Loading

21 February 2017

समाचार

  • सीबीआई ने भ्रष्टाचार के आरोप में अपने पूर्व प्रमुख अमर प्रताप सिंह और मांस निर्यातक मोईन कुरैशी के नाम मामला दर्ज किया।
  • उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के चौथे चरण का प्रचार आज शाम समाप्त होगा। इस चरण में बृहस्पतिवार को वोट डाले जाएंगे।
  • तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ई. पलनीसामी के विश्वास मत को अमान्य घोषित करने की डीएमके पार्टी की याचिका पर आज मद्रास उच्च न्यायालय में सुनवाई होगी।
  • भारत और रवांडा ने नवाचार, उड्डयन और वीज़ा के क्षेत्रों में तीन समझौते किये।
  • अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने लेफ्टिनेट जनरल हर्बर्ट रेमंड मैक्मास्टर को नया राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार नियुक्त किया।
  • दिल्ली में पिछले दस वर्ष में कल फरवरी का सबसे गर्म दिन रहा। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कुछ भागों में हिमस्खलन की चेतावनी।
  • कोलम्बो में आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप क्वालीफायर के फाइनल में आज भारत का सामना दक्षिण अफ्रीका से।

----------
केन्‍द्रीय अन्‍वेषण ब्‍यूरो - सी बी आई ने भ्रष्टाचार के आरोप में अपने पूर्व प्रमुख अमर प्रताप सिंह और मांस निर्यातक मोइन कुरैशी तथा अन्‍य के नाम मामला दर्ज किया है। सीबीआई सूत्रों ने बताया कि कुरैशी का पक्ष लेने के आरोप में सिंह के नाम प्राथमिकी दर्ज की गयी है। सीबीआई ने सिंह के निवास पर छापेमारी भी की। इस मामले में दिल्‍ली, गाजियाबाद, हैदराबाद और चेन्‍नई में छापे मारे गये। प्रवर्तन निदेशालय की शिकायत पर यह प्राथमिकी दर्ज की गयी है। इससे पहले, इस साल कुरैशी के नाम मनीलांड्रिंग मामले में जांच के दौरान प्रवर्तन निदेशालय ने लुकआउट नोटिस जारी किया हुआ था। कुरैशी कथित कर चोरी, मनीलांड्रिंग और अन्‍य संबंधित अपराधों के लिए आयकर विभाग और प्रवर्तन निदेशालय की जांच का सामना कर रहा है।
----------
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के चौथे चरण के लिए प्रचार आज शाम समाप्त हो जाएगा। इस चरण में बुंदेलखंड क्षेत्र सहित 12 जिलों की 53 सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। मतदान बृहस्पतिवार को होगा। इस चरण में 50 महिलाओं सहित कुल 630 उम्मीदवार मैदान में हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रमुख नेता प्रचार में लगे हैं।
चौथे चरण के प्रचार का आज अंतिम दिन है। आज भी कई विधानसभा  क्षेत्रों में स्टार प्रचारकों की जनसभाएं हो रही हैं। चौथे चरण के साथ-साथ पांचवे चरण के चुनाव प्रचार अभियान ने भी जोर पकड़ लिया है। सपा नेता अखिलेश यादव, कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी व बसपा प्रमुख मायावती आज रोड शो और जनसभाओं को संबोधित करेंगे। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह इलाहाबाद में  जनसभा और रोड शो कर रहे हैं। फिलहाल चौथे चरण के चुनाव में भी राज्य के विकास, कानून व्यवस्था और किसानों की परेशानियों का मुद्दा ही छाया हुआ है। संजय प्रताप सिंह, आकाशवाणी समाचार, इलाहाबाद। 
हमारे संवाददाता ने बताया है कि राज्य में सभी प्रमुख दल अलग-अलग मुद्दे उठा रहे हैं।
सभी प्रमुख राजनीतिक दल और निर्दलीय उम्मीदवार झांसी, ललितपुर, महोबा, बांदा, हमीरपुर, जालौन और चित्रकुट जिलों में मतदाताओं को रिझाने के लिए आज आखिरी प्रयास कर रहे हैं।  मतदाताओं की खामोशी और कोई स्पष्ट लहर न दिखाई देने से वो किसी भी तरह मतदाताओं तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। प्रमुख राजनीतिक दल बुंदेलखंड के पिछड़ेपन के लिए एक-दूसरे को दोषी ठहरा रहे हैं और क्षेत्र के चहुमुखी विकास का वादा कर रहे हैं। मजदूरों का पलायन, रोजगार, पेयजल की कमी और विकास अहम मुद्दे हैं। शारिक नूर आकाशवाणी समाचार, झांसी।
