Loading

04 February 2017

नवीन केडिया ने किया पांच राज्यों के चुनावों में कांग्रेस की जीत का दावा

सिरसा, 4 फरवरी। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव नवीन केडिया ने पांच राज्यों के आज हुए चुनावों में कांग्रेस की जीत का दावा किया है। यहां जारी एक बयान में केडिया ने कहा कि पांचों प्रदेशों की जनता ने जिस उत्साह के साथ मताधिकार का प्रयोग किया है, उससे हम इस बात के लिए आश्वस्त हो सकते हैं कि जनता ने सत्ता प्रतिष्ठानों के कंगूरों को हिलाने के लिए अपनी ताकत का इस्तेमाल किया है। केडिया ने कहा कि पिछले दस साल से पंजाब की जनता अकाली-भाजपा गठजोड़ के कुशासन से कुलबुला रही थी। अब उसे बदलाव का मौका मिला तो उसने इस नापाक गठजोड़ को जड़ से उखाड़ फेंका है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में सपा-कांग्रेस, मणिपुर, गोवा व उत्तराखंड में भी कांग्रेस शानदार प्रदर्शन करेगी। कांग्रेस नेता ने कहा कि कांग्रेस मुक्त भारत की बात करने वाले भाजपा नेताओं को यह बात समझ में आ जानी चाहिए कि कांग्रेस ने देश की अखंडता और एकता के लिए बलिदान दिए हैं। इस देश को अपने खून से कांग्रेस के जिम्मेदार कार्यकर्ताओं ने सींचने का काम किया है जबकि भाजपा और उसके सहयोगी दल गुस्से और तानाशाही की राजनीति करते हैं। उन्होंने कहा कि पूरे देश में एक बार फिर से कांग्रेस की आंधी है जो भाजपा के सब्जबागों को तहस-नहस करते हुए आम आदमी के हित और कल्याण को समर्पित होगी। नवीन केडिया ने पांचों राज्यों की जनता का भयमुक्त होकर मतदान करने और पर्याप्त मतदान के लिए आभार भी व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का शासन आने के बाद इन राज्यों में खुशहाली का दौर लौटेगा।

No comments:

Post a Comment