Loading

05 June 2017

समाचार

 जम्‍मू कश्‍मीर में केन्‍द्रीय रिजर्व पुलिस बल ने अपने शिविर पर आत्‍मघाती हमला नाकाम किया। सभी चार आतंकवादियों को मार गिराया।
  • विश्‍व बैंक ने भारत की आर्थिक वृद्धि दर पिछले वर्ष की छह दशमलव 8 प्रतिशत के मुकाबले इस वर्ष सात दशमलव दो प्रतिशत रहने का अनुमान व्‍यक्‍त किया।
  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने विश्‍व पर्यावरण दिवस पर पर्यावरण  संरक्षण से पृथ्‍वी को बेहतर बनाने का आह्वान किया।
  • सी बी आई ने एक निजी बैंक को नुकसान पहुंचाने के आरोप में एन डी टी वी के संस्‍थापक प्रणय रॉय के नई दिल्‍ली आवास पर छापे मारे। सूचना और प्रसारण मंत्री वैंकेयानायडू ने कहा - यह बेवजह परेशान करने की कार्रवाई नहीं।
  • इसरो आज शाम भारत के सबसे भारी उपग्रह जी एस एल वी मार्क थ्री डी- वन का श्रीहरिकोटा से प्रक्षेपण करेगा।
  • सउदी अरब, मिस्र, संयुक्‍त अरब अमीरात, यमन, लीबिया और बहरीन ने क्षेत्र में अस्‍थिरता पैदा करने के आरोप में कतर के साथ सभी राजनियक संबंध खत्‍म किये।
  • फ्रेन्‍च ओपन टेनिस में आज सानिया मिर्जा और रोहन बोपन्‍ना मिक्‍स्‍ड डबल्‍स र्क्‍वाटर फाइनल में आमने सामने होंगे।
-----------------------------------------------------
जम्मू-कश्मीर में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल ने आज तड़के बांदीपोरा जिले में सुम्‍बल में अपने शिविर पर फिदायीन हमले को नाकाम कर दिया। सुरक्षा बलों की कार्रवाई में चार आतंकवादी मारे गये। अर्धसैनिक बलों के महानिदेशक ने बताया कि चार आतंकवादियों ने तड़के लगभग पौने चार बजे सुम्‍बल क्षेत्र में केन्‍द्रीय रिजर्व पुलिस बल की 45वीं बटालियन के शिविर पर धावा बोलने की कोशिश की। इसके बाद लगभग डेढ़ घंटे तक चली गोलीबारी में चारों हमलावर मारे गये।
47 राईफल्‍स, भारी मात्रा में एमीनेशन, ग्रेनेड, ग्रेनेड लाउंचरस और इनसेंटरी प्रोडक्‍ट्स भी आग लगाने के काम में जो लाए जा सकते थे वो भी बरामद हुए । इनका मंसूबा ये था कि कैंप में घुसकर और हर एक प्रकार से भारी नुकसान पहुंचाना था। ये हमारे जवानों की बहुत ही प्राम्‍पट और अच्‍छी कार्रवाई रही है, जिन्‍होंने बहुत ही सलीके से सभी चारों आतंकवादियों को मार गिराया और कोई भी नुकसान स्‍वयं नहीं उठाया न कैम्‍प को आने दिया। इसके लिए मैं अपने सभी जवानों को और अधिकारियों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं।
-----------------------------------------------------
विश्‍व बैंक ने भारत की आर्थिक वृद्धि दर इस वर्ष सात दशमलव दो प्रतिशत रहने का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। 2016 में यह छह दशमलव आठ प्रतिशत थी। बैंक ने जनवरी के अपने अनुमान में संशोधन करते हुए कहा है कि अर्थव्‍यवस्था, नोटबंदी के अस्‍थाई असर से उबर रही है और आर्थिक वृद्धि दर में शून्‍य दशमलव चार प्रतिशत की बढ़ोतरी हो सकती है। बैंक का यह भी कहना है कि वृद्धि दर में मामूली कमी के बावजूद भारत की अर्थव्‍यवस्‍था अभी भी विश्‍व में सबसे तेजी से विकसित हो रही अर्थव्‍यवस्‍था है।       चीन के लिए वृद्धि दर के अनुमान में कोई बदलाव नहीं किया गया है और यह2017 के लिए साढ़े 6 प्रतिशत ही है।
