Loading

26 March 2017

समाचार

  • प्रधानमंत्री ने कहा कि नए भारत का सपना 125 करोड़ देशवासियों की आकांक्षा। आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम में श्री मोदी ने कालेधन के खिलाफ लड़ाई में लोगों से डिजिटल लेनदेन अपनाने का आग्रह किया। भोजन की बर्बादी से बचने को भी कहा।
  • सरकार ने टेलीकॉम ऑपरेटरों से सभी मोबाइल फोन उपभोक्‍ताओं के दोबारा आधार सत्‍यापन करने को कहा।
  • उत्‍तर प्रदेश सरकार ने राज्‍य की पिछली सरकार के दौरान  सेवा विस्‍तार पाने वाले 58 अधिकारियों की सेवाएं समाप्‍त की।
  • भारतीय रेल दूरदराज के क्षेत्रों में 500 स्‍टेशनों पर लोगों को ऑनलाइन सेवाएं देने के लिए वाई-फाई हॉट-स्‍पॉट स्‍थापित करेगा।
  • धर्मशाला में ऑस्‍ट्रेलिया के साथ चौथे और अंतिम क्रिकेट टेस्‍ट मैच में भारत ने पहली पारी में चायकाल तक ..2... विकेट पर 153 रन बनाए।

---------------------------------------
प्रधानमंत्री ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे नये भारत के सपने को साकार करने के लिए देश में हो रहे बदलाव में भागीदार बनें। आकाशवाणी से प्रसारित मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने कहा कि सवा सौ करोड़ देशवासियों की बदलाव की आकांक्षा ही नये भारत की नींव बनेगी। उन्‍होंने कहा कि अगर सवा सौ करोड़ देशवासी नये भारत का संकल्‍प करें और इसे पूरा करने की ठान लें तो यह सपना हमारी आंखों के सामने साकार हो सकता है।
न्‍यू इंडिया न तो कोई सरकारी कार्यक्रम है, न ही किसी राजनैतिक दल का मेनीफेस्‍टो है और न ही ये कोई प्रोजेक्‍ट है। न्‍यू इंडिया सवा सौ करोड़ देशवासियों का आह्वान है। यही भाव है कि सवा सौ करोड़ देशवासी मिलकर के कैसा भव्‍य भारत बनाना चाहते हैं। सवा सौ करोड़ देशवासियों के मन के अंदर एक आशा है, एक उमंग है, एक संकल्‍प है, एक चाह है।
श्री मोदी ने लोगों से अनुशासित और संकल्‍प के साथ स्‍वराज से सुराज तक की यात्रा में भागीदारी का आग्रह किया। उन्‍होंने कहा कि ऐसे लाखों लोग हैं जो अपनी निजी जिम्‍मेदारियों के अलावा शोषितों, वंचितों और गरीबों के लिए बगैर किसी स्‍वार्थ के काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रत्‍येक नागरिक अगर अपने कर्तव्‍यों का ईमानदारी से पालन करेगा तो वह नये भारत के सपने को मूर्त रूप देने में अपना योगदान दे सकता है।
गांधी जी के चंपारण आंदोलन का उल्‍लेख करते हुए श्री मोदी ने कहा कि गांधी जी के आंदोलनों की विशेषता थी की संघर्ष और सृजन दोनों एक साथ चलते थे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ महीनों में देश में डिजिटल भुगतान का माहौल बना है। श्री मोदी ने कहा कि नोटबंदी के बाद भीम ऐप की लोकप्रियता बढ़ी है और दो ढाई महीने में ही डेढ़ करोड़ लोगों ने इसे डाउन लोड किया। कालाधन और भ्रष्‍टाचार के खिलाफ लड़ाई के अपने संकल्‍प को दोहराते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि देशवासियों को डिजिटल भुगतान अपनाकर इसमें भागीदारी करनी चाहिए।
मेरे प्‍यारे देशवासियों, काले धन, भ्रष्‍टाचार के खिलाफ लड़ाई को हमने आगे बढ़ाना है। सवा-सौ करोड़ देशवासी इस एक वर्ष में ढाई हजार करोड़ डिजिटल लेन-देन का काम करने का संकल्‍प कर सकते हैं क्‍या? हमने बजट में घोषणा की है सवा-सौ करोड़ देशवासियों के लिए ये काम अगर वो चाहें, तो एक साल का इंतजार करने की जरूरत नहीं है छह महीने में कर सकते हैं।
