Loading

22 May 2017

स्वच्छता को लेकर युवा सोच में सकारात्मक बदलाव सराहनीय : सतिंद्र गर्ग

रावमावि ओढ़ां में आयोजित सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर सम्पन्न
ओढ़ां
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ओढ़ां में एनएसएस प्रभारी मांगेराम नागर की देखरेख में आयोजित सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गया।


शिविर के समापन पर विद्यालय प्राचार्य सुभाष फुटेला की अध्यक्षता में आयोजित समापन समारोह में मुख्यातिथि के रूप में ओढ़ां भाजपा मंडल अध्यक्ष सतिंद्र गर्ग व विशिष्ट अतिथि के रूप में सरपंच प्रतिनिधि कृष्ण बेरवाल उपस्थित हुए। मुख्यातिथि ने स्वयंसेवकों से अनेक सवाल पूछे तथा उनके सवालों के जवाब भी दिए।
'यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताÓ से अपने संबोधन का शुभारंभ करते हुए युवा नेता सतिंद्र गर्ग ने स्वयंसेवकों से कहा कि भारत में नारी हमेशा पूजनीय रही है और भविष्य में भी रहेगी क्योंकि अर्जुन को कोंतेय अथवा श्रीकृष्ण को देवकीनंदन यूं ही नहीं कहा जाता। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ और स्वच्छ भारत कहने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को स्वयं आगे आना पड़ा ये छोटी बात नहीं है लेकिन इससे भी बड़ी बात ये है कि उसके बाद एक हजार लड़कों के मुकाबले लड़कियों की संख्या में सौ से ज्यादा की वृद्धि हुई है। इसी प्रकार स्वच्छता के प्रति युवा सोच में जो सकारात्मक बदलाव देखा जा रहा है वो भारत को मात्र एक से डेढ़ दशक में उतना स्वच्छ बना देगा जितना बनने में सिंगापुर को तीन से साढ़े तीन दशक का समय लगा। उन्होंने स्वयंसेवकों से कहा कि इस शिविर के दौरान आपको स्वच्छता अथवा समाजसेवा का जो मंत्र मिला है वो किसी विशेष टाइम पीरियड के लिए नहीं बल्कि जिंदगी भर के लिए है अर्थात स्वयंसेवक वो होता है जो आत्म प्रेरणा से पूरी जिंदगी के लिए समाज की सेवा के भाव को अपना लेता है। उन्होंने स्वयंसेवकों को सफलता का मंत्र देते हुए कहा कि किसी भी वक्ता के सामने अपनी जिज्ञासा को अबिलंब रख देने की कला को विकसित करो तथा अपनी मेहनत व लगन से स्वयं को इतना ऊंचा ले जाओ कि जाति पाति, ऊंच नीच या अमीर गरीब की बजाय आपका व्यक्तित्व ही आपकी पहचान हो।
श्रमदान के अंतर्गत स्वयंसेवकों ने साफ सफाई की और स्वयंसेविकाओं ने सभी के लिए भोजन तैयार किया। एनएसएस प्रभारी मांगेराम नागर ने शिविर के सातों दिनों की रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा प्राचार्य ने अतिथियों का स्वागत व आभार व्यक्त किया। इस मौके पर स्टाफ सदस्य, गणमान्य कस्वावासी और 50 के लगभग स्वयंसेवक व स्वयंसेविकाएं मौजूद थी।