-----------------------------------------------------
केन्‍द्रीय अन्‍वेषण ब्‍यूरो-सी बी आई ने एक निजी बैंक को नुकसान पहुंचाने के आरोप में एनडी टी वी के संस्‍थापक प्रणॉय रॉय के नई दिल्‍ली आवास और तीन अन्‍य स्‍थानों पर छापे मारे हैं। सीबीआई सूत्रों ने बताया कि प्रणॉय रॉय, उनकी पत्‍नी राधिका और आर आर पी आर होल्डिंग्स के खिलाफ आईसीआईसीआई बैंक को 48 करोड़ रूपये का नुकसान पहुंचाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। सीबीआई राष्‍ट्रीय राजधानी और देहरादून में चार स्‍थानों पर तलाशी ले रही है।
एनडी टी वी ने इसे बेबुनियाद आरोपों पर आधारित कार्रवाई बताया है।
-----------------------------------------------------
सूचना और प्रसारण मंत्री वेंकैया नायडु ने कहा है कि इस मामले में कानून अपना काम करेगा। नई दिल्‍ली में संवाददाताओं से बातचीत में श्री नायडु ने कहा कि इस मामले में बेवजह पीछे पड़ने जैसी कोई बात नहीं है। उन्‍होंने कहा कि एनडीए सरकार किसी प्रकार के हस्‍तक्षेप में विश्‍वास नहीं करती। सीबीआई के पास निश्चित रूप से कोई सूचना होगी जिसके आधार पर कदम उठाया गया है।
-----------------------------------------------------
उत्‍तरप्रदेश के बरेली जिले में आज तड़के सड़क दुर्घटना में 22 लोगों की मृत्‍यु हो गई । लखनऊ-दिल्‍ली राजमार्ग पर राजोपुर के निकट बहराइच जा रही  राज्‍य परिवहन निगम की बस ट्रक से टकरा गई। टक्‍कर के बाद ईंधन टैंक और बस के पिछले हिस्‍से में आग लग गई। पुलिस ने बताया कि बस में 37 यात्री सवार थे। 15 घायलों में तीन की हालत गंभीर है।
मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने दुर्घटना में मारे गये लोगों के परिजनों को दो-दो लाख रूपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। गंभीर रूप से घायलों को पचास-पचास हजार रूपये और मामूली रूप से घायलों को 25-25 हजार रूपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है।
-----------------------------------------------------
प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि विश्‍व पर्यावरण दिवस पर्यावरण संरक्षण और बेहतर धरती के निर्माण की प्रतिबद्धता सुदृढ़ करने का सही समय है। श्री मोदी ने अपने ट्वीट संदेश में कहा कि राष्‍ट्र पर्यावरण के संरक्षण में लगे सभी व्‍यक्तियों और संगठनों के संकल्‍प को नमन करता है। उन्‍होंने कहा कि इस वर्ष का थीम--प्रकृति से लोगों को जोड़ना, अपने आप से ही जुड़ना है। प्रधानमंत्री ने मन की बात कार्यक्रम में स्‍वच्‍छता के लिए कूड़ेदान के इस्‍तेमाल के प्रति जागरूक होने के लिए कहा था-