देहरादून की एक छात्रा गायत्री के संदेश का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि स्‍वच्‍छता के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ी है। लोगों के मन का यह भाव अच्‍छे परिणामों के संकेत देता है।
प्रधानमंत्री ने भोजन की बर्बादी पर चिंता जताते हुए कहा कि इससे बहुत से गरीबों का पेट भर सकता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सात अप्रैल को विश्‍व स्‍वास्‍थ्‍य दिवस मनाया जायेगा। संयुक्‍त राष्‍ट्र ने इस वर्ष स्‍वास्‍थ्‍य दिवस का विषय ‘’अवसाद’’  तय किया है। उन्‍होंने कहा कि अवसाद से छुटकारा पाने के लिए इसे छुपाने की बजाय परिवार के सदस्‍यों और मित्रों के सहयोग से इसे दूर करना आवश्‍यक है। श्री मोदी ने कहा कि योग भी अवसाद से छुटकारा पाने का एक सशक्‍त माध्‍यम हो सकता है।
तनाव से मुक्ति, दबाव से मुक्ति, प्रसन्‍न चित्‍त की ओर प्रयाण - योग बहुत मदद करता है। 21 जून अंतर्राष्‍ट्रीय योग दिवस है, ये तीसरा वर्ष होगा। आपके मन में तीसरे अंतर्राष्‍ट्रीय योग दिवस के संबंध में अगर कोई सुझाव है, तो आप मेरे मोबाइल एप्‍लीकेशन के माध्‍यम अपने सुझाव मुझे जरूर भेजें, मार्गदर्शन करें।
कामकाजी महिलाओं के कल्‍याण के मद्देजनर केन्‍द्र के बड़े फैसले का उल्‍लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि मातृत्‍व अवकाश की अवधि 12 सप्‍ताह से बढ़ाकर 26 सप्‍ताह कर दी गई है।
इसका मूल उद्देश्‍य उस नवजात शिशु की देखभाल, मां का उसको भरपूर प्‍यार मिले, तो हमारे ये बालक बड़े हो करके देश की अमानत बनेंगे। माताओं का स्‍वास्‍थ्‍य भी अच्‍छा रहेगा और इसलिए ये बहुत बड़ा महत्‍वपूर्ण निर्णय है और इसके कारण फॉमर्ल सेक्‍टर में काम करने वाली करीब 18 लाख महिलाओं को इसका फायदा मिलेगा।
श्री मोदी ने बांग्‍लादेश के स्‍वतंत्रता दिवस के अवसर पर वहां की जनता को बधाई देते हुए कहा कि भारत उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है।
मैं बांग्‍लादेश के नागरिक भाइयों-बहनों को स्‍वतंत्रता दिवस की बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं और यह कामना करता हूं कि बांग्‍लादेश आगे बढ़े, विकास करे और बांग्‍लादेशवासियों से भी मैं विश्‍वास दिलाता हूं कि भारत बांग्‍लादेश का एक मजबूत साथी है, एक अच्‍छा मित्र है और हम कंधे से कंधा मिला करके इस पूरे क्षेत्र के अंदर शांति, सुरक्षा और विकास में अपना योगदान देते रहेंगे।
शहीदे आजम सरदार भगत सिंह, राजगुरू और सुखदेव की शहादत का स्‍मरण करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि ये तीन वीर आज भी हम सब की प्रेरणा हैं।
प्रधानमंत्री ने देशवासियों को आगामी नव संवत्‍सर की बधाई दी।
---------------------------------------
देश में मौजूदा सभी मोबाइल फोन उपभोक्‍ताओं का जल्‍दी ही दोबारा आधार सत्‍यापन किया जायेगा। दूरसंचार विभाग की अधिसूचना के अनुसार, सभी दूरसंचार ऑपरेटरों को प्री-पेड और पोस्‍ट पेड मोबाइल ग्राहकों के डेटाबेस में उनके आधार नम्‍बर को जोड़ना होगा। सरकार ने दूरसंचार ऑपरेटरों से इसकी प्रक्रिया शुरू करने को कहा है। सेल्‍युलर ऑपरेटर एक सर्किल में एक से अधिक मोबाइल कनेक्‍शन का सत्‍यापन एक ही ई-केवाईसी के माध्‍यम से कर सकते हैं लेकिन थोक कनेक्‍शन के मामले में प्रक्रिया अलग होगी। जो ग्राहक अपने नम्‍बर को प्री-पेड या पोस्‍ट-पेड में बदलते हैं उनका अलग से सत्‍यापन नहीं किया जायेगा।
---------------------------------------