20 May 2017

समाचार

  • इलैक्‍ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों की विश्‍वसनीयता साबित करने के लिए निर्वाचन आयोग का दिल्‍ली में मशीनों द्वारा प्रदर्शन।
  • वाणिज्‍य और उद्योग मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा-वैश्विक मंदी के बावजूद भारत का निर्यात में बेहतर प्रदर्शन।
  • उत्‍तराखण्‍ड में भूस्‍खलन के बाद बंद हुए ऋषिकेश-बद्रीनाथ राजमार्ग को खोलने के प्रयत्‍न जारी।
  • गृहमंत्री राजनाथ सिंह आज दोपहर बाद गान्‍तोक में चीन से लगी सीमा की सुरक्षा की समीक्षा करेंगे। चीन सीमा से लगे पांच राज्‍यों के मुख्‍यमंत्री भी बैठक में शामिल होंगे।
  • ईरान में राष्‍ट्रपति पद के चुनाव की मतगणना के शुरूआती परिणामों में वर्तमान राष्‍ट्रपति हसन रूहानी की जीत के संकेत।
  • और, शंघाई में विश्‍व तीरंदाजी प्रतियोगिता के पुरूष वर्ग के  फाइनल में भारत को स्‍वर्ण पदक।
-------------------------------
निर्वाचन आयोग नई दिल्‍ली में इलेक्‍ट्रोनिक वोटिंग मशीन  और मतदान पुष्टि पर्ची का प्रदर्शन कर रहा है। आयोग इन मशीनों के इस्‍तेमाल और पेपर ट्रेल मशीन का भी प्रदर्शन करेगा। आयोग इलैक्‍ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों को चुनौती देने की प्रक्रिया और समय की घोषणा करने के लिए आज दोपहर बाद संवाददाता सम्‍मेलन भी आयोजित करेगा।
पिछले सप्‍ताह, निर्वाचन आयोग ने राजनीतिक दलों को चुनौती दी थी कि वे हाल के विधानसभा चुनावों में इस्‍तेमाल किए गए वोटिंग मशीनों के साथ छेड़छाड़ के आरोप को साबित करके दिखाए। इससे पहले, अनेक विपक्षी दलों ने इनकी विश्‍वसनीयता पर सवाल उठाते हुए मत-पत्र प्रणाली फिर से अपनाने के लिए कहा था। आयोग ने इलैक्‍ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों और मतदान पुष्टि पर्ची की विश्‍वसनीयता और चुनाव सुधारों से सबंधित मुद्दों पर सर्वदलीय बैठक भी की है। मुख्‍य निर्वाचन आयुक्‍त नसीम जैदी ने कहा था राजनीतिक दल चुनावों के दौरान किए जाने वाले तकनीकी और कड़े प्रशासनिक सुरक्षा के माहौल में इन मशीनों के साथ छेड़छाड़ को साबित करके दिखाएं।
-------------------------------
वाणिज्य और उद्योग मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा है, वैश्विक मंदी के बावजूद भारत का निर्यात क्षेत्र में अच्छा प्रदर्शन  रहा है।
वे पिछले तीन साल में वाणिज्‍य और उद्योग मंत्रालय की  महत्‍वपूर्ण पहलों पर आज नई दिल्ली में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहीं थी। श्रीमती सीतारमण ने कहा कि वैश्विक मंदी के बावजूद, पिछले छह महीनों में निर्यात में तेजी आई है।
श्रीमती सीतारमण ने कहा कि निर्यात और आयात के लिए आवश्‍यक दस्‍तावेजों की संख्‍या तीन-तीन रह गई है। उन्‍होंने  बताया कि आयात और निर्यात से संबंधित फार्म भी सरल बना दिए गए हैं।
उन्‍होंने कहा कि पिछले तीन साल में विशेष आर्थिक क्षेत्र में निर्यात में वृद्धि हुई है। वर्ष 2016-17 में पांच लाख 23 हजार करोड़ रूपये का निर्यात हुआ।
-------------------------------
उत्तराखंड में चमोली जिले के विष्णु प्रयाग के निकट  चट्टानें खिसकने से बंद ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग दोबारा खोले जाने के प्रयास किये जा रहे हैं। चमोली जिले के जिलाधिकारी आशीष जोशी ने बताया कि राजमार्ग शाम तक खुल जाएगा।
बार्डर रोड कंटीनसली अपने रोड को क्‍लीन करने के लिए काम कर रहा है। हमारा मानना है कि आज शाम तक रोड खुल भी जाएगा, छोटी गाडि़यों हेतु। इसी के साथ-साथ जितने हमारे नीचे के  स्‍टेशंस हैं सभी जगह हमने एलर्ट आलरेडी दे दिया है। जितने भी हमारे उनको सभी को अलग-अलग स्‍थानों पर रोक दिया गया है।
