Loading

22 March 2017

भगत सिंह के सपनों के भारत का निर्माण करें युवा : जगदीश नेहरा

'कुछ पल शहीदों के नाम' समारोह में 61 यूनिट रक्तदान
ओढ़ां
गोल्डन स्टार युवा क्लब पन्नीवाला मोटा द्वारा नेहरू युवा केंद्र के तत्वाधान में समस्त गांववासियों के सहयोग से शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में 'कुछ पल शहीदों के नाम' समारोह आयोजित किया गया। गांव में स्थित सरस्वती मिडल स्कूल में आयोजित इस समारोह में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया जिसका शुभारंभ मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित पूर्व मंत्री जगदीश नेहरा ने किया।
रक्तदान शिविर में शिव शक्ति ब्लड बैंक की टीम द्वारा कुल 61 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। क्लब प्रधान प्रधान सुरेश लुटासरा ने अतिथियों का स्वागत किया तथा क्लब सदस्यों ने मुख्यातिथि को सम्मानित किया।
समारोह के आरंभ में शहीद भगत सिंह की प्रतिमा के सामने दीप प्रज्जवलित कर उन्हें पुष्पांजलि के साथ श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर पूर्व मंत्री जगदीश नेहरा ने कहा कि शहीदों को हमेशा याद रखें और उनके पदचिन्हों पर चलें। वर्तमान परिस्थितियों में यही उनको सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे राष्ट्र व समाजहित से जुड़ी गतिविधियों में भाग लेते हुए शहीद भगत सिंह के सपनों के भारत का निर्माण करें। इस मौके पर सरपंच प्रतिनिधि सतबीर कस्वां, सरस्वती मिडल स्कूल के मुख्याध्यापक महेंद्र सिंह, राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक कार्तिक, सुरेंद्र भारी, प्रदीप बैनिवाल, कृष्ण खीचड़, ईश्वर डुडी, दीपक सेठ, सुरेंद्र ढाका, रवि कस्वां, पवन, हरिओम, रवि, और नरेंद्र कुमार सहित स्कूल स्टाफ, ग्राम पंचायत सदस्य, क्लब सदस्य और गणमान्य लोगों सहित अनेक ग्रामीण महिला पुरूष मौजूद थे।

शिक्षा के साथ स्वरोजगार अपनाकर अपने पैरों पर खड़ी हों छात्राएं : शमीम शर्मा

ओढ़ां
माता हरकी देवी महिला महाविद्यालय ओढ़ां में महाविद्यालय एनएसएस प्रभारी चंचल सेतिया व मोनिका कस्वां की देखरेख में आयोजित सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर में बुधवार को विभिन्न गतिविधियों का संचालन किया गया जिसमें बागवानी विभाग प्रशिक्षित शिक्षिका कुमारी अंकिता ने स्ंवयसेविकाओं को भोजन से प्राप्त विभिन्न विटामिन एवं खनिज पदार्थो के बेहतर उपयोग के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
तत्पश्चात उन्होने स्ंवयरोजगार योजना के तहत गर्मियों के लिए पेय पदार्थ बनाने के लिए प्रशिक्षण दिया। प्रबन्धकीय समिति के सचिव मंदर सिंह ने शिविर में स्ंवयसेविकाओं को बढ़ चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। प्राचार्या डा. शमीम शर्मा ने स्ंवयसेविकाओं को शिक्षा के साथ साथ स्वरोजगार अपनाकर अपने पैरों पर खडा होने के लिए प्रेरित किया। अंत में छात्राओं ने ज्वलंत मुददों पर परिचर्चा की।

पशुपालक बोले 'गर्मियां आ गई लेकिन नहीं आया जोहड़ में पानी'

ओढ़ां
ओढ़ां में माता हरकी देवी कॉलेज रोड पर गोशाला के निकट स्थित मुख्य जोहड़ को खाली हुए सवा माह बीत चुका है और गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं लेकिन जोहड़ में पानी भरने का काम अभी तक नहीं किया गया। पशुपालकों राजेंद्र, रामसिंह, मंदर सिंह, राजू और काला सिंह आदि का कहना है कि पानी के अभाव में उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पहले तो मनरेगा मजदूरों की हड़ताल के चलते इस काम में देरी हुई और फिर चारदीवारी बनाने में लेकिन अब इस कार्य में अकारण बिलंब हो रहा है। 
इस विषय में कनिष्ठ अभियंता देवेंद्र बांसल ने बताया कि जोहड की सड़क साइड वाली 700 फीट लंबी दीवार के नीचे 8 फीट गहरा साढ़े तीन फीट चौड़ा आधार बनाया गया है जिसके ऊपर दीवार खड़ी की जा रही है। उन्होंने बताया कि जोहड़ की दीवार को बनाने का कार्य प्रगति पर है और शीघ्र ही दीवार का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा। उसके बाद जोहड़ में कभी भी पानी भरा जा सकता है।
इस विषय में सरपंच लखबीर कौर से बात किए जाने पर उन्होंने बताया कि एक ओर दीवार के निर्माण का कार्य जारी है तथा दूसरी ओर मनरेगा मजदूरों द्वारा जोहड़ से गाद निकालने के कार्य में भी तेजी आई है। उन्होंने बताया कि दीवार के बाद गोघाट बनाया जाएगा और फिर जोहड़ में पानी भर दिया जाएगा। गाद निकालने के कार्य के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि जोहड़ से गाद निकालने का काम 10 दिन में पूरा हो जाएगा।