अगर हम डिसीप्‍लीन फालो करे इन चार हजार नगरों में। ये जो कूडेदान रखे जाने वाले हैं । सूखा कचरा नीले कूड़ेदान में डाले और गीला कचरा हरे कूडेदान में डाले। मुझे विश्‍वास है कि हम एक कल्‍चर डेवलप करेंगे। स्‍वच्‍छता की ओर हर बार नए कदम हमें उठाते ही जाना है। तब जाकर गांधी जी जिन सपनों को देखते थे वो स्‍वच्‍छता वाला सपना हम पूरा कर पाएंगे।
-----------------------------------------------------
शहरी विकास मंत्री एम वेंकैया नायडू ने आज पर्यावरण दिवस के अवसर पर स्रोत पर ही अलग अलग कचरा एकत्रित करने के अभियान की शुरूआत नई दिल्‍ली के तालकटोरा स्‍टेडियम से की। इस अभियान में दिल्‍ली, गुरूग्राम, फरीदाबाद, नोएड़ा और गाजियाबाद के स्‍थानीय निकायों को शामिल किया गया है। इस अवसर पर श्री नायडू ने लोगों से गीला कचरा हरे डिब्‍बे में और सूखा कचरा नीले डिब्‍बे में डालने का आग्रह किया। उन्‍होंने कहा कि इस अभियान की सफलता के लिए लोगों की भागीदारी महत्‍वपूर्ण है। श्री नायडू ने कहा कि सरकार ने स्‍वच्‍छ भारत मिशन के तहत बडी संख्‍या में शौचालयों का निर्माण किया है।
चार लाख 17 हजार टायलेटस पूरा देश भर में स्‍कूलस में बन गया। चार करोड़ टायलेटस हमने शहरी इलाकों में बनाया है। स्‍वच्‍छ भारत मिशन के रूप में हम लोगों को स्‍वीकार करना चाहिए। मिशन है, इसमें कमीशन नहीं है।
-----------------------------------------------------
रेल मंत्रालय ने आज नई दिल्‍ली में विश्‍व पर्यावरण दिवस का आयोजन किया। इस अवसर पर एक संगोष्‍ठी में रेलमंत्री सुरेश प्रभु ने कहा कि बढ़ता तापमान और जलवायु परिवर्तन दुनिया के सामने सबसे बड़ी चुनौतियां हैं और उनका मंत्रालय पर्यावरण हितैषी वातावरण बनाने के लिए वचनबद्ध है। इस मौके पर श्री प्रभु ने सस्‍टेनेबिलिटी रिपोर्ट - 2017 जारी की और रेलवे में पर्यावरण विकास में योगदान के लिए रेल अधिकारियों को पुरस्‍कार प्रदान किए। उन्‍होंने कहा कि वृक्षारोपण का उनके मंत्रालय के लिए बहुत महत्‍व है और इस साल रेलवे ने सवा करोड़ पौधे लगाये हैं। उन्‍होंने बताया कि मंत्रालय रेल पटरियों के विद्युतीकरण का लक्ष्‍य दोगुना करने के लिए प्रभावी उपाय कर रहा है।
-----------------------------------------------------
उत्‍तरप्रदेश सरकार ने विश्‍व पर्यावरण दिवस पर किसानों के सहयोग से पर्यावरण संरक्षण की एक नई पहल की है। मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने लखनऊ में एक समारोह में अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्‍य में जिन 86 लाख किसानों के एक लाख रूपये के कृषि ऋण माफ किये गये हैं उन्‍हें दस-दस पौधे लगाने के लिए दिए जाएं। उन्‍होंने कहा कि यह वृक्षारोपण की दिशा में एक महत्‍वपूर्ण कदम होगा क्‍योंकि इससे एक बार में ही आठ करोड़ 60 लाख पौधे लगेंगे।
मुख्‍यमंत्री ने वन विभाग के अधिकारियों से वन क्षेत्रों में पानी रोकने के लिए छोटे जलाशयों को बढ़ावा देने को कहा। इससे न केवल जल संचय में मदद मिलेगी बल्कि मिट्टी का कटाव रूकेगा और वन्‍य जीवों को पानी भी मिलेगा। उन्‍होंने अधिकारियों से राज्‍य का वन क्षेत्र आठ प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत करने की प्रतिबद्धता का भी आग्रह किया।
