य सहमत। सोलह विभिन्‍न प्रकार के टैक्‍स समाप्‍त।
दसवीं कक्षा के सीबीएसई के रिजल्‍ट में बेटों के बाजी मारने की खबर के साथ हरिभूमि  ने लिखा है - पास होने के प्रतिशत में पांच प्रतिशत गिरावट। राष्‍ट्रीय सहारा के शब्द हैं - दसवीं में लड़के आगे।
भारतीय जवान के बिना ऑक्‍सीजन के एवरेस्‍ट की चोटी तक पहुंचने के रिकॉर्ड को अमर उजाला ने मुख पृष्‍ठ पर दिया है।
      .....................

जलघर के वाटर टैंक को साफ करके स्वच्छ पेयजल भरना सुनिश्चित किया

ग्राम पंचायत के आह्वान पर युवाओं व ग्रामीणों ने चलाया स्वच्छता अभियान
ओढ़ां
खंड के गांव रोहिडांवाली में ग्राम पंचायत के नेतृत्व में गांव के युवाओं व ग्रामीणों ने जलघर में सफाई अभियान चलाते हुए वाटर टैंक को साफ करके उसमें स्वच्छ पेयजल भरने हेतु जल सप्लाई छोड़ी।

ग्राम पंचायत द्वारा चलाए गए इस स्वच्छता अभियान में सरपंच महेंद्र सिंह के नेतृत्व में विनोद बाना, बीर सिंह, जगदीश कुमार, धनपत राम और कुलदीप सिंह पंच सहित अनेक गांववासियों ने पानी समाप्त हो जाने पर खाली हो चुके जलघर के एकमात्र वाटर टैंक से गाद निकालकर उसको अच्छे से साफ करके नया पानी भरने हेतु तैयार किया। इस कार्य में गांववासियों ने ट्रैक्टर सेवा व श्रमदान करते हुए बढ़ चढ़कर सहयोग दिया। सरपंच महेंद्र सिंह ने कहा कि अब गांववासियों को स्वच्छ और ताजा पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने गांववासियों से अपील की कि जलघर ही नहीं पूरे गांव में साफ सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए ताकि गांव में गंदगी ना हो जिससे बीमारियां फैलती हैं तथा गांव साफ सुथरा होगा तभी प्रदेश व देश स्वच्छ होगा और स्वच्छ भारत का सपना साकार हो पाएगा।

हाव भाव के साथ प्रदर्शित की गई गतिविधि ही नृत्य कहलाती है : सुशील सारस्वत

नुहियांवाली के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में जारी है सात दिवसीय समर कैंप
ओढ़ां
खंड ओढ़ां के गांव नुहियांवाली के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में जारी सात दिवसीय समर कैंप के दौरान शनिवार को तीसरे दिन का शुभारंभ सरस्वती वंदना से किया गया।

सर्वप्रथम नृत्य प्रशिक्षक सुशील सारस्वत ने विद्यार्थयों को नृत्य के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि नृत्य चौंसठ कलाओं में से एक कला है। हावभाव के साथ की गयी गतिविधि को नृत्य कहा जाता है। नृत्य का इतिहास मानव इतिहास जितना ही पुराना है जिसका उल्लेख वेदों में मिलता है। उन्होंने बताया कि नृत्य मानवीय अभिव्यक्तियों का एक रसमय प्रदर्शन है जिसका जन्म भी मानव जीवन के साथ हुआ है। भारतीय नृत्य शास्त्रीय और लोक नृत्य दो प्रकार का नृत्य है। जिस प्रकार भारत में कोस कोस पर पानी और वाणी बदलती है उसी प्रकार नृत्य की अनेक शैलियां है। सारस्वत ने पंजाबी लोक संगीत व लोक नृत्य भांगड़ा की जानकारी दी कि यह ढोलक की ताल व कदम से कदम मिलाकर किया जाता है। खुशी के माहौल पर धमाल के साथ किया जाता है। भांगड़े में रूचि लेते हुए विद्यार्थियों ने भांगड़ा के स्टेप सीखे। संगीत प्रशिक्षक रणजीत सिंह और सतीश कुमार ने विद्यार्थियों को नई सरगमें सारेगा रेगामा गामापा मापाधा पाधानी धानीसा व सारेगामा रेगामापा गामापाधा मापाधानी पाधानीसा आरोह-अवरोह में सुरताल के साथ गाना सिखाया। बीलावल थाट और केहरवा, दादरा व तीन ताल की जानकारी दी। इस मौके पर हिंदी व्याख्याता पवन देमीवाल ने हरियाणवी रागणी 'बचपन का टेम याद आग्याÓ तथा सुनीता एंड पार्टी ने 'बता मेरे यार सुदामाÓ सुनाया। कला एवं शिल्प प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों को पोस्टर कलर के प्रयोग के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि इसका प्रयोग सावधानी पूर्वक करना चाहिए। उन्होंने बताया कि अलग अलग रंगों के लिए अलग अलग ब्रश का प्रयोग करें तो पेंटिग सही बनती है। इस मौके पर प्रधानाचार्य अमनपाल, प्रीतम सिंह, बुटा सिंह, हरपाल सिंह, पवन देमीवाल, नीलकिरण शर्मा, माड़ूराम, म्यूजिक टीचर सतीश कुमार, रणजीत सिंह, सुशील सारस्वत, आर्ट एंड क्राफ्ट टीचर प्रिंस कुमार सहित अन्य स्टाफ सदस्य तथा विद्यार्थी उपस्थित थे।

तूड़ी की ट्राली पलटने से सिरसा डबवाली नैशनल हाइवे अवरूद्ध

ओढ़ां
नैशनल हाइवे पर ओढ़ां थाना के निकट गत रात्रि तूड़ी से भरी एक ट्राली पलट जाने के कारण सिरसा से डबवाली मार्ग अवरूद्ध हो गया जिसके कारण वाहन चालकों को अतिरिक्त परेशानी से दो चार होना पड़ा।
स्थानीय लोगों के अनुसार गत रात्रि तूड़ी लेकर ओढ़ां से डबवाली की ओर जा रहे एक ट्रैक्टर ट्राली का बड़ा टायर निकल जाने से ट्रैक्टर व ट्राली पलट गए तथा राजमार्ग पर तूड़ी बिखर जाने से मार्ग अवरूद्ध होकर रह गया। इस पर सिरसा से डबवाली जाने वाले वाहनों को 2 से 3 सौ मीटर वापिस मुड़कर फोरलेन के डबवाली से सिरसा मार्ग से होकर आगे जाना पड़ा। वाहन चालकों ने सोहन लाल, गुरचरण सिंह, गोपाल राम, हरजीत सिंह और कुलदीप आदि ने कहा कि कि इसके कारण उनके समय को बर्बादी से बचाने हेतु पिछले कट पर इस आशय का बोर्ड लगाया जाना चाहिए कि अगले कट तक रांग साइड रोड का प्रयोग करें क्योंकि मार्ग अवरूद्ध है। वाहन चालकों ने शुक्रवार को दोपहर बाद मार्ग खुलने पर राहत की सांस ली।