Loading

27 January 2011

समाचार संध्या 26.01.2011


मुख्य समाचार
  • देश ने आज अपना 62वां गणतंत्र दिवस मनाया। दिल्ली में परेड में सैन्य क्षमता, सांस्कृतिक विविधता और उपलब्धियों का भव्य प्रदर्शन।
  • हिंसा से प्रभावित राज्यों के नेताओं ने अलगाववादियों और माओवादियों से हिंसा छोड़कर बातचीत के लिए आगे आने को कहा।
  • सेना के डॉक्टर मेजर लैशराम ज्योतीन सिंह मरणोपरान्त अशोक चक्र से सम्मानित।
  • महाराष्ट्र में मालेगांव के अतिरिक्त जिलाधिकारी यशवंत सोनावणे की हत्या के सिलसिले में सात लोगों को दो हफ्‌ते की पुलिस हिरासत में भेजा गया। राज्य सरकार ने जांच के आदेश दिए।
  • अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा- भारत जैसे देशों के साथ नए संबंध, शांतिपूर्ण और समृद्ध विश्व के निर्माण में सहायक।
  • लिएण्डर पेस तथा महेश भूपति की जोड़ी ऑस्ट्रेलियाई ओपन टेनिस के डबल्स सेमीफाइनल में पहुंची
------
देश ने आज अपना 62वां गणतंत्र दिवस मनाया। इस अवसर पर भारत की सैन्य शक्ति और सांस्कृतिक विविधता का प्रदर्शन किया गया। जम्मू-कश्मीर से केरल तक और गुजरात से असम तक हजारों की संख्या में लोग राष्ट्रीय ध्वजारोहण समारोह और पुलिस तथा सशस्त्रबलों की परेड देखने के लिए पहुंचे। समारोह शांतिपूर्वक संपन्न हुए। पूर्वोत्तर राज्यों में भी हजारों लोगों ने उग्रवादियों के फरमानों की अनदेखी करते हुए गणतंत्र दिवस समारोहों में भाग लिया।
सबसे बड़ा और आकर्षक दृश्य नई दिल्ली के ऐतिहासिक राजपथ पर देखने को मिला, जहां सशस्त्र सेनाओं की सर्वोच्च कमांडर, राष्ट्रपति प्रतिभा देवीसिंह पाटील ने तिरंगा फहराया और सैन्य तथा अर्धसैन्य बलों की टुकड़ियों की सलामी ली। परेड में इंडोनेशिया के राष्ट्रपति सुसीलो बामबांग युद्धोयोनो मुख्य अतिथि थे। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और उनके मंत्रिमंडल सहयोगी, राजनयिक और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता भी उपस्थित थे।
----
परेड शुरू होने से पहले प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने इंडिया गेट पर अमर जवान ज्योति पर पुष्प चक्र समर्पित किया।