उच्‍चतम न्‍यायालय ने ऑटोमोबाइल कंपनियों से कहा है कि प्रदूषण मानक बीएस-3 वाले वाहनों की बिक्री, सरकार के प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों को निष्‍प्रभावी बना रही है। न्‍यायालय ने संकेत दिया कि ऐसे वाहनों के पंजीकरण पर प्रतिबंध लगाया जा सकता है या इनके प्रदूषण के कारण स्‍वास्‍थ्‍य पर पड़ने वाले दुष्‍प्रभाव की भरपाई के लिए कुछ लागत वसूली जा सकती है। उच्‍चतम न्‍यायालय ने यह बात ऑटोमोबाइल निर्माताओं की याचिका पर सुनवाई करते हुए कही। कॉर्बन उत्‍सर्जन संबंधी बीएस-4 के मानदंड पहली अप्रैल से लागू हो रहे हैं। इसे देखते हुए ही ऑटोमोबाइल कंपनियों ने उच्‍चतम न्‍यायालय में याचिका दायर की है। इन कंपनियों का कहना था कि उन्‍हें ऐसे आठ लाख बीस हजार बीएस-3 वाहनों की बिक्री की अनुमति दी जानी चाहिए जो बनकर तैयार हैं। मामले की अगली सुनवाई सोमवार को होगी।
---------------------------------------
भारत के नियंत्रक और महालेखा परीक्षक-सी ए जी ने नोटबंदी के प्रभाव और सरकारी कर राजस्‍व के आडिट की योजना बनाई है। नियंत्रक और महालेखा परीक्षक शशिकांत शर्मा ने बताया कि उन्‍होंने नोटबंदी से जुड़े वित्‍तीय प्रभाव वाले मुद्दों, खासकर कर राजस्‍व मामले में इसके प्रभाव का अध्‍ययन करने के लिए आडिट कराने की योजना बनाई है। उन्‍होंने कहा कि सी ए जी के इस आडिट में नोटों की छपाई का खर्चा, रिजर्व बैंक की लाभांश अदायगी और बैंकों के लेन-देन संबंधी आंकड़ों को शामिल किया जायेगा।
---------------------------------------
उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री आदित्‍य नाथ योगी ने उन अठावन अधिकारियों की सेवाओं को तत्‍काल रूप से समाप्‍त कर दिया है, जिन्‍हें पूर्व समाजवादी पार्टी सरकार ने सेवानिवृत्‍त के बाद सेवा-विस्‍तार का लाभ दिया था।
आधिकारिक सूत्रों के हवाले से हमारे संवाददाता ने खबर दी है इनमें भारतीय प्रशासनिक सेवा और राज्‍य लोक सेवा आयोग के अधिकारी भी शामिल हैं।
पूर्ववर्ती अखिलेश यादव सरकार ने नियमों की अवहेलना करते हुए कई अवकाश प्राप्‍त भारतीय प्रशासनिक सेवा, प्रांतीय लोक सेवा और सचिवालय में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों को सेवा विस्‍तार दिया था। इलाहाबाद उच्‍च न्‍यायालय ने भी समय समय पर इस तरह के सेवा विस्‍तार पर नकारात्‍मक टिप्‍पणियां भी की थीं। मुख्‍यमंत्री सचिवालय में कार्यरत पांच अधिकारियों और कर्मचारियों को सेवा विस्‍तार मिला था। अवकाश प्राप्‍त आईएएस अधिकारी रमेश चंद यादव मुख्‍यमंत्री सचिवालय में विशेष कार्यअधिकारी बनाए गए थे। इलाहाबाद उच्‍चन्‍यायालय के आदेश के बावजूद एस पी सिंह- नगर विकास और अल्‍पसंख्‍यक कल्‍याण विभाग में सचिव पद पर कार्य करते रहे। योगी सरकार ने 18 अधिकारियों के सेवा विस्‍तार को अभी समाप्‍त नहीं किया है जो विभिन्‍न विभागों में विशेषज्ञ के रूप में तैनात हैं। सुनील शुक्‍ल आकाशवाणी समाचार, लखनऊ। 
---------------------------------------
भारतीय रेल, लोगों को ऑन लाइन सेवाएं सुलभ कराने के मद्देनजर दूरदराज क्षेत्रों में लगभग पांच सौ स्‍टेशनों पर वाईफाई हॉट-स्‍पॉट केयॉस्‍क स्‍थापित करेगी। रेलवायर सारथी नामक यह वाईफाई केयॉस्‍क, डिजिटल इंडिया के लिए एक पीसीओ की तरह काम करेगा, जिसमें लोग ऑन लाइन सेवाओं जैसे ई-कॉमर्स, ऑनलाइन बैंकिंग का उपयोग कर सकेंगे। इसकी सहायता से कई अन्‍य सेवाओं के अतिरिक्‍त रेलगाडि़यों के लिए ई-टिकट, बीमा योजनाओं और ओपन स्‍कूल या विश्‍वविद्यालय संबंधी ऑनलाइन सेवाओं का भी लाभ लिया जा सकेगा।
---------------------------------------
