Loading

06 March 2017

समाचार

  • भारत ने अमरीका में भारतीयों पर संदिग्ध घृणा अपराधों पर चिंता प्रकट की। अमरीकी विदेश विभाग ने जल्द न्याय का भरोसा दिलाया।
  • स्टेट बैंक पहली अप्रैल से खातों में न्यूनतम मासिक औसत राशि नहीं रखने वालों पर जुर्माना लगाएगा। तीन बार से अधिक नकदी जमा करने पर शुल्क लगेगा। एटीएम से लेनदेन पर शुल्क में भी संशोधन।
  • उत्तर प्रदेश और मणिपुर में विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण के लिए प्रचार आखिरी दौर में। मतदान बुधवार को।
  • भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण ने आधार बायोमीट्रिक्स के दुरुपयोग के कारण पहचान आंकड़े चुराने और वित्तीय नुकसान की घटना से इन्कार किया।
  • बांग्लादेश ने धर्मनिरपेक्ष कार्यकर्ताओं और नास्तिक ब्लॉगरों की हत्या के जिम्मेदार अंसार-अल-इस्लाम पर प्रतिबंध लगाया।
  • बेंगलूरू में भारत के साथ दूसरे क्रिकेट टैस्ट मैच के तीसरे दिन आज आस्ट्रेलिया छह विकेट पर 237 रन से आगे खेलेगा। पहली पारी में अब तक 48 रन की बढ़त।

