Loading

26 March 2017

समाचार:-

  • प्रधानमंत्री ने कालाधन की समस्‍या से निपटने के लिए लोगों से डिजिटल लेन-देन अपनाने का आग्रह किया। आकाशवाणी पर मन की बात कार्यक्रम में श्री नरेंद्र मोदी ने कहा - बदलाव के लिए देशवासियों की इच्‍छाशक्ति नए भारत की नींव रखेगी। 
  • प्रधानमंत्री ने कहा - भारत 2030 तक चालीस प्रतिशत ऊर्जा गैर-जीवाश्‍म ईंधन से पैदा करेगा। 
  • केंद्र सरकार अनुसूचित जाति के दर्जे की मांग कर रहे असम के विभिन्‍न संगठनों से राजनीतिक स्‍तर पर त्रिपक्षीय वार्ता पर सहमत। 
  • केंद्र ने दूरसंचार कंपनियों को सभी मोबाइल उपभोक्‍ताओं का दोबारा सत्‍यापन करने और उनका डेटा बेस आधार संख्‍या से जोड़ने को कहा। 
  • कश्‍मीर में सुरक्षा बलों ने पुलवामा जिले में एक मुठभेड़ में दो आतंकवादियों को मार गिराया।
  • पाकिस्‍तान ने गुजरात तट के पास एक सौ से अधिक भारतीय मछुआरों को पकड़ा। 
  • भारत ने 2017 के विशेष ओलंपिक वर्ल्‍ड विंटर गेम्‍स में 37 स्‍वर्ण पदकों सहित 73 पदक जीते।  
  • हिमाचल प्रदेश में धर्मशाला में ऑस्‍ट्रेलिया के साथ चौथे और अंतिम क्रिकेट टेस्‍ट मैच के दूसरे दिन का खेल खत्‍म होने तक भारत के पहली पारी में छह विकेट पर 248 रन। भारत ऑस्‍ट्रेलिया की पहली पारी के आधार पर अभी 52 रन पीछे।
---------------------------
प्रधानमंत्री ने देशवासियों से आग्रह किया है कि वे नये भारत के सपने को साकार करने के लिए देश में हो रहे बदलाव में भागीदार बनें। आकाशवाणी पर आज मन की बात कार्यक्रम में श्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सवा सौ करोड़ देशवासियों की बदलाव की आकांक्षा ही नये भारत की नींव बनेगी।
न्‍यू इंडिया न तो कोई सरकारी कार्यक्रम है, न ही किसी राजनैतिक दल का मेनीफेस्‍टो है और न ही ये कोई प्रोजेक्‍ट है। न्‍यू इंडिया सवा सौ करोड़ देशवासियों का आह्वान है। यही भाव है कि सवा सौ करोड़ देशवासी मिलकर के कैसा भव्‍य भारत बनाना चाहते हैं। सवा सौ करोड़ देशवासियों के मन के अंदर एक आशा है, एक उमंग है, एक संकल्‍प है, एक चाह है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि नोटबंदी के बाद भीम एप को दो ढाई महीने में ही डेढ़ करोड़ लोगों ने डाउन लोड किया है। कालाधन और भ्रष्‍टाचार के खिलाफ लड़ाई के अपने संकल्‍प को दोहराते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि देशवासियों के डिजिटल भुगतान कर इस लड़ाई में हिस्‍सा लेना चाहिए।
मेरे प्‍यारे देशवासियों, काले धन, भ्रष्‍टाचार के खिलाफ लड़ाई को हमने आगे बढ़ाना है। सवा-सौ करोड़ देशवासी इस एक वर्ष में ढाई हजार करोड़ डिजिटल लेन-देन का काम करने का संकल्‍प कर सकते हैं क्‍या? हमने बजट में घोषणा की है सवा-सौ करोड़ देशवासियों के लिए ये काम अगर वो चाहें, तो एक साल का इंतजार करने की जरूरत नहीं है छह महीने में कर सकते हैं।
देहरादून की एक छात्रा गायत्री के संदेश का हवाला देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि स्‍वच्‍छता के प्रति लोगों में जागरूकता आई। उन्‍होंने कहा कि गायत्री ने अपने घर के पास बहने वाली नदी में प्रदूषण को लेकर चिंता जताई है और इस दिशा में उपाय का आग्रह किया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि स्‍वच्‍छता आंदोलन शुरू करने के बाद लोगों के मन में गंदगी के प्रति नफरत बढ़ी है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सात अप्रैल को विश्‍व स्‍वास्‍थ्‍य दिवस मनाया जायेगा। संयुक्‍त राष्‍ट्र में इस बार के स्‍वास्‍थ्‍य दिवस का विषय ‘’अवसाद’’  तय किया है। श्री मोदी ने कहा कि योग भी अवसाद से छुटकारा पाने का एक सशक्‍त माध्‍यम हो सकता है।