हमारे संवाददाता ने बताया है कि कल दोपहर बाद हाथी पहाड़ से अचानक बड़ी चट्टानें टूट कर नीचे आ गई थी।
सीमा सड़क संगठन के जवान मलवा को साफ करने में तेजी से जुटे हैं ताकि राजमार्ग को यातायात के लिए जल्‍द से जल्‍द खोला जा सके। राजमार्ग बंद होने से जोशीमठ, पीपलकोटी कर्णप्रयाग, गोबिंदघाट और बद्रीनाथ में रुके सैकड़ों तीर्थयात्रियों के लिए जिला प्रशासन की ओर से खाने और निशुल्‍क ठहरने की व्‍यवस्‍था सहित जरूरी सुविधाएं उपलब्‍ध कराई गयी हैं। इस बीच, श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर रूद्रप्रयाग जिला प्रशासन से कहा गया है कि बद्रीनाथ आने वाले श्रद्धालुओं को मार्ग खुलने तक रूद्रप्रयाग से आगे रवाना न करें। संजीव सुंदरियाल, आकाशवाणी समाचार, देहरादून।
-------------------------------
प्रवर्तन निदेशालय ने मनी लॉन्‍डरिंग मामले की जांच के तहत नारदा न्‍यूज के मुख्‍य कार्यकारी अधिकारी मैथ्‍यू सैमुअल को फिर सम्‍मन भेजा है। एक स्टिंग ऑपरेशन में तृणमूल कांग्रेस के अनेक सांसदों और मंत्रियों सहित इसके नेताओं को घूस लेते हुए दिखाया गया था जिसके बाद यह जांच शुरू हुई।
सैमुअल को केरल में कोच्चि में बुधवार को मामले के जांच अधिकारी के कार्यालय में पेश होने के लिए कहा गया है।
सीबीआई भी भ्रष्‍टाचार के आरोपों पर इस मामले की जांच कर रहा है।
-------------------------------
केन्‍द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह आज दोपहर बाद सिक्किम के गान्‍तोक में भारत-चीन सीमा से लगे पांच राज्‍यों के मुख्‍यमंत्रियों की पहली बैठक की  अध्‍यक्षता करेंगे। ये हैं- जम्‍मू-कश्‍मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्‍तराखंड, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश। हमारे संवाददाता ने बताया है कि बैठक का उद्देश्‍य सीमा सुरक्षा में सुधार के लिए गृह मंत्रालय और राज्‍यों के बीच समन्‍वय बढ़ाना है।
भारत-चीन सीमा पर सुरक्षा में सुधार को लेकर पहली बार बुलाई गई इस बैठक में सीमा से सटे इन पांच राज्‍यों के बीच बेहतर तालमेल और ढांचागत विकास पर मुख्‍य रूप से चर्चा होनी है। इसके अलावा इन राज्‍यों के सीमा विकास से जुड़ी परियोजनाओं की समीक्षा भी की जाएंगी। बैठक में भारत-चीन सीमा साझा कर रहे सिक्किम समेत अरुणाचल प्रदेश, जम्‍मू-कश्‍मीर, हिमाचल और उत्‍तराखंड राज्‍य में तैनात सुरक्षा बलों की बेहतर रेख-देख के लिए उठाए जाने वाले आवश्‍यक कदमों पर भी विचार होना है। गृहमंत्री, राजनाथ सिंह कल अपनी पश्चिम सिक्किम के यात्रा के दौरान पेलिंग में बच्‍चों के एक स्‍कूली कार्यक्रम में भी सम्मिलित होंगे। अजीत सिंह, आकाशवाणी समाचार, गैंगटोक।
गृह मंत्री नाथुला दर्रा और लाचुंग में भारत-तिब्‍बत सीमा पुलिस सीमा चौकी भी जाएंगे। कल श्री सिंह सशस्‍त्र सीमा बल बटालियन मुख्‍यालय जाएंगे। वे भारत-नेपाल सीमा पर उत्‍तरी, कुमुख और बजराजधारा की एसएसबी सीमा चौकियों का निरीक्षण भी करेंगे। गृह मंत्री राजनाथ सिंह गीजिंग में सैनिक सम्‍मेलन के दौरान जवानों से बातचीत करेंगे और इसके बाद सिक्किम में पेलिंग में एक कार्यक्रम में शामिल होंगे।
-------------------------------
भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह देशभर की यात्रा के तहत आज चंडीगढ़ पहुंचे। इसकी शुरूआत पिछले महीने जम्मू से हुई थी। हमारे संवाददाता ने बताया है कि अपनी दो दिन की यात्रा के दौरान श्री शाह पार्षदों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मिलेंगे।