-----------------------------------------------------
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन देश के नये विकसित शक्तिशाली रॉकेट जीएसएलवी मार्क-थ्री डी वन के प्रक्षेपण के लिए पूरी तरह तैयार है। आज शाम पांच बजकर 28 मिनट पर श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केन्‍द्र से इसका प्रक्षेपण किया जायेगा। यह 16 मिनट 20 सैकिंड में ही उपग्रह जी सैट-19 को भू समकक्ष कक्षा में स्‍थापित करेगा। इस उपग्रह का वजन तीन हजार 136 किलोग्राम है। इसमें के यू और के ए बैंड के ट्रासपोंडर हैं। 40 टन क्षमता के इस रॉकेट की यह पहली उड़ान है। इसमें देश में ही निर्मित क्रायोजनिक ईंजन का इस्‍तेमाल किया गया है। हमारी संवाददाता ने बताया है कि रॉकेट की साढ़े 25 घंटे की उल्‍टी गिनती कल तीसरे पहर तीन बजकर 58 मिनट पर शुरू हुई थी।
जीएसएलवी मार्क थ्री डी-वन का प्रक्षेपण कई मायनों में खास है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन-इसरो के वैज्ञानिकों के अथक प्रयासों का परिणाम है। इसरो ने जटिल क्रायोजनिक इंजन को स्‍वदेश में विकसित कर इतिहास रचा है। श्रीहरिकोटा में  जीएसएलवी मार्क थ्री डी-वन के प्रक्षेपण की गतिविधियां तेज हो गई हैं। यह अंतरिक्षयान जीसेट-19 उपग्रह साथ ले जाएगा। दक्षिण एशिया उपग्रह के सफल प्रक्षेपण के एक महीने बाद यह प्रक्षेपण हो रहा है। जिसमें,  जीएसएलवी मार्क-2 का प्रक्षेपण किया गया था। यह प्रक्षेपण यान पिछले यान की तुलना में दोहरा वजन ले जा सकता है, क्‍योंकि इसमें बीस टन का क्रायोजनिक इंजन इस्‍तेमाल किया गया है। इसकी सफलता से इसरो की प्रक्षेपण क्षमता में आत्‍मनिर्भरता का मार्ग प्रशस्‍त होगा। श्री हरिकोटा से जयसिंह की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष मैं जागृति शर्मा।
-----------------------------------------------------
ओड़िसा में कल देर रात माओवादियों के हमले में विशेष कार्रवाई समूह - एसओजी का एक जवान मारा गया और छह गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हमला कंधमाल जिले के तहत पोखरी बंधा क्षेत्र के निकट हुआ। मृत जवान का नाम लक्ष्‍मीकांत जानी है। वह कालाहांडी जिले का रहने वाला था। कंधमाल के पुलिस अधीक्षक पिनाक मिश्रा ने  बताया कि खामना खोल जंगलों में तलाशी कार्रवाई पूरी करने के बाद जवान जब लौट रहे थे तभी माओवादियों ने उन पर हमला कर दिया।
-----------------------------------------------------
सउदी अरब, मिस्र, संयुक्‍त अरब अमीरात, यमन, लीबिया और बहरीन ने क्षेत्र में अस्‍थिरता पैदा करने के आरोप में कतर के साथ सभी तरह के राजनियक संबंध खत्‍म कर दिये हैं। इन देशों ने कतर पर आतंकवाद को बढ़ावा देने का आरोप भी लगाया है। इससे खाड़ी के देशों के बीच मतभेद और गहरे हो गये हैं। एक रिपोर्ट-