राष्ट्रपति ने सेना के मेडिकल कोर के डॉक्टर मेजर लैशराम ज्योतीन सिंह को मरणोपरान्त अशोक चक्र प्रदान किया। शांति काल में उल्लेखनीय वीरता के लिए दिए जाने वाले इस सर्वोच्च सम्मान को उनके भाई डॉक्टर आई.पी. सिंह ने ग्रहण किया।
---
सेना, अर्ध सैनिक बलों और राष्ट्रीय कैडेट कोर की टुकड़ियों की परेड में स्वदेश में बने सैन्य साजो-सामान का भी प्रदर्शन किया गया। हमारी संवाददाता ने बताया कि हल्का लड़ाकू विमान तेजस, प्रमुख युद्धक टैंक टी-90 ÷भीष्म' और ब्रह्‌मोस सुपर सोनिक क्रूज+ मिसाइल, आकर्षण का प्रमुख केंद्र थे।
रायसिन्हा हिल्स से लेकर ऐतिहासिक लालकिले तक देशभक्ति और सैन्य संगीत की धूनों पर कदम से कदम मिलाते हुए सेना के तीनों अंगों, अर्द्वसैनिक पुलिस की टूकड़ियों द्वारा मार्च पास्ट का आनंद जहां हजारों की तादात में जमा हुए लोगों ने लिया। सबके नजरें देश में बनाए और विकसित किए भारत के पहले सुपर सोनिक लाइट कोमेबेक्ट एयरक्राट तेजस पर थी। हमेशा की तरह इस बार भी कलात्मक झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया। भागवत कुरान के दृश्यों को दर्शाते जम्मू और कश्मीर के लोक नाटय दिल्ली के बहाई लोट्स, टेम्पल और पटना के नजदीक सूफी संत मखदूम दौलत के मकबरे सिक्किम के बौद्व मठों की पांरपारिक रस्मों को दर्शाती हुई भारत की कला और संस्कृति, धर्म निरपेक्ष और आध्यात्मिकता की झलक झांकियां मानव पूरे भारत का छोटा रूप राजपथ पर उतर आया हो। 700 सौ के करीब बच्चों द्वारा अलग-अलग पहरावों में प्रदर्शन ने जैसे हर तरफ रंग ही रंग बिखेर दिए हों और जब सेना के मोटरसाइकिलों पर सवार डेयरडेविल्स ने कई तरह के रोमांचक करतब दिखाएं तो लोग उनके साहस को देख दंग रह गए। परेड का अंत भारतीय वायु सेना के हवाई जहाजों के लाई पास्ट से हुआ। और फिर सैंकड़ो गुब्बारों को हवा में छोड़ा गया जिससे पूरा आकाश मानो तिरंगे के रंग में रंग गया हो।
पहली बार एमआई-25 लड़ाकू हेलीकॉप्टरों ने भी परेड में भाग लिया।
------
जम्मू कश्मीर में कई समारोह आयोजित किये गये। मुख्य समारोह जम्मू में हुआ जहां मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने तिरंगा फहराया। इस अवसर पर श्री उमर अब्दुल्ला ने मुख्य धारा से बाहर की राजनीतिक ताकतों से वार्ता प्रक्रिया में शामिल होने का आग्रह किया और राजनीतिक मुद्दों को सुलझाने के लिए मौजूदा अनुकूल वातावरण का फायदा उठाने को कहा। श्रीनगर में बख्शी स्टेडियम में हुए समारोह में राज्य के वित्त मंत्री अब्दुल रहीम राथेर ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। श्रीनगर में ध्वज फहराने की कोशिश करने वाले भाजपा के छह कार्यकर्ताओं को गिरतार कर लिया गया। सरकार ने कुछ तत्वों के लाल चौक की ओर बढ़ने के प्रयासों को नाकाम कर दिया।
---
करगिल में ख्री सुल्तान चू स्टेडियम में गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह और देश भक्ति की भावना के साथ मनाया गया।
---
नगालैंड ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर भव्य आयोजन किया। कोहिमा में सेक्रेटेरिएट प्लाजा में आयोजित मुख्य समारोह में राज्यपाल निखिल कुमार ने सीमावतर्ीे जिलों की जनजातियों से अलग राज्य की अपनी मांग पर फिर से गौर करने का आग्रह किया और कहा कि उन्हें राज्य में समावेशी प्रगति और विकास के सरकार के प्रयासों में हाथ बंटाना चाहिए।
असम में राज्यपाल जानकी बल्लभ पटनायक ने गुवाहाटी के लाटासिल परेड ग्राउंड में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। हमारे संवाददाता के अनुसार राज्यपाल ने इस अवसर पर कहा कि उल्फा तथा राज्य के अन्य अग्रवादी संगठनों के साथ प्रस्तावित शांति वार्ता से एक नए युग की शुरूआत हुई है।
उग्रवादियों के आह्‌वान को नाकामयवाद करने के लिए बहुत सारे आम लोग और स्कूल के बच्चे परेड गाउंड में इकट्टे हुए गुवाहाटी महानगर में ऐतिहासिक लाटासिल फिल्ड में हुए आयोजित मुख्य समारोह में राज्यपाल जानकी बल्लभ पटनायक ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। राज्यपाल ने कहा कि हाल में राज्य के अल्फा एवं अन्य संगठनों सहित संगठन सरकार के सामने शांति प्रक्रिया के लिए आगे आए हैं।
----
अन्य राज्यों से भी गणतंत्र दिवस मनाने के समाचार मिले हैं। झारखंड में मुख्य समारोह रांची के ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में हुआ, जहां राज्यपाल एम ओ एच फारूख ने तिरंगा फहराया। इस अवसर पर श्री फारूख ने कहा कि वामपंथी उग्रवाद से निपटने के लिए राज्य में बहुमुखी रणनीति अपनाई है। उन्होंने उग्रवादियों से हिंसा का रास्ता छोड़ने का आग्रह करते हुए कहा कि हिंसा से किसी समस्या का समाधान नहीं होता। उन्होंने गुमराह नौजवानों से मुख्यधारा में शामिल होने और विकास में योगदान देने का आग्रह किया।