भारतीय जनता पार्टी के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष अमित शाह ने हवाई अड्डे से भारतीय जनता पार्टी के सेक्‍टर-33 स्थित कार्यालय तक पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के रोड़ शो में भाग लिया। उन्‍होंने पार्टी कार्यालय के नए भवन का औपचारिक उद्घाटन किया और पंडित दीनदयाल की प्रतिमा का अनावरण किया। श्री शाह ने नानाजी देशमुख के नाम पर रखे गए पुस्‍तकालय और ई-लाइब्रेरी का उद्घाटन भी किया। श्री अमित शाह ने पार्टी कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक में संगठनात्‍मक गतिविधियों की जानकारी भी ली। शाम को श्री शाह चण्‍डीगढ़ प्रेस क्‍लब में मीडिया को संबोधित करेंगे। अश्विनी कुमार शर्मा, आकाशवाणी समाचार, चण्‍डीगढ़।
-------------------------------
महाराष्‍ट्र सरकार कर्नाटक के विजयपुरा, भागलकोट और बेलगाम जिले में पेयजल की गंभीर समस्या दूर करने के लिए आज से तीन अरब घन फीट पानी छोड़ने पर सहमत हो गई है। जल संसाधन मंत्री एम0 बी0 पाटिल ने बताया है कि कल सुबह महाराष्‍ट्र के कोयना बांध से पानी छोड़ दिया जायेगा। उन्‍होंने ये भी बताया कि महाराष्‍ट्र इसके बाद एक अरब घन फीट अतिरिक्‍त पानी छोड़ने को भी तैयार है। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से -
महाराष्‍ट्रा के कोयना जलाशय से पानी छोड़े जाने वाला पानी कर्नाटक के राजापुर बैराज पहुंचने के लिए दो या तीन दिन का समय चाहिए। 160 किलोमीटर दूरी को लांघते हुए पानी राजापुर पहुंचने के बाद विजयपुरम में गलगली में तेकोतीकोलार बैराज पहुंचने के लिए फिर चार दिन का समय लगेगा। वहां से अर्बन वाटर सप्‍लाई बोर्ड पानी को पम्‍प करते हुए विजयपुर शहर और उसके आसपास के जिलों को पहुंचाएगा। सुधीन्‍द्रा, आकाशवाणी समाचार, धारवाड़।
-------------------------------
महाराष्ट्र के वित्त मंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने आज मुंबई में विधानसभा में तीन विधेयक पेश किए। वस्‍तु और सेवा कर विधेयक पर चर्चा और पारित करने के लिए विधानसभा का तीन दिन का विशेष सत्र बुलाया गया है।
-------------------------------
पेंशन निधि विनियामक और विकास प्राधिकरण क्रिसिल द्वारा जारी एक रिपोर्ट के अनुसार   भारतीयों की उम्र धीरे-धीरे बढ़ना शुरू होकर देश 'युवा' से बुजुर्ग में बदल जाएगा। देश का हर पांचवां व्‍यक्ति उम्र के 60वें दशक में होगा। हमारी संवाददाता ने बताया है कि महाराष्‍ट्र के गैर संगठित क्षेत्र में काम करने वालों के लिए अटल पेंशन योजना राहत लेकर आई।
असंगठित क्षेत्र में कामगारों के बीच वृद्धावस्‍था के जोखिमों का समाधान करने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी ने मई 2015 में अटल पेंशन योजना की शुरूआत की। NDFL e-Governance के प्रबंध निदेशक और मुख्‍य कार्यकारी अधिकारी गगन राय बताते हैं कि केवल दो सालों में ही 48 लाख से ज्‍यादा लोगों ने अटल पेंशन योजना में अपना नामांकन करवाया है -
एपीवाई योजना पूरे देश में 23 सार्वजनिक क्षेत्रीय बैंकों और 19 निजी बैंकों सहित 235 एपीआई सर्विस सेंटर के माध्‍यम से कार्यान्वित की जा रही है। इस योजना का लाभ 18 साल से लेकर 40 साल तक के सभी भारतीय नागरिक उठा सकते हैं। इन्‍हीं सुवि धाओं के बदौलत कम समय में ही अटल पेंशन असंगठित क्षेत्र के काम करने वाले लोगों के बीच काफी लोकप्रिय है।
प्रार्थना के साथ मैं सोनाली घडियाल पाटिल, आकाशवाणी समाचार, मुम्‍बई
-------------------------------
ईरान में प्राप्‍त प्रारंभिक परिणामों से पता चलता है कि राष्‍ट्रपति हसन रूहानी दोबारा राष्‍ट्रपति बनने जा रहे हैं।   सरकारी टेलीविजन पर घोषणा की गई है कि अब तक दो करोड़ 60 लाख मतों की गणना के बाद श्री रूहानी को एक करोड़ 46 लाख मत मिले हैं। अंतिम परिणाम की घोषणा बाद में की जाएगी।
