Loading

16 February 2017


हरियाणा सरकार पर वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की अनदेखी का आरोप

सिरसा

 हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव नवीन केडिया ने हरियाणा सरकार पर वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की अनदेखी करने और उन्हें अपमानित किए जाने का आरोप लगाया है। यहां जारी एक बयान में नवीन केडिया ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कल जिस तरह से अपने कार्यालय से डीसी और एसपी स्तर के अधिकारियों को बाहर करके साधु-महात्माओं से राज्य सरकार के विकास का फीडबैक लेने का जो काम किया है, वह तर्कसंगत नहीं है। कांग्रेस नेता ने कहा कि साधु-संतों का काम आध्यात्म और लोक कल्याण का संदेश देना है। प्रशासनिक कामकाज की संवैधानिक व्यवस्था अधिकारियों की होती है। उन्होंने कहा कि वे साधु समाज का सम्मान करते हैं मगर साधु समाज को आईना दिखाने वाले होते हैं। सरकारी कामकाज में उनका हस्तक्षेप अधिकारियों की अनदेखी और तिरस्कार के रूप में देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री की बैठक से पहले साधुओं की तलाशी लेना भी उनका अपमान ही है। नवीन केडिया ने कहा कि जबसे प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है, जनकल्याण के मुद्दे गौण हो गए हैं। यह सरकार आम जनमानस के लिए परेशानी का सबब बन गई है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार को राजकाज समझ में नहीं आ रहा तो या तो उसे अपदस्थ हो जाना चाहिए या फिर सर्वदलीय बैठकें करके दूसरे दलों के अनुभवी नेताओं का लाभ लेना चाहिए।

No comments:

Post a Comment