इस बीच, राज्य विधानसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण के लिए कुल 535 उम्मीदवार मैदान में रह गए हैं। नाम वापस लेने का कल अंतिम दिन था। इस चरण में 40 सीटों के लिए आठ मार्च को मतदान होना है।
----------
महाराष्ट्र में बृह्न मुम्बई नगर निगम सहित दस नगर निगमों के चुनाव के लिए आज वोट डाले जा रहे हैं। मतदान सुबह साढ़े सात बजे शुरू हुआ और शाम साढ़े पांच बजे तक चलेगा। नतीजे बृहस्पतिवार को घोषित किए जाएंगे।
----------
ओडिशा में आज 26 जिलों में पंचायत के अंतिम चरण के मतदान के लिए सुरक्षा के व्‍यापक प्रबंध किये गये हैं। इस चरण में एक हजार 173 सरपंचों, 16 हजार 148 समिति सदस्‍यों और 150 जिला परिषद सदस्‍यों के लिए मतदान हो रहा है।
----------
तमिलनाडु विधानसभा में शनिवार को मुख्‍यमंत्री ई.पलनीसामी के विश्‍वास मत को अमान्‍य घोषित करने की डीएमके पार्टी की याचिका पर आज मद्रास उच्‍च न्‍यायालय में सुनवाई होगी। कार्यवाहक मुख्‍य न्‍यायाधीश न्‍यायमूर्ति हुलुवदी रमेश और न्‍यायमूर्ति आर. महादेवन की पीठ याचिका की सुनवाई करेगी। श्री पलनीसामी ने ग्यारह के मुकाबले एक सौ 22 मतों से विश्‍वास मत जीता था। विश्‍वास प्रस्‍ताव पर मतदान के दौरान डीएमके सदस्‍यों को सदन से बाहर निकाल दिया गया था। हमारे संवाददाता ने बताया है कि डीएमके ने अदालत और सदन दोनों मोर्चों पर जंग जारी रखने का फैसला किया है।
शनिवार को विश्वास प्रस्ताव पारित होने के विरोध में अदालती कार्रवाई के बीच डीएमके नेता एम के स्टालिन ने कहा है कि राज्य विधानसभा में भी ये लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा है कि विधानसभा अध्यक्ष पी धनपाल के खिलाफ सदन में अविश्वास प्रस्ताव लाया जाएगा। विपक्ष  शनिवार को विश्वास प्रस्ताव पर अपना विरोध पहले ही राज्यपाल के पास दर्ज करा चुका है और अब डीएमके नई दिल्ली में इस मुद्दे पर राष्ट्रपति से मिलने की सोच रहा है। चेन्नई से जय सिंह की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मोहम्मद जुबैऱ
----------
भारत और रवांडा ने नवाचार, उड्डयन और वीज़ा के क्षेत्र से जुड़े तीन समझौते किये हैं। कल केगाली में उपराष्ट्रपति मोहम्मद हामिद अंसारी और रवांडा के प्रधानमंत्री अनास्तासे मुरेक्ज़ी की उपस्थिति में व्‍यापार मंच की बैठक के दौरान इन समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। श्री अंसारी पूर्वी अफ्रीका के दो देशों की यात्रा के पहले चरण में रवांडा में हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि उपराष्ट्रपति ने भारत-रवांडा नवाचार प्रोत्‍साहन कार्यक्रम की शुरूआत की।
भारत और रवांडा द्वारा जिन तीन महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए हैं उनमें दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय हवाई सेवा प्रारंभ करना, रवांडा में भारत सरकार  की संपूर्ण वित्तीय मदद से उद्यमिता विकास केंद्र की स्थापना  और राजनयिक और सर्विस पासपोर्ट धारकों के लिए वीजा आवश्यकताओं में छूट देना शामिल है। इससे पहले सोमवार को उप राष्ट्रपति ने रवांडा के राष्ट्रपति से मिलकर परस्पर लाभ के मुद्दों पर अपनी राय साझा की। उन्होंने रवांडा के सिनेट के अध्यक्ष से भी मुलाकात की और उन्हें भारतीय संविधान की एक प्रति भेंट की।  आज रवांडा की अपनी यात्रा के अंतिम दिन श्री अंसारी रवांडा विश्वविद्यालय में छात्रों और संकाय सदस्यों को संबोधित करेंगे। संजीव शर्मा, आकाशवाणी समाचार, केगाली।
----------
अमरीका के राष्‍ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप ने लेफ्टिनेंट जनरल हर्बर्ट रेमंड मैक्‍मास्‍टर को अपना नया राष्‍ट्रीय सुरक्षा सलाहकार  नियुक्‍त किया है।
नवनियुक्‍त सुरक्षा सलाहकार 54 वर्षीय श्री मैक्‍मास्‍टर को टाइम मैगजीन ने वर्ष 2014 के सबसे प्रभावशाली व्‍यक्तियों की सूची में शामिल किया था।
----------
देश के उत्तरी क्षेत्रों के मैदानी इलाकों में कल तापमान में वृद्धि हुई। दिल्ली में अधिकतम तापमान 34 दशमलव 4 डिग्री सेल्सियस रहा जो पिछले एक दशक में फरवरी का सबसे गर्म दिन था।