इस बीच, श्री रूहानी के मुख्‍य प्रतिद्वंद्वी इब्राहिम रईसी ने चुनाव में कथित धांधली की शिकायत दर्ज कराई है। श्री रईसी ने रूहानी के समर्थकों पर मतदान केन्‍द्रों पर प्रचार करने का आरोप लगाया है। ईरान के चुनाव कानून के अनुसार मतदान केन्‍द्र पर  प्रचार पर प्रतिबंध है।
-------------------------------
नेपाल में, स्थानीय निकाय के पहले चरण के चुनाव की मतगणना पूरी होने वाली है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि अब तक लगभग 90 प्रतिशत परिणाम घोषित किए जा चुके हैं।
अब तक 281 स्‍थानीय निकायों में से 254 में महापौर और प्रमुख के चुनाव परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। कम्‍युनिस्‍ट पार्टी आफ नेपाल-यूएमएल सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है। नेपाली कांग्रेस 97 पर विजयी हुई है और 10 स्‍थानों पर आगे चल रही है। कम्‍युनिस्‍ट पार्टी आफ नेपाल-माओवादी केन्‍द्र ने 46 पर जीत हासिल की है। अन्‍य उम्‍मीदवारों ने 6 पर जीते हैं। उप महापौर और उप प्रमुख के 247 नजीते भी हासिल हो गए हैं। सीपीएमएल 117 पर विजयी है और 15 पर आगे है। नेपाली कांग्रेस को 75 पद मिले हैं और वह सात पर आगे चल रही है। सीपीएम माओवादी केन्‍द्र ने 44 स्‍थान हासिल किए है और वह एक पर आगे है। राष्‍ट्रीय प्रजातांत्रित पार्टी पांच, राष्‍ट्रीय जनमोर्चा दो और अन्‍य ने चार सीटें जीती हैं। राजकुमार, आकाशवाणी समाचार, काठमांडू।
-------------------------------
अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि उनकी पहली विदेश यात्रा तीन महान धर्मों  से जुड़ी  है और इस यात्रा का उद्देश्‍य आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में विश्‍व को एकजुट करना है। श्री ट्रम्प, सऊदी अरब, इज़राइल, वेटिकन, बेल्जियम और इटली की नौ दिन की यात्रा पर हैं। उन्‍होंने कहा कि दुनिया की सभी समस्याओं का अमरीका समाधान नहीं कर सकता है, लेकिन अमरीका आतंकवाद को खत्म करने की लडा़ई में किसी भी देश की सहायता करने को तैयार है।     
-------------------------------
शंघाई में हो रही विश्‍व तीरअंदाजी प्रतियोगिता में पुरूषों की टीम प्रतियोगिता में आज हुए फाइनल मुकालबे में भारत ने कोलंबिया को हराकर स्‍वर्ण पदक जीत लिया है। अभिषेक वर्मा, चिन्‍नाराजू श्रीधर और अमनजीत सिंह वाली इस टीम ने कोलंबिया की टीम को दो सौ 21 के मुकाबले दो सौ 26 अंकों से हराया।
सेमीफाइनल में बेहद रोमांचक मुकाबले में भारत ने अमरीकी टीम को हराया। रिओ ओलंपिक्‍स के बाद तीरंदाजी का यह पहला बड़ा मुकाबला है।
-------------------------------
मुम्‍बई इंडियंस आईपीएल ट्वेंटी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंच गया है। दूसरे क्‍वालीफायर में कल रात बेंगलूरू के चिन्‍नास्‍वामी स्‍टेडियम में मुम्‍बई इंडियंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 6 विकेट से हराया।
हैदराबाद में कल फाइनल में मुम्‍बई इंडियंस का सामना राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स से होगा।
-------------------------------
मुत्‍ताहिदा कौमी मूवमेंट के नेता अलताफ हुसैन ने पाकिस्‍तान को चेतावनी दी है कि अगर सेना ने मुहाजिरों और बलूच लोगों के अधिकारों का उल्‍लंघन जारी रखा तो विश्‍व के नक्‍शे से गायब हो जाएगा। उन्‍होंने कहा कि आतंकरोधी अभियान के नाम पर पाकिस्‍तानी सेना ने बहुत वर्ष पहले बलूचिस्‍तान में अभियान शुरू किया और हजारों बलूच लोगों की हत्‍या कर दी। वॉशिंगटन से अपने समर्थकों को भेजे वीडियो संदेश में हुसैन ने आरोप लगाया कि पाकिस्‍तानी सेना और उसकी जासूसी एजेंसी पड़ोसी देशों में छद्म युद्ध चलाने वाले विभिन्‍न इस्‍लामिक उग्रवादियों को आश्रय दे रही है।
-------------------------------