महाराष्ट्र के राज्यपाल के. शंकर नारायणन ने मुंबई में राज्य ने भारत में सबसे पसंदीदा निवेश-स्थल के रूप में अपना स्थान बनाए रखा है और देश में सबसे अधिक प्रत्यक्ष विदेशी निवेश के प्रस्ताव राज्य को प्राप्त हुए हैं।

मध्यप्रदेश में मुख्य समारोह राजधानी भोपाल में हुआ जिसमें राज्यपाल रामेश्वर ठाकुर ने तिरंगा फहराया और परेड का निरीक्षण किया।
--
अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में राजधानी पोर्टब्लेयर में उपराज्यपाल भुपिंदर सिंह ने ऐतिहासिक नेताजी स्टेडियम में ध्वज फहराया।
---
विदेशों से भी गणतंत्र दिवस मनाए जाने के समाचार मिले हैं। विभिन्न भारतीय मिशनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया और संगीत कार्यक्रमों तथा स्कूली बच्चों द्वारा देश भक्ति पूर्ण गीतों के कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
विदेशी भारतीय मामलों और नागर विमानन मंत्री वयालार रवि ने दुबई में भारतीय हाई स्कूल में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत सरकार देश में गरीबी कम करने के उपाय कर रही है और विकास के फायदे समाज के सभी वर्गों तक पहुंच रहे है।
----
राष्ट्रपति प्रतिभा देवी सिंह पाटील ने आज दो हजार से अधिक गणमान्य अतिथियों को राष्ट्रपति भवन में परंपरागत जलपान के लिए आमंत्रित किया। ये आयोजन प्रत्येक वर्ष गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में किया जाता है।
---
कांगे्रस अध्यक्ष सोनिया गांधी बुखार के कारण आज गणतंत्र दिवस समारोहों में शामिल नहीं हो सकीं। वे राष्ट्रपति द्वारा आयोजित जलपान समारोह में भी उपस्थित नहीं हो पाईं।
---
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, आज अपने साप्ताहिक कार्यक्रम चर्चा का विषय है के अंतर्गत भारतीय गणतंत्र के छह दशक विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। इसे रात साढ़े नौ बजे से इंद्रप्रस्थ चैनल, एफ.एम. गोल्ड और अतिरिक्त मीटरों पर सुना जा सकेगा।
---
महाराष्ट्र में मालेगांव के अतिरिक्त जिलाधिकारी यशवंत सोनवणे को नाशिक जिले में जिंदा जलाकर मारने के आरोप में गिरतार किये गये सात लोगों को आज मनमाड की स्थानीय अदालत में पेश किया गया। मामले के प्रमुख आरोपी पोपट दत्तू शिंदे समेत गिरतार किये गये सभी आरोपियों को 8 फरवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। पोपट शिंदे और उसके साथियों ने मनमाड के नजदीक पानेवाडी में कल श्री सोनवणे पर मिट्टी का तेल छिड़क कर उन्हें जिंदा जला दिया था।