खाड़ी क्षेत्र में तनाव के बादल छाए हुए हैं। सऊदी अरब, संयुक्‍त अरब अमीरात और बहरीन में जमीन, समुद्री और विमानन बंदरगाहों को भी कतारियों के लिए बंद करने का निर्णय लिया है। एक बयान में सऊदी सरकार ने कहा  कि पिछले कई साल से कतर द्वारा किए जा रहे उल्‍लंघनों के मद्देनजर ये गंभीर फैसला दिया गया है। संयुक्‍त अरब अमीरात और बहरीन ने अपने-अपने दूतावासों को बंद करने का निर्णय लेते हुए अपने डिप्‍लोमेटिक स्‍टाफ को अगले 48 घंटें में अपने देश आने के आदेश दिए हैं। संयुक्‍त अरब और बहरीन में भी सरकारी दूतावास को भी बंद करने को कहा गया है और सभी कतारी नागरिकों को 14 दिनों के भीतर अपने देश वापस जाने का समय दिया गया है। आकाशवाणी समाचार के लिए खाड़ी से कंचन प्रसाद।
-----------------------------------------------------
कतर के विदेश मंत्रालय ने संबध तोड़ने के अरब देशों के फैसले पर खेद व्‍यक्‍त किया है। कतर ने कहा है कि इस फैसले का उसके नागरिकों और निवासियों के सामन्‍य जीवन पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
-----------------------------------------------------
फ्रेंच ओपन टेनिस में क्‍लेकोर्ट मुकाबले में भारत की सानिया मिर्जा और रोहन बोपन्‍ना आमने-सामने होंगे। मिक्‍स्‍ड डबल्‍स क्‍वार्टर फाइनल में आज  सानिया मिर्जा और क्रोएशिया की इवान डोडिग की जोड़ी का मुकाबला रोहन बोपन्‍ना और कनाडा की गेब्रियला दाब्रोविस्‍की की जोड़ी से होगा।
पुरूषों के सिंगल्‍स क्‍वार्टर फाइनल के लिए आज एंडी मर्रे स्‍टेनिस्‍लास वावरिंका और केई निशिकोरे के मुकाबले होंगे। नौ बार के विजेता राफेल नडाल और विश्‍व के पूर्व नम्‍बर एक खिलाड़ी  नोवाक जोकोविच ने कल अंतिम आठ में जगह बना ली।
महिला सिंगल्‍स प्री-क्‍वार्टर फाइनल में आज कैरोलिना प्‍लिसकोवा, सिमोना हेले और एलिना स्‍वितोलिना के मुकाबले होंगे।
-----------------------------------------------------
बम्‍बई शेयर बाजार का संवेदी सूचकांक आज शुरूआती कारोबार में चालीस अंक से अघिक की गिरावट के साथ 31 हजार 232 पर खुला। अब से कुछ देर पहले सेंसेक्‍स 37 अंक बढ़कर 31  हजार 310 पर था।
नेशनल स्‍टॉक एक्‍सचेंज का निफ्टी भी 24 अंक की बढ़ोतरी के साथ 9 हजार 677 पर आ गया।
अंतरबैंक विदेशी मुद्राबाजार में रूपया आज डॉलर के मुकाबले 12 पैसे मजबूत हुआ। एक डॉलर की कीमत 64 रूपये 32 पैसे बोली गई।
-----------------------------------------------------
केन्‍द्रीय मंत्री नितीन गड़करी ने आज महाराष्‍ट्र में मुम्‍बई-गोआ राजमार्ग पर महाड़ में सावित्री नदी पर नये पुल का उद्घाटन किया। ब्रिटिशकाल के समय बना यह पुल पिछले वर्ष दो अगस्‍त को भारी वर्षा के कारण ढह गया था। इस हादसे में 22 लोगों की जान गई थी और राज्‍य परिवहन की दो बसें तथा एक निजी कार बह गई थी। हादसे के बाद श्री गड़करी ने छह महीने के अन्‍दर नया पुल बनाने का आश्‍वासन दिया था।
-----------------------------------------------------

No comments:

Post a Comment