---------
अमरीका में भारत के राजदूत नवतेज सरना ने अमरीका में हाल ही में भारतीयों के साथ हो रहे घृणा अपराधों के बारे में अमरीका को भारत की चिंताओं से अवगत करा दिया है। श्री सरना ने ट्वीटर पर बताया कि उन्‍होंने अमरीकी अधिकारियों से कहा है कि इस तरह की घटनाओं को रोकने और भारतीय समुदाय की रक्षा करने की जरूरत है। उन्‍होंने बताया कि विदेश विभाग ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों को कटघरे में लाने और जल्‍द न्‍याय दिलाने के लिए सभी एजेंसियों के साथ मिलकर काम किया जा रहा है।
39 वर्ष के दीप राय को एक अज्ञात व्‍यक्ति ने उनके घर के बाहर गोली मारते हुए कथित रूप से कहा था कि अपने देश वापस जाओ। यह खबर सामने आने के बाद श्री सरना ने अमरीका के विदेश विभाग के साथ यह मामला उठाया।
इस बीच, संघीय जांच ब्‍यूरो, कंसास में पिछले सप्‍ताह  एक और गोलीबारी की घटना की जांच में शामिल हो गया है।
इससे पहले, विदेश मंत्री सुषमा स्‍वराज ने अमरीका में हाल ही में भारतीयों के खिलाफ घृणा अपराधों पर गहरा दुख व्‍यक्‍त किया।
-------
भारतीय स्‍टेट बैंक ने अगले महीने की पहली तारीख से खातों में न्‍यूनतम शेष न रखने पर जुर्माना फिर शुरू करने का निर्णय लिया है। खातों में मासिक औसत शेष बनाये न रखने पर सौ रूपये तक का आर्थिक दंड लगेगा। इस पर सेवाकर भी देना होगा।
सार्वजनिक क्षेत्र के इस बैंक ने एटीएम सहित अन्‍य सेवाओं पर भी अपने शुल्‍क में संशोधन किया है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि बैंक ने 2012 में नये ग्राहक बनाने के लिए न्‍यूनतम शेष से कम राशि रखने पर शुल्‍क समाप्‍त कर दिया था।
शहरी क्षेत्रों के खाताधारकों के खाते में यदि न्यूनतम राशि पांच   हजार रुपए का 75 प्रतिशत होगी तो 100 रुपए का शुल्क और सेवाकर जुर्माना स्वरूप देना होगा। वहीं यदि न्यूनतम राशि 50 प्रतिशत या उससे कम होता है, तो ऐसी स्थिति में बैंक 50 रुपए और सेवाकर प्रभार के रूप में वसुलेगा। मासिक औसत राशि बैंक शाखा की जगह के हिसाब से अलग-अलग होगा। ग्रामीण शाखाओं के मामले में यह न्यूतम होगा और न्यूनतम एक हजार रूपये से कम होने पर शुल्क 50 रुपए तक और सेवाकर भी देना होगा। भारतीय रिजर्व बैंक ने इस संबंध में अपनी अनुमति दे दी है। वहीं अन्य बैंकों के ए.टी.एम. से तीन वार से अधिक पैसा निकालने पर 20 रुपए का शुल्क लगेगा जबकि एस.बी.आ.ई के ए.टी.एम. से पांच बार से अधिक मामले में दस रुपए होगा। वहीं डेवीट कार्ड से लेन-देन पर एस.एम.एस. द्वारा शुल्क भेजने के मामले में 15 रुपए का तिमाही शुल्क भी लगेगा। आनंद कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
---------
उत्‍तर प्रदेश और मणिपुर में विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण का प्रचार जोरों पर है। प्रचार का आज अंतिम दिन है। हमारे संवाददाता ने बताया कि प्रमुख राजनीतिक दलों के नेता और प्रचारक अपनी पार्टी और गठबंधन के उम्‍मीदवारों के प्रचार में लगे हैं।
वाराणसी में अपने प्रचार अभियान के लगातार तीसरे दिन  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शहर के बाहरी इलाके रोहनिया में एक रैली को संबोधित करेंगे। इसके पूर्व व शहर के उत्तरी क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान में शामिल होंगे और पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री के गृहनगर रामनगर जाकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह सोनभद्र और जौनपुर जिलों में भारतीय जनता पार्टी, अपना दल, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी गठबंधन उम्मीदवारों के पक्ष में रैलियां करेंगे। समाजवादी पार्टी नेता और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का प्रचार अभियान जौनपुर में केंद्रित रहेगा। वह जिलों में सात सभाओं को संबोधित करेंगे। कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद और प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर बाराणसी में रहेंगे। सुनील शुक्ल, आकाशवाणी समाचार, लखनऊ।
इस चरण में बुधवार को राज्‍य के पूर्वी क्षेत्र के सात जिलों  की 40 सीटों के लिए मतदान होगा। ये जिले हैं - गाजीपुर, वाराणसी, चंदौली, मिर्जापुर, संत रविदास नगर, भदोही और सोनभद्र। 51 महिलाओं सहित 535 उम्‍मीदवार मैदान में हैं।
मणिपुर में दूसरे और अंतिम चरण के मतदान में 10 जिलों के 22 विधानसभा निवार्चन क्षेत्रों में बुधवार को वोट डाले जाएंगे। चार महिलाओं सहित 98 उम्‍मीदवार भाग्‍य आजमा रहे हैं।
इस बीच, निर्वाचन आयोग ने वाराणसी के जिला चुनाव अधिकारी से रिपोर्ट मांगी है कि क्‍या शनिवार को प्रधानमंत्री के रोड शो के आयोजन की अनुमति दी गई थी। रोड शो के दिन  उत्‍तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के छठे चरण में 49 सीटों पर मतदान चल रहा था। कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग से शिकायत की थी कि भाजपा ने रोड शो के लिए अनुमति नहीं ली थी।    
