Loading

17 March 2017

समाचार

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा सांसदों को विजय से अभिभूत न होने और 2019 के लोकसभा चुनाव पर ध्यान रखते हुए जनता के बीच जाने को कहा।
  • गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से आतंकवाद पर संयुक्त राष्ट्र की परिभाषा का उल्लंघन करने वाले देशों और सरकार समर्थित गुटों को दंडित करने की अपील की।
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 26 मार्च को आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम में अपने विचार साझा करेंगे।
  • संयुक्त राष्ट्र ने आगाह किया है कि अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के पहले बजट प्रस्ताव में संयुक्त राष्ट्र की वित्तीय मदद में कटौती के प्रावधान से उसके कार्यक्रमों पर असर पड़ेगा। 
  • सीरिया के अलप्पो प्रांत में एक मस्जिद पर हवाई हमले में 42 की मौत, सौ से अधिक घायल।
  • और क्रिकेट में आस्‍ट्रेलिया रांची में भारत के साथ मैच में  पहली पारी में चार विकेट पर 299 रन से आगे खेलेगा।

------------
प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने भारतीय जनता पार्टी के सांसदों से कहा है कि वे जीत से अभिभूत न हो और 2019 के लोकसभा चुनाव को ध्‍यान में रखते हुए लोगों के बीच जाएं। उन्होंने पार्टी नेताओं से कहा कि वे युवाओं से संपर्क बनाएं। कल संसदीय दल की बैठक में भाजपा ने अगले लोकसभा चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि हाल के राज्य विधानसभा चुनावों के बाद संसदीय चुनाव पार्टी के लिए अगली बड़ी चुनौती है।
पार्टी ने 14 अप्रैल को डा. भीमराव अम्‍बेडकर की जयंती  पर सप्ताह भर के कार्यक्रम शुरू करने का फैसला किया है। पार्टी प्रत्येक पंचायत और वार्ड से सप्ताह भर के कार्यक्रम आयोजित करेगी। पार्टी 6 अप्रैल को अपना स्‍थापना दिवस भी मनाएगी। इस दौरान इसके नेता और कार्यकर्ता स्वच्छ भारत  अभियान में भाग लेंगे। संसदीय कार्यमंत्री अनंत कुमार ने बताया कि श्री मोदी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे सप्ताह के दौरान लोगों को डिजिटल भुगतान एपलिकेशन भीम एप के बारे में जानकारी देने और डाउनलोड करने में मदद के लिए कार्य करें।
------------
उत्‍तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के नव निर्वाचित विधायकों की बैठक कल लखनऊ में होगी। पार्टी के राष्‍ट्रीय महासचिव भूपेन्‍द्र यादव ने हमारे संवाददाता को बताया कि वे और पार्टी के वरिष्‍ठ नेता तथा केन्‍द्रीय मंत्री वेंकैया नायडू पार्टी के केन्‍द्रीय पर्यवेक्षक के रूप में बैठक में मौजूद रहेंगे। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से-
पार्टी सूत्रों का कहना है कि भारतीय जनता पार्टी विधायक दल के नेता के नाम की घोषणा नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक के बाद शनिवार को कर दिया जाएगा। विधायकों की बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षकों के साथ-साथ पार्टी के प्रदेश अध्‍यक्ष केशव प्रसाद मौर्य, प्रदेश के प्रभारी ओम प्रकाश माथुर,सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश और प्रदेश महासचिव सुनील बंसल भी उपस्थित रहेंगे। मुख्‍यमंत्री पद के दावेदारों के समर्थक केंद्रीय नेतृत्‍व का ध्‍यान आकर्षित करने के लिए पूजा-पाठ से लेकर आत्‍महत्‍या तक की धमकी के रास्‍ते इख्तियार कर केंद्रीय नेतृत्‍व का ध्‍यान आकर्षित करने में लगे हुए हैं। सुनील शुक्‍ल आकाशवाणी समाचार लखनऊ। 
------------
उत्‍तराखण्‍ड में नये मुख्‍यमंत्री के बारे में फैसला करने के लिए भाजपा विधायक दल की आज बैठक होगी। हाल के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने विधानसभा की 70 सीटों में से 57 पर जीत हासिल की थी। हमारे संवाददाता ने बताया है कि मुख्‍यमंत्री और मंत्रिमंडल के अन्‍य सदस्‍यों का शपथ ग्रहण समारोह 18 मार्च को होगा।