जम्मू कश्मीर के करगिल जिले और कुपवाडा तथा बांडीपोरा में अलग-अलग स्तर के हिमस्खलन की चेतावनी जारी की गई है।
----------
हिमाचल प्रदेश में लाहौल स्पीति, चम्बा, कांगड़ा और कुल्लू जिले के ऊपरी इलाकों में कहीं हल्की और कहीं मध्यम बर्फबारी हुई है।
----------
मौसम वैज्ञानिक चरण सिंह ने आकाशवाणी के साथ विशेष बातचीत में बताया कि आने वाले दो-तीन दिनों में लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
गुजरात और राजस्थान में अगर बात करे तो पांच से छह डिग्री दोनो ही तापमान एबव नॉर्मल थे और जो आस-पास का नॉर्थ-वेस्ट और रिमेनिंग महाराष्ट्र का जो एरिया है वहां भी तीन से चार डिग्री एबव नॉर्मल थे। दिल्ली में अगर सुबह और दिन के तापमान की बात करें तो सुबह का तापमान करीब 16 डिग्री तक और दिन का तापमान 31 डिग्री के आसपास पहुंच गया था जो  दोनो ही सामान्य से करीब 6 डिग्री और सात डिग्री के आसपास एबव नॉर्मल हैं। गर्मी वाला अभी जो स्पैल चल रहा है उसमें अगले दो से तीन दिन में काफी राहत मिल जाएगी। 
----------
त्रिपुरा सरकार आज अगरतला में डिजिधन मेले का आयोजन कर रही है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इस मेले का उद्देश्य राज्य के आम लोगों, उपभोक्ताओं और व्यापारियों को नकदीरहित लेनदेन के लिए प्रोत्साहित करना है।
----------
कोलंबो में आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप क्‍वालीफायर के फाइनल में आज भारत का सामना दक्षिण अफ्रीका से होगा। भारतीय टीम सुपर सिक्स के बाद अंकतालिका में शीर्ष पर रही।  भारतीय टीम पहले ही जून-जुलाई में इंग्‍लैंड में होने वाले विश्‍व कप के लिए क्‍वालीफाई कर चुकी है। श्रीलंका और पाकिस्तान विश्व कप के लिये क्वालीफाई करने वाली अन्य टीमें रही। भारत अभी तक टूर्नामेंट में अजेय रहा है।
----------
निशानेबाजी का विश्वकप कल से नयी दिल्ली में शुरू हो रहा है। इसमें रियो ओलिम्पिक के स्वर्ण पदक विजेता, पूर्व ओलिम्पिक और विश्व चैंपियन सहित दुनिया के 50 देशों के 452 निशानेबाज हिस्‍सा ले रहे हैं।
----------
समाचार पत्रों की सुर्खियों से
उत्‍तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के चौथे चरण के प्रचार में सभी ने झोंकी ताकत जनसत्‍ता सहित लगभग सभी अखबारों में है। अमर उजाला ने लिखा है- निजी होने लगे सियासी हमले। बकौल पंजाब केसरी जुबानी जंग पहुंची चरम पर।
उच्‍चतम न्‍यायालय का यह कहना कि धमाकों में जान लेने वालों को नहीं मिलेगी बेल ऐसे लोग अपने परिवार को भूल जाएं राजस्‍थान पत्रिका में प्रमुखता से है। वीर अर्जुन की सुर्खी है- बम धमाकों पर उच्‍चतम न्‍यायालय सख्‍त।
नोटबंदी के बाद खातों की जांच का दूसरा चरण हो रहा है शुरू शीर्षक से जहां दैनिक भास्‍कर ने लिखा है- कई पैन कार्ड के जरिये बड़ी रकम जमा कराने वालों के खातों की भी होगी जांच। वहीं हिन्‍दुस्‍तान का कहना है-संतोषजनक जवाब देने वालों को क्‍लीन चिट।
भारत ने एक रॉकेट से रिकॉर्ड एक सौ चार सेटेलाइट अंतरिक्ष में लॉन्‍च कर बढ़ाई प्रतिस्‍पर्धा नवभारत टाइम्‍स की खबर है। अखबार ने लिखा है- चीन ने माना इसरो का लोहा।
देशभर के आई आई टी, एन आई टी सहित अन्‍य इंजीनियरिंग कॉलेजों में आगामी सत्र से स्‍पेशल राउंड की सीटें छोड़ने पर लगेगा भारी जुर्माना अमर उजाला की खबर है। पत्र लिखता है कि ऐसा छात्रों द्वारा सीट ब्‍लॉक करने की गलत आदत में सुधार लाने के लिए किया गया है।
आई पी एल के दसवें संस्‍करण के लिए कल से शुरू हुई नीलामी पर जनसत्‍ता ने लिखा है - अंग्रेजों और कंगारूओं पर छप्‍परफाड़ धनवर्षा।
गर्मी तोड़ेगी सारे रिकार्ड, पारा पहुंच सकता है 49 डिग्री तक दैनिक जागरण की खबर है। पत्र लिखता है- फरवरी में असाधारण रूप से तापमान बढ़ने से फसलों पर मंडराया खतरा। नवभारत टाइम्‍स की सुर्खी है- गर्मी ने तोड़ा दस साल का रिकॉर्ड। 
----------

No comments:

Post a Comment