तनातनी छोड़कर विकास कार्योंे में ध्यान दें पार्षद : ममता

सिरसा। नगर पार्षद ममता सैनी ने नगर परिषद में पार्षदों के बीच चल रही तनातनी प्रकरण पर गहरा दुख व्यक्त किया है। आज इस प्रकरण पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करते हुए ममता सैनी ने कहा कि नगर परिषद नगर के विकास के लिए एक प्रतिबद्ध मंच है।
यह अत्यंत दुखदायी है कि जनता के चुने हुए प्रतिनिधि यहां विकास की बात करने की बजाय आपस में गाली गलौच करते हैं और हाथापाई पर उतारु हो जाते हैं। उन्होंने विपक्षी दलों के जनप्रतिनिधियों के व्यवहार की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि जिस प्रकार की भाषा और व्यवहार उनके द्वारा किया जा रहा है वह अमर्यादित है तथा जनप्रतिनिधि के व्यक्तित्व को शोभा नहीं देता। उन्होंने कहा कि वे स्वयं नगर परिषद प्रधान शीला सहगल की कार्यशैली की प्रशंसा करती हैं जिन्होंने सभी वार्डों के लिए विकास के काम शुरु करवाने में रुचि दिखाई है। उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द इस प्रकरण को समाप्त करना चाहिए और सभी पार्षदों को मिलजुलकर नगर के विकास के लिए प्रयास करना चाहिए।

गाय का वैदिक ज्ञान होगा तभी गाय के प्रति सम्मान होगा : डॉ. स्वामी दिव्यानंद भिक्षु

सिरसा। भारतीय धर्म संस्कृति के त्रिकालक्ष आचार्यों ने गौ सेवा से बढ़कर और किसी भी धर्म को श्रेष्ठ नहीं बताया। इसलिए हमें गौवंश संरक्षण के लिए सदैव पुरुषार्थ करते हुए गौ हत्या जैसे घृणित दुष्कर्म का विरोध करना चाहिए और इस धर्म पारायण भारत वर्ष से गौ हत्या जैसे कलंक को मिटाने के लिए कृतसंकल्प हो जाना चाहिए।
किसी भी रुप में गौ सेवा जैसे पवित्र धर्म का पालन करना चाहिए। गाय का व्यवहारिक और वैदिक शास्त्रीय स्वरुप क्या है यह जानने के लिए ही गौकथा का आयोजन किया जाता है क्योंकि गाय का वैदिक ज्ञान होगा तभी गाय के प्रति सम्मान बढ़ेगा और हम श्रद्धा से गौ सेवा मार्ग का अनुसरण कर सकेंगे। चौ. देवीलाल गौशाला सिरसा में आयोजित गौ कथा का शुभारंभ करते हुए तपोवन हरिद्वार से पधारे पूज्य चरण गीता व्यास डॉ. स्वामी दिव्यानंद जी महाराज ने यह संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि गौसेवा जैसी साधना केवल भाव के आवेश में जोश में ही नहीं हो पाएगी इसके लिए सेवक को विवेकी होना चाहिए। गाय प्राणवान है, ऊर्जावान है इसके रखरखाव में पूरी सूझबूझ की जरुरत है। जैसे अपने घरों में सभी सदस्यों का ख्याल रखा जाता है खाली उन्हें भोजन नहीं समय-समय पर औषधि आदि के लिए चिकित्सा विशेषज्ञों के पास भी भेजना होता है इसी प्रकार गायों को केवल चारा ही नहीं अन्य वस्तुओं की जलवायु के अनुरूप आवश्यकता पड़ती है इन सभी को गौ ग्रास कहा जाता है। केवल गुड़, दलिया या चारा आदि ही गौ ग्रास नहीं होता। यह भी ध्यान रहे कि गाय स्वस्थ रहेगी तो हमें भी गाय से संपूर्ण लाभ प्राप्त होंगे। इसे स्वार्थ नहीं समझना यह सहज ही गौमाता की कृपा प्रसाद को स्वीकार करना चाहिए। आज इस अवसर पर भव्य गौदान कार्यक्रम वैदिक विधि से हुआ तथा मुख्य रुप से मा. रोशन लाल गोयल, पृथ्वी चंद बड़ोपलिया, कृष्ण गुप्ता फैशन कैंप, कश्मीरी लाल नरुला, विनोद जैन, केके शर्मा, संदीप फर्नीचर वाले, पवन कुमार मित्तल, सतपाल जिंदल, पवन गर्ग, सुरेश सिडाना, निपुण आहूजा, सागर गर्ग आदि ने गौदान किया। कार्यक्रम में गौशाला के प्रधान एडवोकेट संजीव जैन, कृष्ण गर्ग, जोगेन्द्र नागपाल, धर्मपाल मेहता, कुंदनलाल नागपाल, तरसेम सामा, विपिन मेहता, सन्नी बंसल, विनीत गर्ग, सुशील शर्मा, संदीप गर्ग, बंटी खुराना सहित बड़ी संख्या में गौ भक्त सपरिवार उपस्थित थे।