भाजपा के 30 विधायक पहले ही देहरादून पहुंच चुके है। प्रदेश भाजपा ने नए मुख्‍यमंत्री के नाम पर अभी संशय बना रखा है। आज भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षकों और विधायकों की बैठक के बाद नए मुख्‍यमंत्री की तस्‍वीर साफ हो जाएगी। हालांकि नए मुख्‍यमंत्री पर निर्णय का अधिकार भाजपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष अमित शाह को दिया गया है। 18 तारीख को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी, भाजपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष अमित शाह सहित अन्‍य केंद्रीय नेता भी शामिल होंगे। संजीव सुंदरियाल आकाशवाणी समाचार देहरादून।
------------
गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर ने कहा है कि उनकी सरकार की पहली कैबिनेट बैठक आज होगी। बैठक में मंत्रियों को विभाग दिये जाने पर विचार-विमर्श किया जा सकता है। श्री पर्रिकर ने कहा कि उनकी सरकार राज्य में विकास और रोजगार पर ध्यान देने के साथ-साथ गोवा की पहचान को भी संरक्षित करेगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि नई सरकार अगले महीने तक साझा न्यूनतम कार्यक्रम पेश करेगी।
श्री पर्रिकर ने कल विधानसभा में विश्वास मत हासिल कर लिया था। 40 सदस्यों की विधानसभा में विश्‍वास मत के  समर्थन में 22 और विरोध में 16 वोट पड़े थे।
------------
गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि अंतर्राष्ट्रीय समुदाय को आतंकवाद के बारे में संयुक्त राष्ट्र की परिभाषा का उल्लंघन करने वाले देशों और सरकार समर्थित गुटों को दंडित करना चाहिए। श्री राजनाथ सिंह ने कल नई दिल्ली में आतंकवाद से निपटने संबंधी सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीस देशों की तटीय सीमा हिंद महासागर और भारत सहित कई देशों से जुड़ी है। उन्होंने समुद्री मार्गों के जरिये होने वाले व्यापार और आर्थिक गतिविधियों की रक्षा और सुरक्षा के लिए मिलकर काम करने की जरूरत पर बल दिया।
26 नवंबर 2008 के मुंबई आतंकी हमलों और 1993 के बम हमलों के बारे में श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि दोनों हमलों के दोषी और सामग्री समुद्री मार्ग के जरिये पाकिस्तान से आई थी।
------------
प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने राष्‍ट्रीय स्‍वास्‍थ्‍य नीति को एक भविष्योन्मुखी दस्‍तावेज़ बताया है जिसमें नागरिकों के हित सर्वोपरि हैं। उन्‍होंने ट्वीट किया कि राष्‍ट्रीय स्‍वास्‍थ्‍य नीति वह ऐतिहासिक मौका है, जहां एक स्‍वस्‍थ्‍ा भारत के निर्माण की हमारी कोशिशें हैं और जहां प्रत्‍येक नागरिक तक बेहतरीन स्‍वास्‍थ्‍य सुविधा पहुंचनी है।
इस महत्‍वाकांक्षी नीति को कल संसद में स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री जे पी नड्डा ने प्रस्‍तुत किया।
-------------
नई राष्‍ट्रीय स्‍वास्‍थ्‍य नीति में स्‍वास्‍थ्‍य देखभाल में सार्वजनिक निवेश बढ़ाने के लिए स्‍वास्‍थ्‍य उपकर लगाने के पहले के प्रस्‍तावों को नामंजूर कर दिया गया है। नई नीति का उद्देश्‍य सभी लोगों को स्‍वास्‍थ्‍य सेवाएं मुहैया कराना है। इसमें सभी लोगों को सभी सरकारी अस्‍पतालों में नि‍शुल्‍क दवाएं, डायगनोस्टिक जांच और आपात सेवाएं मुहैया कराने का भी प्रस्‍ताव है। नई दिल्‍ली में कल पत्रकारों से बातचीत में केन्‍द्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री जे. पी. नड्डा ने बताया कि स्‍वास्‍थ्‍य उपकर लगाने की बात गलत है और स्‍वास्‍थ्‍य उपकर लगाने का प्रश्‍न ही नहीं उठता।