मलेरिया विभाग की टीम ने की वर्ष भर काम देने की मांग

ओढ़ां
मलेरिया विभाग द्वारा गांवों में मच्छरमार दवा का छिड़काव करने वाले कर्मचारियों को वर्षभर में मात्र 5 माह के लिए ही कार्य मिलता है और शेष सात माह तक वे बेरोजगार रहते हैं जिस कारण उन्हें आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ता है। यह बात खंड के गांव सालमखेड़ा में लोगों के घरों में दवा का छिड़काव कर रहे कर्मचारियों सुपरवाइजर जगन कुमार व स्वास्थ्य सहायक लालचंद, शिवचंद, बलवीर सिंह, जोगेंद्र कुमार व करतार सिंह आदि पर आधारित टीम के लीडर जगन कुमार ने कही। उन्होंने हरियाणा सरकार से वर्ष के 12 महीने कार्य की मांग करते हुए कहा कि मौजूदा तरीके से वे न तो स्वयं का कोई स्थायी कार्य कर सकते हैं और न ही पूरा साल सरकार के लिए काम कर पाते हैं। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों में लालचंद जैसे अनेक कर्मचारी तो ऐसे हैं जो गत 30 वर्ष से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें वर्ष में 5 माह के लिए डीसी रेट पर कार्य दिया जाता है जो अप्र्याप्त है।