कामकाजी महिलाओं के कल्‍याण के मद्देजनर केन्‍द्र के बड़े फैसले का उल्‍लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि मातृत्‍व अवकाश की अवधि 12 सप्‍ताह से बढ़ाकर 26 सप्‍ताह कर दी गई है। इससे मां शिशिु की और अच्‍छी देखभाल कर सकेगी।
इसका मूल उद्देश्‍य उस नवजात शिशु की देखभाल, मां का उसको भरपूर प्‍यार मिले, तो हमारे ये बालक बड़े हो करके देश की अमानत बनेंगे। माताओं का स्‍वास्‍थ्‍य भी अच्‍छा रहेगा और इसलिए ये बहुत बड़ा महत्‍वपूर्ण निर्णय है और इसके कारण फॉमर्ल सेक्‍टर में काम करने वाली करीब 18लाख महिलाओं को इसका फायदा मिलेगा।
श्री मोदी ने बंगलादेश के स्‍वतंत्रता दिवस के अवसर पर वहां की जनता को बधाई देते हुए कहा कि भारत उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है।
शहीदे आजम भगत सिंह, राजगुरू और सुखदेव की शहादत का स्‍मरण करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह तीनों वीर आज भी हम सब की प्रेरणा हैं। प्रधानमंत्री ने देशवासियों को आगामी नव संवत्‍सर की बधाई दी है।
---------------------------
प्रधानमंत्री ने एक अन्‍य समारोह में कहा है कि भारत ने वर्ष 2030 तक 40 प्रतिशत ऊर्जा गैर जीवाश्‍व ईंधन से उत्‍पादित करने का लक्ष्‍य तय किया है। श्री नरेंद्र मोदी ने माउंट आबू में ब्रह्मकुमारी परिवार की 80वीं वर्षगांठ के समारोह को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए संबोधित करते हुए कहा कि भारत ने स्‍वच्‍छ ऊर्जा के अन्‍य स्रोतों के लिए भी बड़ा लक्ष्‍य निर्धारित किया है।
2022 भारत की आजादी के 75 साल हो रहे हैं। हम सोलार के क्षेत्र में क्‍या इनेसिएटिव ले सकते हैं, रिन्‍युवल एनर्जी में क्‍या इनेसिएटिव ले सकते। 175 गीगावॉट रिन्‍यूवल एनर्जी का बहुत बड़ा लक्ष्‍य है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि ब्रह्मकुमारी परिवार ने जिस तरीके से सौर ऊर्जा के क्षेत्र में सक्रियता से हिस्‍सा लिया है, वह सराहनीय है। उन्‍होंने कहा कि एल ई डी बल्‍ब के इस्‍तेमाल से तकरीबन 11 हजार करोड़ रूपये बचाए गये हैं। 
---------------------------
उगादी के अवसर पर नई दिल्‍ली में आयोजित एक समारोह में प्रधानमंत्री ने कहा है कि आतंकवाद ने मानवता के समक्ष बड़ी चुनौती रखी है और पूरा विश्‍व इसकी गिरफ्त में है। उन्‍होंने कहा कि इस त्रासदी से निपटने के लिए  लोगों को प्राचीन ग्रंथों से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्‍होंने जटायु प्रकरण का उदाहरण देते हुए कहा कि जटायु पहला ऐसा उदाहरण है, जो आतंकवाद के खिलाफ लड़ा। श्री मोदी ने कहा कि जटायु का संघर्ष हमें आतंकवाद से निपटने की प्रेरणा और मानवता के लिए जीने का संदेश देता है।
---------------------------
सूचना और प्रसारण मंत्री के आवास पर आयोजित इस समारोह में प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि भारत की विविधता ही उसकी असली ताकत और पहचान है।
इस अवसर पर श्री नायडू ने कहा कि उगादी भारतीय कलैंडर के अनुसार नए वर्ष का आगमन है, जिसे देश के विभिन्‍न हिस्‍सों में मार्च के महीने में अलग-अलग दिन मनाया जाता है।
---------------------------
गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने आज असम के मुख्‍यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल और अन्‍य वरिष्‍ठ अधिकारियों के साथ बैठक में राज्‍य से जुड़े विभिन्‍न मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में असम की 6 जनजातियों को अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने, पृथक बोडोलैंड, असम समझौते को लागू करने और असम में भारत-बंगलादेश सीमा पर तारबंदी के मुद्दे पर प्रमुखता से चर्चा की गई।
श्री राजनाथ सिंह ने भरोसा दिलाया कि जनजाति दर्जे की  मांग पर केन्‍द्र उनके साथ त्रिस्‍तरीय राजनीतिक वार्ता के लिए तैयार है। वार्ता की तिथि जल्‍द ही सूचित की जाएगी।
---------------------------
देश में सभी मौजूदा मोबाइल ग्राहकों का जल्‍दी ही दोबारा आधार सत्‍यापन किया जायेगा। दूरसंचार विभाग की अधिसूचना के अनुसार, सभी दूरसंचार ऑपरेटरों को अपने प्री-पेड और पोस्‍ट पेड मोबाइल ग्राहकों के डेटाबेस में उनकी आधार संख्‍या को जोड़ना होगा। सरकार ने दूरसंचार ऑपरेटरों से इसकी प्रक्रिया शुरू करने को कहा है। मोबाइल ऑपरेटरों के संघ ने कहा है कि उसके सदस्‍यों की अगले सप्‍ताह होने वाली बैठक में यह तय किया जायेगा कि एक अरब से ज्‍यादा मोबाइल फोन धारकों का सत्‍यापन किस प्रकार किया जाये।
---------------------------
जम्‍मू कश्‍मीर के पुलवामा जिले में आज सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए। मुठभेड़ की यह घटना उस समय हुई जब जिले के पडगांमपुरा में सेना की एक चौकी के पास आतंकवादियों के वाहन पर सेना और पुलिस की ओर से संयुक्‍त कार्रवाई की गयी। इस कार्रवाई में एक आतंकवादी बचकर भाग निकला। पुलवामा जिला राज्‍य की अनंतनाग लोकसभा सीट के क्षेत्र में आता है, जहां 12 अप्रैल को उपचुनाव होने वाला है।
---------------------------
पाकिस्‍तान ने कल गुजरात तट से एक सौ से अधिक मछुआरों और लगभग 18 नौकाओं को पकड़ लिया है। राष्‍ट्रीय मछुआरा फोरम के एक पदाधिकारी ने बताया कि यह सूचना बचकर आए मछुआरों से मिली है। पदा‍धिकारी के अनुसार पकड़े गये मछुआरों के मोबाइल फोन के जरिए पाकिस्‍तानी एजेंसियों से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है।
---------------------------
ऑस्ट्रिया में हाल ही में समपन्न हुए विशेष ओलंपिक्स वर्ल्ड विंटर गेम्स में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 37 स्‍वर्ण सहित 73 पदक जीते। भारत ने पुरूषों की फ्लोर हॉकी तथा फ्लोर बॉल में दबदबा बनाते हुए तीस पदक जीते। भारत ने अल्पाइन स्कीइंग तीन स्वर्ण, तीन रजत और चार कांस्य पदकों सहित दस पदक जीते। स्नो बोर्डिंग में आठ, जबकि स्नो शूइंग में पांच पदक हासिल हुए। महिला वर्ग में भारत ने 16 कांस्य पदक भी जीते। इन खेलों में हिमाचल प्रदेश की मेघा स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनी।
---------------------------
हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में ऑस्ट्रेलिया के साथ चौथे और अंतिम क्रिकेट टेस्ट मैच के दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक भारत ने पहली पारी में छह विकेट पर 248 रन बना लिए थे। विकेट कीपर रिद्धीमान साहा 10 और रविन्द्र जडेजा 16 रन बनाकर क्रीज़ पर थे। पहली पारी के आधार पर भारत अभी भी 52 रन पीछे है।
---------------------------
आकाशवाणी के समाचार सेवा प्रभाग से कल प्रसारित होने वाले साप्ताहिक कार्यक्रम पब्लिक स्पीक का विषय है : शिक्षा व्‍यवस्‍था और सीबीएसई द्वारा किए गये सुधार।
यह कार्यक्रम एफ एम गोल्ड चैनल और अतिरिक्त मीटरों पर रात  साढ़े नौ बजे से प्रसारित किया जायेगा।
---------------------------

No comments:

Post a Comment