कोई हेल्‍थ टैक्‍स नहीं लगेगा और पॉलिसी में इसकी कोई चर्चा नहीं है। हमारा दो साल में बजट हेल्‍थ का बढ़ा है, ये जो फ्री ड्रग एंड डायग्‍नोस्टिक फेसलिटी है न, इस फ्री ड्रग एंड डायग्‍नोस्टिक फेसलिटी के लिए फाइनेंशियल सपोर्ट हमारा हर  स्‍टेट के लिए है। हम 2.5 ऑफ द पर्सेंट ऑफ जीडीपी के लिए ये कमिटिड है।  
------------
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 26 मार्च को आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम में विभिन्न विषयों और मुद्दों पर विचार रखेंगे। मन की बात कार्यक्रम की यह 30वीं कड़ी है। श्री मोदी ने ट्वीटर पर लोगों से आग्रह किया है कि नरेन्द्र मोदी एप पर अपने विचार और सुझाव रखें तथा बताएं कि वह नये भारत की दिशा में कैसे योगदान दे रहें हैं। श्री मोदी ने कहा कि उनके विचार इस महीने मन की बात कार्यक्रम में शामिल किये जा सकते हैं।
माई गॉव ओपन फोरम पर भी विचार और सुझाव दिये जा सकते हैं या टोल फ्री नम्बर 1 8 0 0 - 1 1 - 7 8 0 0 पर 22 मार्च तक हिन्दी या अंग्रेजी में संदेश रिकार्ड करा सकते हैं। लोग, 1 9 2 2 पर मिस्ड कॉल भी दे सकते हैं और एसएमएस में प्राप्त लिंक फोलो कर प्रधानमंत्री को सीधे सुझाव भेज सकते हैं।
------------
राष्‍ट्रपति प्रणब मुखर्जी आज मुम्‍बई जायेंगे। वहां वे मुम्‍बई विश्‍वविद्यालय के वि शेष दीक्षान्‍त समारोह को सम्‍बोधित करेंगे और डॉ0 एम0 एस0स्‍वामीनाथन को डी-लिट से सम्‍मानित करेंगे। श्री मुखर्जी दिल्‍ली लौटने से पहले इंडिया टुडे के सम्‍मेलन को मुख्‍य अतिथि के रूप में सम्‍बोधित करेंगे।
------------
संयुक्त राष्ट्र ने आगाह किया है कि अगर अमरीका संयुक्त राष्ट्र के लिए वित्तीय सहायता में कटौती करता है तो इसका असर इसके कार्यक्रमों पर पड़ेगा। अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने पहले बजट प्रस्ताव में संयुक्त राष्ट्र के लिए वित्तीय सहायता में कटौती का प्रावधान किया है। संयुक्त राष्ट्र के प्रवक्ता स्टीफन ज्यूरिक ने बताया कि महासचिव एंतोनियो गुतरेश संयुक्त राष्ट्र में सुधार के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं  और यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि यह अपने उद्देश्य में सफल हो और इसके नतीजे पूरी दक्षता तथा किफायती ढंग से मिले।
-----------
सीरिया के अलेप्‍पो प्रांत में अल-जिनेह गांव के एक धार्मिक स्थल को निशाना बना कर किए गए हवाई हमले में कम से कम 42 लोगों की मौत हो गई और एक सौ से ज्‍यादा घायल हो गए। यह गांव अलेप्‍पो से 30 किलोमीटर दूर पश्चिम में है।
छह वर्ष पहले सरकार विरोधी प्रदर्शनों के साथ शुरू हुए संघर्ष में सीरिया में अब तक तीन लाख बीस हजार से ज्‍यादा लोग मारे जा चुके हैं।    