स्वयं को सृजनात्मक और रचनात्मक सामाजिक कार्यों में प्रवृत्त करें : सुभाष फुटेला

रावमावि ओढ़ां में आयोजित सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर
ओढ़ां
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ओढ़ां में आयोजित किए जा रहे सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर के दौरान शनिवार को श्रमदान के अंतर्गत स्वयंसेवकों ने मुख्य जलघर रोड तथा राजकीय कन्या उच्च विद्यालय मार्ग पर सफाई अभियान चलाते हुए पूरे क्षेत्र को साफ सुथरा बनाया। इसके अतिरिक्त सुमनलता व सीमा वधवा की देखरेख में रंगोली व मेहंदी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।

इस अवसर पर स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए प्राचार्य सुभाष फुटेला ने रविवार को आयोजित किए जाने वाले समापन समारोह के बारे में जानकारी दी। राष्ट्रीय सेवा योजना शिविरों के उद्देश्यों व कार्यों पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि लोगों के साथ मिलकर कार्य करना, स्वयं को सृजनात्मक और रचनात्मक सामाजिक  कार्यों में प्रवृत्त  करना, स्वयं तथा समुदाय की ज्ञान वृद्धि करना, समस्याओं को हल करने में स्वयं की प्रतिभा का व्यावहारिक उपयोग करना, प्रजातांत्रिक नेतृत्व को क्रियान्वित करने में दक्षता प्राप्त करना, स्वयं को रोजगार के योग्य बनाने के लिए कार्यक्रम विकास में दक्षता प्राप्त करना, शिक्षित और अशिक्षितों के बीच की दूरी को मिटाना तथा समुदाय के कमजोर वर्ग की सेवा के लिए स्वयं में इच्छाएं जागृत करना आदि गुण स्वयंसेवकों में होना आवश्यक है। इस मौके पर डीपीई बलविंद्र सिंह, कृष्णचंद्र और एनएसएस प्रभारी मांगेराम नागर सहित अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद थे।

स्कूली स्तर पर ही प्रतियोगी परीक्षाओं का आयोजन जरूरी : कुलदीप सहारण

ओढ़ां
गांव पन्नीवाला मोटा में जय भारत स्कूल में विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक संस्था नवनिर्माण फाउंडेशन द्वारा करवाई जाने वाली प्रतियोगी परीक्षा जीनियस ट्रैकर आयोजित की गई।
परीक्षा में विद्यालय के पांचवी से दसवीं कक्षा तक के लगभग 50 विद्यार्थियों ने भाग लिया। परीक्षा का उद्देश्य बच्चों को भविष्य में प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रारूप, रीजनिंग ज्ञान एवं तर्कशील प्रश्नों से अवगत करवाना तथा परीक्षा के दौरान सही समय प्रबंधन की महत्ता को जानना था। परीक्षा का संचालन मुख्याध्यापक कुलदीप सहारण के अध्यक्षता में स्टॉफ सदस्यों द्वारा किया गया। हरियाणा, पंजाब तथा राजस्थान के लगभग 150 स्कूलों में आययोजित की गई इस परीक्षा भाग लेने वाले प्रतिभागियों में से कक्षावार प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले 10-10 प्रतिभागियों को क्रमश: 11000, 7100 तथा 5100 रुपए की नकद प्रोत्साहन राशि के साथ साथ प्रमाणपत्र व मैडल प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। इस मौके पर स्कूल मुख्यध्यापक कुलदीप सिंह सहारण, स्टॉफ सदस्य विनोद कस्वां, अमर सिंह भारी, राकेश वर्मा, सतवीर भारी, प्रवीण कस्वां, नवाब खान, ममता, शीतल, पूजा, हीना, प्रोमिला, संतोष, कविता आदि मौजूद थे।