---------
भारतीय विशिष्‍ट पहचान प्राधिकरण ने कहा है कि आधार बायोमीट्रिक के दुरुपयोग की कोई घटना नहीं हुई है, जिससे पहचान आंकड़ों की कोई चोरी या वित्‍तीय नुकसान हुआ हो। आधार आंकड़ों के लीक होने की खबर के बाद स्‍पष्‍टीकरण में प्राधिकरण ने जोर देकर कहा कि आधार का डाटा बेस लीक नहीं हुआ है। प्राधिकरण ने कहा कि आधार आधारित प्रमाणन मजबूत और सुरक्षित है और आधार प्रणाली में बायोमीट्रिक के दुरुपयोग की किसी भी घटना की जांच तथा चोरी का पता लगाने और कार्रवाई शुरू करने की क्षमता है।
-------------
बांग्लादेश ने अंसार-अल-इस्‍लाम पर प्रतिबंध लगा दिया है। बांग्लादेश के गृह मंत्रालय के प्रवक्‍ता ने बताया है कि देश विरोधी गतिविधियों में लिप्‍त रहने के कारण इस गुट पर प्रतिबंध लगाया गया है। बांग्लादेश में यह सातवां कट्टरपंथी गुट है जिसकी गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाया गया है।
अंसार-अल-इस्‍लाम भारतीय उप महाद्वीप में अलकायदा से जुड़े होने का दावा करता है। इस गुट ने बांग्लादेश में धर्मनिरपेक्ष कार्यकर्ताओं और ईश्‍वर में आस्‍था न रखने वाले ब्‍लॉगर्स की निर्मम हत्‍याओं की जिम्‍मेदारी ली है।
------
उप-राष्ट्रपति मोहम्‍मद हामिद अंसारी इंडियन ओशन रिम एसोसिएशन के शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए आज से दो दिन की यात्रा पर इंदोनेशिया की राजधानी जकार्ता जा रहे हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि श्री अंसारी सदस्य देशों की सुरक्षा से संबंधित पारम्परिक और गैर पारम्परिक खतरों से निपटने की साझा रणनीति तैयार करने पर जोर दे सकते हैं।
हिंद महासागर क्षेत्र को शांतिपूर्ण, स्थिर और समृद्ध बनाने के  लिए इंडियन ओशन रिम एसोसिएशन की बैठक के दौरान चार दस्तावेज पेश किये जाएंगे। यह दस्तावेज हैं आई.ओ.आर.ए सहमति पत्र, आई.ओ.आर.ए कार्य-योजना, आतंकवाद तथा हिंसक उग्रवाद रोकने और उसका मुकाबला करने संबंधी घोषणा पत्र और सतत तथा उचित आर्थिक वृद्धि के वास्ते भागीदारी बनाने के लिए आई.ओ.आर.ए व्यापारिक समुदाय का संयुक्त घोषणा पत्र। कल उच्च अधिकारियों की बैठक में इन दस्तावेजों पर विचार-विमर्श किया गया और सात वार्ता भागीदारों के साथ आई.ए.आर.ओ के 21 सदस्यों से समर्थन हासिल किया गया। इन दस्तावेजों पर आज भी मंत्री स्तरीय बातचीत होगी और आम सहमति के लिए इसे कल पेश किया जाएगा। दिल्ली से यशवंत कुमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से अलका सिंह।
------
आकाशवाणी के समाचार सेवा प्रभाग के साप्ताहिक कार्यक्रम पब्लिक स्पीक में आज का विषय है: स्वच्छ भारत अभियान में महिलाओं की भागीदारी।
यह कार्यक्रम एफ एम गोल्ड चैनल और अतिरिक्त मीटरों पर रात साढ़े नौ बजे से प्रसारित किया जायेगा।
श्रोता टोल फ्री नंबर 1 8 0 0 -1 1-5 7 6 7 पर स्टूडियों में मौजूद विशेषज्ञों से सवाल पूछ सकते हैं।
------
बेंगलूरू में भारत के साथ दूसरे क्रिकेट टेस्ट मैच के तीसरे दिन आज ऑस्ट्रेलिया पहली पारी में 6 विकेट पर 237 रन से आगे खेलेगा। ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी के आधार पर 48 रन की बढ़त हासिल हो चुकी है। 
------
समाचार पत्रों से
वाशिंगटन में भारतीय मूल के अमरीकी नागरिक पर फिर हमला अखबारों की अहम खबर है। जनसत्‍ता की सुर्खी है- अमरीका में नस्‍ली हमले, सिख को मारी गोली। राजस्‍थान पत्रिका का कहना है- दस दिन में तीसरा हमला, दो की मौत दो घायल।
उधर जम्‍मू कश्‍मीर में पुलवामा जिले के त्राल में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में शहीद हुए कांस्‍टेबल मंजूर अहमद की शहादत पर दैनिक जागरण की सुर्खी है- देशभक्ति की मिसाल बने मंजूर अहमद। नवभारत टाइम्‍स का शीर्षक है- मरने से पहले मार दिये दो आतंकी।
सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के डूबे हुए ऋण के छह दशमलव आठ लाख करोड़ रूपये के चिंताजनक स्‍तर पर पहुंचने पर जनसत्‍ता लिखता है- उजागर किये जाएं बड़े घरानों के नाम। कर्ज नहीं चुकाने वाले कारपोरेट दिग्‍गजों पर बरसी संसद की लोक लेखा समिति। दैनिक भास्‍कर का कहना है- कुल एन पी ए में से 70 प्रतिशत बड़े घरानों के किसानों का सिर्फ एक प्रतिशत।
उत्‍तर प्रदेश और मणिपुर विधानसभा चुनाव के अंतिम दौर का प्रचार अखबारों में सचित्र प्रकाशित है। हिन्‍दुस्‍तान लिखता है- प्रधानमंत्री के काशी में रोड़ शो पर विवाद। दुष्‍कर्म मामले में फरार मंत्री गायत्री प्रजापति पर अमर उजाला की सुर्खी है- राज्‍यपाल ने पूछा अब तक कैबिनेट में क्‍यों हैं गायत्री।
दैनिक जागरण  बेरोजगारी के मोर्चे पर बड़ी कामयाब शीर्षक से लिखता है- मनरेगा के तहत रोजगार में तेज बढ़ोतरी। रोजगार के मामले में उत्‍तर प्रदेश में सबसे ज्‍यादा सुधरे हालात।
            -----------

No comments:

Post a Comment