नासिक जिले के मनमाड गांव में कल मालेगांव के अतिरिक्त जिलाधिकारी यशवंत सोनवणे की हत्या के बाद पुलिस ने अब तक 10 लोगों को हिरासत में लिया है। पोपट शिंदे का बेटा कुणाल शिंदे जो कल से फरार था उसे आज शिरडी के पास पुलिस हिरासत में लिया है। इस बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पृथ्वी राज चव्हाण ने जांच के आदेश देते हुए कहा कि आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जायेगी।इस देश में कानून कड़ा है। पूरी न्याय व्यवस्था के बाद डूयू प्रोसेस लॉ के बाद ही उसको सजा मिलेगी और हम चाहते हैं कि जल्दी-जल्दी सजा हो। मैं चाहूंगा की न्यायिक प्रक्रिया पूरी करके पूरी सजा मिले। उन्होंने राज्य सरकार के अफसरों को भी आदेश दिया कि वे जब भी कभी रेड डालने जाए तो अतिरिक्त पुलिस सुरक्षा मुहैया कराया जाए
---
पश्चिम बंगाल के मुख्य चुनाव अधिकारी सुनील गुप्ता राज्य की नौ मान्यता प्राप्त राजनीतिक पार्टियों के साथ चुनावी खर्च और इबारतें दीवारों पर लिखने संबंधी दिशा-निर्देशों पर कल बैठक में चर्चा करेंगे। आकाशवाणी से बातचीत में मुख्य चुनाव अधिकारी ने कहा कि सभी उम्मीदवारों को इन मुद्दों के बारे में सूचित किया जाएगा।
------
लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज ने कहा है कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं को श्रीनगर के लाल चौक में तिरंगा फहराने की अनुमति न देने का मामला संसद के आगामी सत्र में उठाया जाएगा। श्रीमती स्वराज के अलावा राज्यसभा में विपक्ष के नेता अरूण जेटली, पार्टी नेता अनन्त कुमार और युवा मोर्चा अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने आज कठुआ में पुलिस हिरासत से रिहा होने के बाद जम्मू में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
-----
अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा है कि शांतिपूर्ण और समृद्ध विश्व बनाने के उद्देश्य से अमरीका ने भारत जैसे देशों के साथ नए संबंध बनाए हैं। अमरीकी कांगे्रस में अपने वार्षिक संबोधन में श्री ओबामा ने कहा कि उनकी सरकार ने भारत के साथ नई भागीदारी बनाई है, रूस के साथ संबंधों को नया रूप दिया है और एशियाई देशों के साथ संबंधों को मजबूत बनाया है।
श्री ओबामा ने बढ़ती प्रतिस्पर्धा के माहौल में अमरीका को आगे बनाए रखने के कार्यक्रम की रूपरेखा भी पेश की।
-----
दुनिया के नंबर एक टेनिस खिलाड़ी राफेल नडाल आस्ट्रेलियाई ओपन टेनिस के क्वार्टर फाइनल में डेविड फेरर से हारकर बाहर हो गए हैं। सेमीफाइनल में डेविड फेरर का मुकाबला एंडी मरे से होगा जबकि नोवाक डोकोविच का सामना रोजर फेडरर से होगा। महिला वर्ग के सेमीफाइल में कैरोलिना वोजनियाकी और चीन की ना ली आमने-सामने होंगी। दूसरे सेमीफाइनल में किम क्लाइस्टर्स का मुकाबला वेरा ज्वेनारेवा से होगा।
पुरुष डबल्स में लिएंडर पेस और महेश भूपति की जोड़ी, सेमीफाइनल में पहुंच गई है।

No comments:

Post a Comment