Loading

15 March 2017

भाजपा सरकारों के गठन को पचा नहीं पा रही कांग्रेस : यतिन्द्र सिंह

सिरसा। भाजपा के जिलाध्यक्ष एडवोकेट यतिन्द्र सिंह ने कहा कि भाजपा चार राज्यों में लोकतांत्रिक ढंग से संवैधानिक मर्यादाओं का पालन करते हुए सरकारों का गठन कर रही है लेकिन विपक्ष के लोग और विशेष रुप से कांग्रेस पार्टी अनाप-शनाप आरोप लगाकर अपनी बौखलाहट का प्रदर्शन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तरप्रदेश और उत्तराखंड में जहां भाजपा को प्रचंड बहुमत मिला और जनता ने दिल खोलकर साथ दिया। इसके लिए पार्टी के तमाम कार्यकर्ता और केन्द्रीय नेतृत्व साधुवाद का पात्र है वहीं गोआ और मणिपुर में भाजपा अन्य दलों के विधायकों का साथ लेकर बहुमत के साथ सरकार बना रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने कहीं भी कोई असंवैधानिक काम नहीं किया है और जो लोग अपनी हार को पचा नहीं पा रहे हैं उन्हें अपना हाजमा ठीक करना चाहिए। भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी उच्च नैतिक मूल्यों और संस्कारों की पार्टी है जो अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार मात्र एक वोट से गिरने को भी स्वीकार करती है। जबकि कांग्रेस और दूसरे दल इससे पूर्व में अनेक बार लोकतांत्रिक मूल्यों का हनन करते हुए और संविधान की धज्जियां उड़ाते हुए खरीद फरोख्त दल-बदल जैसे सभी ओच्छे हथकंडे अपनाकर न केवल सरकारों का गठन करती रही है बल्कि सरकारों को बचाने का प्रयास भी इन्हीं माध्यमों से होता रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब में कांग्रेस की जीत और भाजपा की हार को भी पार्टी ने जनादेश का सम्मान करते हुए स्वीकार किया है और उसे लेकर किसी तरह की कोई ब्यानबाजी पार्टी की तरफ से नहीं की गई है। यतिन्द्र सिंह ने कहा कि पूरे देश में नरेन्द्र मोदी की लहर चल रही है और देश की जनता ने केन्द्र सरकार द्वारा चलाई जा रही नीतियों और योजनाओं पर अपने समर्थन की मोहर लगाई है। केन्द्र सरकार भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने में सफल रही है और काले धन वालों पर ठोस कार्रवाई कर रही है। 

No comments:

Post a Comment