------------
रांची में भारत के साथ तीसरे क्रिकेट टेस्‍ट मैच के दूसरे दिन आज ऑस्‍ट्रेलिया अपनी पहली पारी में चार विकेट पर 299 रन से आगे खेलेगा। कप्‍तान स्‍टीव स्मिथ 117 और ग्‍लेन मैक्‍सवेल 82 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
कल खेल के पहले दिन भारतीय गेंदबाजों को काफी मशक्‍कत करनी पड़ी। कप्‍तान विराट कोहली भी कंधे में चोट लगने के कारण मैदान से बाहर रहे। मेडिकल रिपोर्ट से इस बात की पुष्टि हुई है कि कोहली को गंभीर चोट नहीं आई है और इलाज से कोहली इस मैच में आगे भी खेल पाएंगे।दोनों देशों की बीच चार टेस्‍ट मैचों की श्रृंखला 1-1 की बराबरी पर है।  
------------
समाचार पत्रों से
गोआ में मनोहर पर्रिकर के शक्ति परीक्षण पास करने को दैनिक जागरण ने पहली खबर बनाते हुए लिखा है- भाजपा सरकार ने 16 के मुकाबले 22 मतों से साबित किया बहुमत। राजस्‍थान पत्रिका की सुर्खी है- पर्रिकर ने दिखाया दम, दरकी कांग्रेस, यूपी में सीएम के नाम का ऐलान कल। राष्‍ट्रीय सहारा की खबर है कि पंजाब में कैप्‍टन की कप्‍तानी में खेलेंगे सिद्धू, अमरिन्‍दर ने पंजाब के 26वें मुख्‍यमंत्री के रूप में शपथ ली।
जनसत्‍ता ने चुनाव आयोग के इस बयान को प्रमुखता से दिया है कि ई वी एम पर संदेह, निराधार और बेतुका।
प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी का संसदीय दल की बैठक में यह बयान कि न खुद बैठूंगा और न बैठने दूंगा को अमर उजाला सहित लगभग सभी अखबारों ने प्रमुखता से छापा है।
सरकार का अब सेहत पर फोकस, नई स्‍वास्‍थ्‍य नीति में सकल घरेलू उत्‍पाद का ढाई प्रतिशत खर्च करने का लक्ष्‍य शीर्षक से नवभारत टाइम्‍स ने लिखा है कि पूरे 15 साल बाद सरकार नई स्‍वास्‍थ्‍य नीति लेकर आयेगी।
दैनिक जागरण ने स्‍वस्‍थ समाज शीर्षक से लिखा है- देश से तपेदिक का कलंक मिटायेगी सरकार। पत्र में स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री के इस बयान को भी छापा है कि हर हाल में 2025 तक देश को इस बीमारी से मुक्‍त कराना है।
राष्‍ट्रीय सहारा ने जीएसटी लागू होने की आसान हुई राह शीर्षक से लिखा है कि वस्‍तु और सेवा कर को पहली जुलाई से लागू करने की दिशा में इससे जुड़े सभी कानूनों के प्रारूप को मंजूरी मिली।
राष्‍ट्रीय सहारा ने मुट्ठी में दुनिया शीर्षक से लिखा है- एक भारतीय मूल की 17 वर्षीय अमरीकी छात्रा इंद्राणी दास ने अमीरका की सबसे पुरानी और प्रतिष्ठित विज्ञान और गणित की प्रतियोगिता में ढाई लाख डॉलर का इनाम जीता। पत्र लिखता है कि यह पुरस्‍कार उन्‍हें न्‍यूरो डि जेनेरेटिव बीमारियों या दिमागी चोट की वजह से न्‍यूरोन की मौत की रोकथाम के लिए उनके शोध पर दिया गया।

-------------

No comments:

Post a Comment