Loading

04 February 2011

सिरसा
          जिला में कन्या भ्रूण हत्या जैसी बुराई को खत्म करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला की अतिरिक्त उपायुक्त श्रीमती पंकज चौधरी ने जिला के गांव मम्मड़ खेड़ा में महिलाओं को कन्या बचाओं के लिए प्रेरित करने के बाद 13 महिलाओं जिनके अभी लड़कियां पैदा हुई है से कुआं पूजन करवाया। इन सभी 13 महिलाओं ने बड़ी खुशी और चाव से पुत्री जन्म के बाद कुआं पूजन कर खुशी की नई परम्परा की शुरुआत की। सिरसा जिला में चलाए जा रहे कन्या भ्रूण हत्या रोकने के इस अभियान से लगने लगा है कि अब ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं ने लड़का और लड़कियों में भेद समझने की अपनी मानसिकता को बदल लिया है। लड़कियों के जन्म पर कुआं पूजन करने वाली इन महिलाओं में कई महिलाओं ने तो केवल उनके यहां लड़कियां होने पर ही परिवार नियोजन अपनाकर नसबंदी तक करवा ली है जिनमें सुमन रानी पत्नी बंसीलाल ने दो लड़कियों के पैदा होने पर परिवार नियोजन को अपना लिया है। उन्होंने अपनी दूसरी बेटी का नाम लक्ष्मी रखा है जिसके पैदा होने पर उन्होंने कुआं पूजन की शुभ रस्म अदा की।
    अतिरिक्त उपायुक्त ने मम्मड़ गांव की महिला शकुंतला देवी, पूजा, मंजू बाला पत्नी प्रेम कुमार, धानू रानी, शकुंतला, चन्नी देवी, मनजीत, सुमन, कौशल्या रानी, गोमती, मंजू बाला पत्नी राजाराम को कुआं पूजन की रस्म अदा करवाई। इसके साथ-साथ इन सभी महिलाओं ने कन्या भ्रूण हत्या न करवाने का संकल्प भी लिया।
    अतिरिक्त उपायुक्त श्रीमती पंकज चौधरी ने कहा कि गांव में प्राय लड़कों के जन्म पर कुआं पूजन किया जाता था लेकिन कन्या भ्रूण हत्या रोकने के प्रति जागरुक करने के लिए लड़की के जन्म पर कुआं पूजन की परम्परा को शुरु किया गया। उन्होंने कहा कि आज के समय में कन्या भ्रूण हत्या को सबसे बड़ा अपराध कहा गया है लेकिन अज्ञानता के कारण आज लोग इस कुकृत्य को अंजाम दे रहे है जो किसी भी दृष्टि में सही नहीं है।
    श्रीमती चौधरी ने कहा कि जन्म लेने के बाद लड़की को अच्छे संस्कार दिए जाए और उचित पालन पोषण किया जाए तो लड़कियां लड़कों से कही आगे जा सकती है। उन्होंने उपस्थित गांव की सभी महिलाओं को सौगंध दिलवाई कि वे ना तो भ्रूण हत्या करेंगी और न ही होने देंगी। इस अवसर पर गांव के सरपंच बलराम झोरड़, रामस्वरुप झोरड़, रानियां खंड के बीडीपीओ जितेंद्र अहलावत, खंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती सरोज, बाल विकास परियोजना अधिकारी कविता, टी.एस.सी के समन्वयक जगदीश दहिया, स्कूल के अध्यापक बेगराज सहित गांव के अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
    इस समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया और प्रस्तुत करने वाले बच्चों को अतिरिक्त उपायुक्त श्रीमती पंकज चौधरी ने 5100 रुपए की राशि दी और कुआं पूजन करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र भी दिया।

No comments:

Post a Comment