Loading

19 March 2017

महिलाओं की सहजता व सहनशीलता को कमजोरी समझना गलत: निताशा


संगठन विस्तार योजना के तहत रोड़ी में भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष ने की बैठक

रोड़ी (सिरसा)। भाजपा महिला मोर्चा सिरसा की जिलाध्यक्ष निताशा राकेश सिहाग ने रविवार को संगठन विस्तार योजना के तहत रोड़ी गांव में महिलाओं की बैठक ली। चौक में यहां आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अपने संबोधन में पार्टी की नीतियों व सरकार की योजनाओं की जानकारी दी।
इसके साथ ही निताशा ने कहा कि महिला शब्द में ही महानता, ममता, मृदुलता, मातृत्व और मानवता की कल्याणकारी प्रवृत्तियों का समावेश है। महिलाओं के कारण ही सृष्टि में सुख-शांति, सहृदयता, सहयोग के संस्कार से संस्कृति का उत्थान और उत्कर्ष हो रहा है। जीवन के हर क्षेत्र में महिलाएँ अपनी श्रेष्ठता-विशिष्टता पुरूषों से बढ़-चढ़कर सिद्ध प्रसिद्ध कर रही हैं। इसके बावजूद भी आज देश-विदेश में महिला उत्पीड़न का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। तरह-तरह की पीड़ा, हत्या और आत्महत्याओं का दौर थम नहीं रहा है। महिलाओं की सहजता, सहनशीलता और संकोच के दबाव को कमजोरी समझा जा रहा है, जबकि महिलाएँ पुरुषों से किसी तरह कमजोर नहीं है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकार के लिए जागना होगा, क्योंकि बाल्यावस्था से ही पुरुष अधिकार जमाते हैं और महिला के हिस्से कर्तव्य आता है। महिलाओं को जागना होगा। महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। शिक्षा, खेल, राजनीति सहित हर जगह झंडा बुलंद किया है। निताशा ने हरियाणा की फौगाट बहनों का जिक्र करते हुए कहा कि आज फौगाट परिवार की अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बेटियों ने बनाई हैं। जहां सरनेम में जाति बेटों की मानी जाती है, वहां फौगाट जाति बहनों ने मशहूर की है। हम महिलाओं को खुद पर गर्व करने की जरूरत है। इस मौके पर महिला मोर्चा की मंडल अध्यक्ष अवतार कौर, सह-प्रभारी ममता रानी, ज्योति रानी, बिन्द्र कौर, हरविन्द्र सिंह, जसपाल सिंह, राज सिंह सहित अनेक पुरुष व महिलाएं मौजूद थे।

No comments:

Post a Comment