Loading

06 February 2011

राजेंद्र सिंह को कीर्ति चक्र से सम्मानित करेंगी राष्ट्रपति

ओढां न्यूज
    5 नवंबर 1980 को जन्में गांव घांगड़ जिला फतेहाबाद के राजपूताना राइफल्स के जवान राजेंद्र सिंह बैनिवाल गत दिवस गांव आनंदगढ़ में पहुंचे। गांव में पहुंचने पर सभी गांववासियों व ग्राम पंचायत ने राजेंद्र सिंह को ढोल नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया और उन्हें गांव की सरहद से एक खुली जीप में गांव में स्थित स्टेडियम तक लाया गया। इस अवसर पर नायक राजेंद्र सिंह ने कारगिल के शहीद मदन लाल माकड़ की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। तदुपरांत राजकीय उच्च विद्यालय में उनके सम्मान में आयोजित सम्मान समारोह में बच्चों ने देशभक्ति गीत ऐ मेरे वतन के लोगो, ऐसा हिंदुस्तान बने, सबसे सुंदर सबसे प्यारा हिंदुस्तान हमारा आदि गाकर सबमें जोश भर दिया। राजेंद्र सिंह ने बताया कि उन्होंने आसाम व कांगो में युद्ध में भाग लिया और कारगिल में दुश्मनों से लोहा लेते हुए बारह उग्रवादियों को मौत के घाट उतारा। उन्होंने बच्चों को संदेश देते हुए कहा कि वे अपने गांव, परिवार व देश का नाम ऊंचा करें ताकि उन्हें भी गर्व हो कि उन्हें इस स्कूल में सम्मानित किया गया था। इस अवसर पर गांव के सरपंच बलवंत गोदारा ने ग्राम पंचायत की ओर से उन्हें शॉल व स्मृतिचिन्ह देकर सम्मानित किया। राजेंद्र सिंह को देश की सेवा करने और उनकी उपलब्धियों के लिए अप्रैल महीने में राष्ट्रपति द्वारा कीर्ति चक्र देकर सम्मानित किया जाएगा व हरियाणा सरकार की ओर से मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा आने वाली 15 अगस्त को उन्हें सम्मानित करेंगे। स्कूल के मुख्याध्यापक हवा सिंह ने अपने भाषण देशभक्तों के बारे में विस्तार से बताते हुए सभी को धन्यवाद दिया। इस अवसर पर रिसाल गोदारा, गंगाजल गोदारा, जगतपाल गोदारा, दलबीर बैनिवाल, रामप्रताप भडिया, धन्नाराम माकड़, अमर सिंह गोदारा सहित समस्तस्कूल स्टाफ व काफी संख्या में गांव के गणमान्य लोग उपस्थित थे।

छायाचित्र:  राजेंद्र सिंह को सम्मानित करते सरपंच व मुख्याध्यापक एवं विद्यार्थियों को संबोधित करते राजेंद्र सिंह।

No comments:

Post a Comment