Loading

16 February 2017

रिटायर रेल कर्मचारियों ने दिया 10 मार्च का अल्टीमेटम

सिरसा

 निवृत रेल कर्मचारी सेवा संघ ने रिटायर्ड रेलवे कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए रेल प्रशासन को 10 मार्च तक का अल्टीमेटम दिया। यदि इस तिथि तक समस्याओं का समाधान नहीं होता तो 15 मार्च को सहायक मंडल अभियंता सिरसा रेल के कार्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन किया जाएगा। निवृत रेल कर्मचारी संघ की मासिक बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रधान ओ.पी. बिश्रोई ने की। उन्होंने कहा कि बीकानेर मंडल के अधिकारियों द्वारा रेलवे कर्मचारियों की समस्याओं का समय पर निराकरण न करने से संघ में जबरदस्त रोष है। संघ द्वारा बार-बार रिटायर्ड कर्मचारियों के संदर्भ में पत्र व्यवहार, टेलीफोन वार्ता की जा रही है लेकिन अधिकारियों पर इनका कोई असर नहीं है। आज भी वर्ष 2001 में रिटायर हुए रेल कर्मचारियों के मामले लंबित पड़े हैं। इसी प्रकार संघ द्वारा भेजे गए 2013 से 16 के बीच लगभग 15 केस अभी भी धूल चाट रहे हैं। बिश्नोई ने बताया कि अगस्त 15 में मंडल रेल प्रबंधक के सिरसा आगमन पर 11 मामलों के बारे में चर्चा हुई जिनमें से भी  4 बकाया पड़े हैं। मंडल रेल प्रबंधक दिल्ली के पास पेंशन का एक मामला 2011 से लंबित है और यह संघ 2013 से बराबर पत्राचार करके दिल्ली रेल प्रशासन से संपर्क में है और प्रधानमंत्री कार्यालय को भी सूचित किए जाने के बावजूद इस मामले का समाधान नहीं हो रहा। उन्होंने कहा कि यदि 10 मार्च तक सभी लंबित मामलों का निवारण नहीं किया गया तो 15 मार्च को रेल सहायक मंडल अभियंता के कार्यालय के समक्ष निवृत रेल कर्मचारी संघ द्वारा धरना प्रदर्शन किया जाएगा।

No comments:

Post a Comment