स्‍मार्ट सिटी मिशन तथा अटल नवीकरण और शहरी परिवर्तन मिशन- अमृत में शामिल पांच सौ नगरों में से 94 की रेटिंग कर दी गई है। नियम के अनुसार, कोई भी नगर-पालिका नगरों की रेटिंग होने के बाद ही संसाधन जुटाने के लिए बॉण्‍ड जारी कर सकती है। शहरी विकास मंत्री एम. वेंकैया नायडू  ने कल साख-निर्धारण के मामले में हुई प्रगति की समीक्षा के दौरान  55 शहरों की रेटिंग निवेश के योग्‍य पाई। श्री नायडू ने कहा कि 59 प्रतिशत शहरों को निवेश योग्‍य पाया गया और यह शहरी स्‍थानीय निकायों की बेहतर आर्थिक स्थिति को दर्शाता है।
---------------------------------------
श्रीलंका की नौसेना ने कथित रूप से श्रीलंका के जल-क्षेत्र में प्रवेश करने के आरोप में आज 12 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया। एक बयान में कहा गया है कि इन मछुआरों और उनकी दो नौकाओं को डेल्‍फ्ट द्वीप के उत्‍तर-पश्चिम में हिरासत में लिया गया। हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि इन मछुआरों को आगे की कार्रवाई के लिए जाफ़ना में मत्‍स्य पालन विभाग के अधिकारियों को सौंपा जायेगा।
आज की गिरफ्तारी के बाद कुल 38 भारतीय मछुआरे श्रीलंका की गिरफ्त में हैं और ये पिछले दस दिनों में पकड़े गए हैं। इसके पहले श्रीलंका नौसेना द्वारा कथित गोलीबारी  में एक भारतीय मछुआरे की मौत के बाद 85 मछुआरों को रिहा किया गया था। लेकिन एक सौ तीस से ज्‍यादा नौकाएं अभी भी श्रीलंका के कब्‍जे में हैं जिसको छोड़ने पर अभी कोई सहमति नहीं बन पाई है। दोनों देशों के बीच मछुआरों का विषय लंबे समय से विवाद का मुद्दा रहा है। इसे सुलझाने के लिए पिछले साल एक संयुक्‍त कार्यदल गठित किया गया था। इसकी अगली बैठक 6 अप्रैल को कोलंबो में प्रस्‍तावित है जिसमें भारतीय दल की अध्‍यक्षता केन्‍द्रीय कृषि सचिव करेंगे। आकाशवाणी समाचार के लिए कोलंबो से मैं संतोष कुमार।
---------------------------------------
धर्मशाला में आस्ट्रेलिया के साथ चौथे और अंतिम क्रिकेट टैस्ट मैच के दूसरे दिन आज भारत ने चायकाल तक पहली पारी में -2-----    विकेट पर --153--- रन बना लिए हैं। इससे पहले, कल ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में तीन सौ रन बनाए थे।
---------------------------------------
दुनिया के एक सौ सबसे ज्‍यादा प्रभावशाली लोगों की वार्षिक सूची में टाइम पत्रिका ने प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी को संभावित दावेदारों में शामिल किया है। टाइम पत्रिका अगले महीने इस सूची की घोषणा करेगी। सूची में प्रमुख कलाकार, राजनेता, सांसद, वैज्ञानिक और प्रौद्योगिकी तथा उद्योगजगत से नेताओं के नाम शामिल किए जाते हैं।
---------------------------------------
हिमाचल प्रदेश में ऊंचाई वाले इलाकों के कुछ हिस्सों में मंगलवार से बारिश या बर्फबारी होने का अनुमान है। राज्य के अन्य हिस्सों में मौसम सामान्य बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार कल से पश्चिम विक्षोभ का असर हिमालय के पश्चिमी क्षेत्रों में पड़ सकता है। 28 मार्च से ऊंचाई वाले इलाकों के कुछ हिस्सों में वर्षा या हिमपात हो सकता है।
---------------------------------------
आकाशवाणी के समाचार सेवा प्रभाग द्वारा कल 27 मार्च को प्रसारित होने वाले साप्‍ताहिक कार्यक्रम पब्लिक स्‍पीक का विषय है- शिक्षा व्‍यवस्‍था और सी बी एस ई द्वारा किये गये सुधार.
यह कार्यक्रम एफ एम गोल्‍ड चैनल और अतिरिक्‍त मीटरों पर रात साढ़े नौ बजे से प्रसारित किया जाएगा।
श्रोता टोल फ्री नंबर 18oo-11-5767 पर स्‍टूडियों में मौजूद विशेषज्ञों से वाल पूछ सकते हैं।
---------------------------------------

No comments:

Post a Comment